बचे हुए खाने से झटपट बनाएं ये 5 सबसे टेस्टी और बजट-फ्रेंडली इंडियन स्नैक्स; बार-बार मांगकर खाएंगे लोग

हमारे यहां घरों में अक्सर रात को खाना बच जाता है। उसे या तो फेंकना पड़ता है या जानवरों को खिलाना पड़ता है। हमें लगता है कि अब इस खाने को कौन ही खाएगा, और बेमन से उसे फेंक देते हैं, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। हमारी भारतीय रसोई की सबसे बड़ी खूबी यही है कि यहां कुछ भी बेकार नहीं जाता है। बस थोड़ी सी समझदारी और एक छोटा सा बदलाव और कल का बचा हुआ खाना आज का सबसे मजेदार, कुरकुरा और चटपटा स्नैक बन जाता है।
बचे हुए खाने से बनने वाले ये स्नैक्स न सिर्फ आपके पैसे बचाते हैं, बल्कि इनका स्वाद इतना शानदार होता है कि लोग इन्हें बार-बार मांग कर खाते हैं। आपको लगेगा ही नहीं कि ये चीजें बचे हुए खाने से बनाई गई हैं। हम आपको अपने इस लेख में ऐसे ही 5 स्नैक्स के बारे में बताने जा रहे हैं। इन्हें आप घर में बचे हुए खाने से आराम से बना सकती हैं। आइए जानते हैं-
देसी चटनी के साथ रोटी नाचोज
अक्सर बची हुई रोटी थोड़ी देर में सूख जाती है, पर यही सूखापन उसे नाचोज (Nachos) बनाने के लिए परफेक्ट बनाता है। इसे बनाने के लिए आप रोटियों को triangle शेप में काट लें। हल्का सा तेल लगाएं और तवे पर या एयर-फ्रायर में क्रिस्पी होने तक सेक लें। इन कुरकुरे बेस पर आप ट्रेडिशनल चीज सॉस की जगह घर की चीजें डाल सकती हैं। जैसे कटा हुआ प्याज, टमाटर, हरी चटनी, बची हुई दाल को गाढ़ा करके डिप बना लें। पनीर और चाट मसाला भी स्प्रेड कर सकती हैं। ये शाम की चाय के साथ एक नया और जबरदस्त स्नैक बन जाता है।
इसे भी पढ़ें: बिहार की शान हैं ये 5 तरह की कढ़ी, खाने का मजा कर देती हैं दोगुना; एक बार चखेंगी तो भूल नहीं पाएंगी स्वाद
बचे हुए पोहे का वड़ा
अगर नाश्ते के पोहे बच गए हैं, तो उन्हें मैश करें। इसके बाद थोड़ा बेसन, अदरक और हरी मिर्च मिलाकर छोटे वड़े बना लें। अब इन वड़ों को गरम तेल में फ्राई कर लें। ये अंदर से नरम, बाहर से क्रिस्पी होते हैं। ये स्नैक चाय के साथ बहुत अच्छा लगता है। खास बात ताे ये है कि ये बच्चों को भी खूब पसंद आता है।
सब्जी-रोटी रोल
अगर सूखी सब्जी बच गई है, तो हम आपको उसके लिए भी जबरदस्त रेसिपी बताने जा रहे हैं। आप बची हुई सब्जी को गरम करें। अब इसके बाद बची हुई रोटी पर हरी चटनी लगाएं, बीच में सब्जी रखें, थोड़ा प्याज और नींबू का रस डालकर रोल कर लें। बच्चों के टिफिन के लिए या हल्की भूख के लिए ये बेस्ट ऑप्शन है।
दही-चावल टिक्की
अगर दही-चावल या सादे चावल बच गए हैं, तो उसमें थोड़ा चावल का आटा या बेसन, उबला आलू, नमक और काली मिर्च मिलाकर आप टिक्की भी बना सकती हैं। छोटी-छोटी टिक्कियां बनाकर तवे पर कम तेल में सेक लें। ये एक हेल्दी और पेट भरने वाला स्नैक है।
बचे हुए चावल के पकौड़े
चाहे जितना नाप कर बना लो, चावल हमेशा बच ही जाते हैं। उसे दोबारा गरम करके चिपचिपा बनाने के बजाय आप उससे कुरकुरे पकौड़े बना सकती हैं। बचे हुए चावल में बेसन, अजवाइन, हल्दी, बारीक कटा प्याज और धनिया मिलाएं। छोटे-छोटे हिस्से गरम तेल में डालकर करारे होने तक तलें। ये पकौड़े बाहर से क्रिस्पी और अंदर से हल्के नरम होते हैं, और इतने टेस्टी होते हैं कि कोई यकीन नहीं करेगा कि ये बचे हुए चावल से बने हैं।
इसे भी पढ़ें: गलती से ओवर फ्राई हुए फूड को फेंकने की जरूरत नहीं, बस ये आसान ट्रिक अपनाइए और इसे फिर से परफेक्ट बनाइए
तो अब बचे हुए खाने को फेंकने के बजाय, उससे ये स्नैक्स बना सकती हैं। इसकी सबसे बड़ी खासियत ये है कि ये बच्चों को भी खूब पसंद आएगी।
साथ ही अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Freepik/Ai Generated
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।