भारतीय संस्कृति में अशोक के पेड़ का विशेष महत्व है, धार्मिक रूप से जहां अशोक के पेड़ को बेहद शुभ माना गया है, वहीं आयुर्वेद में अशोक को औषधि की उपाधि दी गई है। असल में अशोक की पत्तियां, फूल और छाल सभी में स्वास्थ्यवर्धक गुण पाए जाते हैं, जो कई सारी बीमारियों के उपचार में प्रयोग किए जाते हैं। खासकर स्त्री रोगों के लिए अशोक के पेड़ की छाल तो रामबाण मानी जाती है।
इस आर्टिकल में हम आपको इसी बारे में बताने जा रहे हैं कि अशोक के पेड़ की छाल, फूल और पत्तियां किस तरह की स्वास्थ्य समस्याओं में लाभकारी साबित होते हैं। दरअसल, हमने अशोक के पेड़ की उपयोगिता को जानने और समझने के लिए हमने आयुर्वेदाचार्य संदीप उपाध्याय से बातचीत की और उनसे मिली जानकारी यहां आपके साथ शेयर कर रहे हैं। तो चलिए अशोक के पेड़ के सेहत लाभ के बारे में जरा विस्तार से जानते हैं।
आयुर्वेदाचार्य संदीप उपाध्याय बताते हैं कि आयुर्वेद में अशोक के पेड़ को हेमपुष्प और ताम्र पल्लव के नाम से जानते हैं। असल में अशोक के पत्ते लंबे और सुंदर होते हैं, जिन्हें ताम्रपत्र कहा जाता है, वहीं सुन्दर और सुगंधित फूलों के चलते इसे हेमपुष्प के नाम से भी जाना जाता है। बात करें औषधीय गुणों की तो अशोक के पेड़ की छाल में टैनिन, केटो स्टेरॉयड, सैपोनिन, कैल्शियम और आयरन जैसे तत्व पाए जाते हैं। इन्हीं तत्वों के चलते यह विभिन्न रोगों में लाभकारी सिद्ध होता है।
यह भी पढ़ें- पीरियड दर्द से लेकर मुहांसों में राहत दिलाएगा कनेर का फूल, आयुर्वेद से जानें इसकी उपयोग विधि और लाभ
पीरियड संबंधी समस्याओं में लाभकारी
अशोक की छाल और फूल का प्रयोग विशेषतौर पर पीरियड संबंधी समस्याओं को दूर करने में किया जाता है। आयुर्वेदाचार्य संदीप उपाध्याय के अनुसार, इसकी छाल का काढ़ा एंडोमेट्रियम और गर्भाशय के लिए लाभकारी होता है इसके सेवन से पीरियड्स में होने वाले तेज दर्द और अत्यधिक रक्तस्त्राव से राहत मिलती है। साथ ही इसके सेवन से अनियमित पीरियड्स की समस्या का भी काफी हद तक उपचार होता है।
गर्भाशय को स्वस्थ बनाए रखने में मददगार
अशोक के पेड़ की छाल का काढ़े के रूप में सेवन, गर्भाशय की सेहत के लिए टॉनिक का काम करता है। इससे गर्भाशय में सूजन और दूसरे विकार दूर होते हैं और गर्भाशय को मजबूती मिलती है। ऐसे में पेल्विक दर्द जैसी समस्याए आसानी दूर हो जाती हैं। इसीलिए इसके छाल से बनी टॉनिक अशोकारिष्ट के रूप में बाजार में काफी प्रचलित भी है।
ल्यूकोरिया में राहत दिलाने में सहायक
अशोक की छाल ल्यूकोरिया जैसी समस्या के उपचार में भी प्रयोग में लाई जाती है। इसके लिए अशोक की छाल को पीसकर उससे तैयार चूर्ण का इस्तेमाल किया जाता है। आयुर्वेदाचार्य संदीप उपाध्याय बताते हैं कि ल्यूकोरिया की समस्या में अशोक की छाल का 1 चम्मच चूर्ण गाय के दूध के साथ सेवन करने से इस समस्या से काफी हद तक राहत मिलती है।
मांसपेशियों और जोड़ों के दर्द में राहत
महिलाओं में मांसपेशियों और जोड़ों के दर्द की समस्या आम होती है, जिससे निजात दिलाने में भी अशोक के पेड़ की छाल काफी असरदार साबित होती है। दरअसल, अशोक की छाल में फ्लेवोनॉयड्स और एनाल्जेसिक गुण होते हैं जो दर्द रोधी होते हैं। ऐसे में अशोक की छाल के सेवन से मांसपेशियों और जोड़ों के दर्द में भी निजात मिलती है।
मोटापे और शुगर की समस्या से राहत
वहीं जो महिलाएं मोटापे और शुगर की समस्या से ग्रस्त हैं उनके लिए अशोक की पत्तियां लाभकारी सिद्ध हो सकती हैं। असल में अशोक की पत्तियों में हाइपोग्लाइसेमिक गुण पाए जाते हैं, ऐसे में इन पत्तियों के सेवन से खून में शुगर का स्तर नियंत्रित करने में मदद मिलती है। साथ ही इन पत्तियों के सेवन से वजन नियंत्रित करने में भी सहायता मिलती है।
त्वचा को स्वस्थ बनाए रखने में मददगार
अशोक के पेड़ की पत्तियों और छाल में एंटी माइक्रोबियल गुण पाए जाते हैं, ऐसे में इनका लेप मुंहासे और दूसरी समस्याओं को दूर स्किन को स्वस्थ रखने में मददगार साबित होता है। इस तरह से देखा जाए तो अशोक का पेड़ महिलाओं की सेहत और सुंदरता को बनाए रखने में लाभकारी सिद्ध है। इसलिए अगर आप भी इसका लाभ लेना चाहती हैं को इसका प्रयोग कर सकती हैं, लेकिन उससे पहले किसी आयुर्वेद विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें। आयुर्वेद विशेषज्ञ आपकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार ही आपको सेवन की परामर्श देंगे।
उम्मीद करते हैं कि सेहत से जुड़ी यह जानकारी आपके लिए उपयोगी साबित होगी और अगर यह जानकारी आपको अच्छी लगी हो तो इसे अपने दोस्तों और परिचितों के साथ शेयर करना न भूलें। साथ ही अपनी राय हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं।
यह भी पढ़ें- नेचुरल ब्लड प्यूरीफायर है सेमल का पौधा, आयुर्वेद से जानें इसके लाभ
आपकी राय हमारे लिए महत्वपूर्ण है! हमारे इस रीडर सर्वे को भरने के लिए थोड़ा समय जरूर निकालें। इससे हमें आपकी प्राथमिकताओं को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी। यहां क्लिक करें
Image Credit:Freepik
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों