herzindagi
Paneer protein content

अंडा या पनीर, जानें किससे मिलता है अधिक प्रोटीन

अंडा और पनीर दोनों ही प्रोटीन के अच्छे सोर्स माने गए हैं। लेकिन अगर आप इन दोनों की तुलना करते हैं तो आपको इनमें कुछ अंतर जानने को अवश्य मिलता है।  
Editorial
Updated:- 2024-08-10, 13:15 IST

शरीर की कार्यप्रणाली को सुचारू रूप से चलाने के लिए कई पोषक तत्वों की जरूरत होती है। इनमें प्रोटीन को काफी अहम् माना जाता है। यह शरीर के तीन महत्वपूर्ण मैक्रो न्यूट्रिएंट्स में से एक है। यह मसल्स रिपेयर से लेकर इम्यून सिस्टम पर पॉजिटिव असर डालते हैं। अक्सर लोग अपनी बॉडी को बिल्डअप करने के लिए या फिर हेल्दी तरीके से वेट लॉस करने और खुद को फिट रखने के लिए प्रोटीन इनटेक पर खासतौर से ध्यान देते हैं। इसके लिए वे कई तरह के प्रोटीन रिच फूड आइटम्स को अपनी डाइट का हिस्सा बनाते हैं।

हाई प्रोटीन फूड आइटम में अंडे और पनीर को जरूर शामिल किया जाता है। इनमें प्रोटीन के अलावा कई तरह के अन्य विटामिन व मिनरल्स भी पाए जाते हैं। हालांकि, अधिकतर लोग इस बात को लेकर कन्फ्यूज रहते हैं कि उन्हें अंडे व पनीर में से किसका सेवन करना चाहिए, ताकि उन्हें अधिक प्रोटीन मिल सके। अगर आपके मन में भी यही कशमकश है तो चलिए आज इस लेख में हम आपको इसका उत्तर देने की कोशिश कर रहे हैं-

अंडे में कितना प्रोटीन होता है

Egg vs Paneer Protein

अंडे को संपूर्ण प्रोटीन स्रोत माना जाता है, जिसका अर्थ है कि उनमें सभी नौ आवश्यक अमीनो एसिड होते हैं जिन्हें शरीर अपने आप नहीं बना सकता। बता दें कि एक बड़े अंडे में लगभग 6 ग्राम प्रोटीन होता है। इतना ही नहीं, अंडे का बॉयोलॉजिकल वैल्यू भी हाई होता है, जिसका अर्थ है कि शरीर प्रोटीन को अधिक बेहतर तरीके से यूटिलाइज कर सकता है। प्रोटीन के अलावा अंडे में विटामिन ए, डी, ई, बी12 और आयरन और जिंक जैसे मिनरल्स भी पाए जाते हैं। हालांकि, अंडे में अपेक्षाकृत कोलेस्ट्रॉल हाई पाया जाता है, जो कुछ लोगों के लिए परेशानी की वजह बन सकता है।

इसे भी पढ़ें : हर 40+ महिला को अंडे जरूर खाने चाहिए, मिलेंगे ये 3 फायदे

पनीर में कितना प्रोटीन होता है

Paneer Protein

अंडे की तरह ही पनीर भी एक संपूर्ण प्रोटीन है, जिसमें सभी आवश्यक अमीनो एसिड होते हैं। 100 ग्राम पनीर में लगभग 18 ग्राम प्रोटीन होता है, जो अंडे की तुलना में काफी अधिक है। इतना ही नहीं, पनीर कैल्शियम का एक बेहतरीन स्रोत है, जो हड्डियों के लिए महत्वपूर्ण है। अंडे की तुलना में पनीर में कोलेस्ट्रॉल कम होता है, लेकिन अंडे की तुलना में पनीर को पचाना कठिन हो सकता है, खासकर लैक्टोज इनटॉलरेंस व्यक्ति को पनीर से परेशानी हो सकती है। इतना ही नहीं, पनीर में सैचुरेटिड फैट पाया जाता है, जो हार्ट पेशेंट को नुकसान पहुंचा सकता है।  

इसे भी पढ़ें : क्या सच में अंडे की जर्दी सेहत के लिए होती है नुकसानदेह

किसका करें सेवन

अब सवाल यह उठता है कि अंडे और पनीर में से किसका सेवन किया जाए। यह पूरी से आपकी फूड च्वॉइस और हेल्थ गोल्स पर निर्भर करता है। अंडे का बायोलॉजिकल वैल्यू अधिक होती है, जिसका अर्थ है कि उनका प्रोटीन शरीर द्वारा अधिक आसानी से उपयोग किया जाता है। वहीं, अंडे की तुलना में पनीर में प्रति 100 ग्राम प्रोटीन की मात्रा अधिक होती है। यदि आप कम कोलेस्ट्रॉल के साथ हाई प्रोटीन कंटेंट लेना चाहते हैं, तो पनीर बेहतर विकल्प हो सकता है। वहीं, अगर आप प्रोटीन को शरीर द्वारा बेहतरीन तरीके से यूटिलाइज करना चाहते हैं या फिर आप लैक्टोज इनटॉलरेंस हैं तो आप अंडे के सेवन को प्राथमिकता दें।

इस आर्टिकल के बारे में अपनी राय भी आप हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं। साथ ही, अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।  

 

Image Credit- freepik

 

यह विडियो भी देखें

Herzindagi video

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।