करी से लेकर खीर तक, मखाने से झटपट तैयार करें ये 3 रेसिपीज

मखाने के फायदे तो आप सभी जानते होंगे, लेकिन क्या आपको पता है कि मखाने से आप डिफरेंट रेसिपीज तैयार कर सकती हैं, नहीं तो आइए जानें- 
Updated:- 2022-04-06, 17:05 IST
makhana recipes in hindi

कमल के बीज को मखाना कहते हैं। इसे फॉक्स नट, फूल-मखाना, लोटस सीड और गोर्गन नट के नाम से भी जाना जाता है। ड्राई फ्रूट्स में शामिल मखाना भारत ही नहीं पूरे विश्व भर में मशहूर है। ये स्वाद के साथ सेहत के लिए भी लाभकारी है। इसमें मौजूद पोषक तत्व शरीर के लिए काफी फायदेमंद हैं। मखाने को ऐसे ही नॉर्मल घी और नमक में फ्राई करके खा सकते हैं, लेकिन आज हम इससे बनने वाली कुछ टेस्टी और हेल्दी डिशेज के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें घर पर बनाना बेहद आसान है।

आज हम मखाना से करी, खीर और हलवा बनाने की विधि के बारे में बताएंगे तो आइए जानें मखाना से इन डिशेज को तैयार करने के तरीकों के बारे में-

काजू-मखाना करी-

makhana curry

मखाना करी रिच ग्रेवी के साथ बनी हुई बहुत ही स्वादिष्ट सब्जी है, जिसे आप लंच या डिनर में बना सकती हैं। काजू मखाने से तैयार करी को आप घर की पार्टी में भी बना सकती हैं या जब भी आपका कुछ टेस्टी खाने का मन करे, तो इसे बनाकर खा सकती हैं। इसे बनाना बेहद आसान है साथ ही यह सब्जी हेल्थ के लिए भी काफी अच्छी मानी जाती है। आइए जानें इसे कैसे बनाते हैं-

सामग्री-

  • मखाना - 1 कप
  • काजू - 150 ग्राम
  • तेल- 2 बड़ी चम्मच
  • टमाटर - 4 (कटा हुआ)
  • हरी मिर्च - 2 (कटी हुई)
  • हरा धनिया- गार्निश के लिए
  • अदरक-लहसुन पेस्ट - 1 छोटी चम्मच
  • हींग - 1 पिंच
  • जीरा - आधी छोटी चम्मच
  • गरम मसाला - 1/4 छोटी चम्मच
  • हल्दी पाउडर - 1/4 छोटी चम्मच
  • लाल मिर्च पाउडर - 1/4 छोटी चम्मच
  • धनिया पाउडर - 1 छोटी चम्मच
  • नमक स्वादानुसार

ऐसे बनाएं मखाने की करी

  • सबसे पहले ग्रेवी के लिए टमाटर, हरी मिर्च और थोड़े काजू को मिक्सर में डालकर पीस लें।
  • अब एक पैन में तेल गर्म करें और उसमें जीरा व हींग का तड़का लगाएं।
  • फिर इसमें अदरक-लहसुन पेस्ट, हल्दी पाउडर, कसूरी मेथी, लाल मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर मिलाएं।
  • अब इसमें टमाटर-काजू का पेस्ट डालें और अच्छी तरह मिलाएं। इसे मीडियम आंच पर तेल छोड़ने तक पकाएं।
  • अब एक दूसरे पैन में तेल गर्म करें और उसमें काजू और मखाने को डालकर हल्का रोस्ट कर लें।
  • अब तक करी के लिए मसाले भी तैयार हो गए होंगे। अब इसमें 1 कप पानी, स्वादानुसार नमक, गरम मसाला और हरा धनिया डालें।
  • जब उबाल आने लगे तो इसमें फिर भूने हुए काजू व मखाना मिला दें और ढककर इसे 3-4 मिनट तक पकाएं।
  • मखाना काजू करी तैयार है। इसे आप चपाती, पराठे या चावल किसी के साथ भी गर्मागर्म सर्व कर सकती हैं।

इसे भी पढ़ें-मखाने को स्नैक्स की तरह खाने के ये 5 फायदे क्या जानते हैं आप?

मखाना खीर-

makhana kheer

भारतीय घरों के डेजर्ट में खीर खूब पसंद की जाती है, जब भी किसी घर में कोई खुशी का मौका हो या फिर कोई मेहमान आ जाएं तो झटपट खीर बना ली जाती है। आज हम आपको चावल की खीर नहीं मखाना खीर की रेसिपी बताने जा रहे हैं। इस खीर को आप व्रत में भी खा सकती हैं। मखाने में मौजूद पोषक तत्व आपके शरीर को व्रत के समय एनर्जी देंगे।

सामग्री-

  • मखाना- 2 कप
  • काजू- 1/2 कप
  • घी- 2 टी स्पून
  • इलाइची पाउडर- 1/2 टी स्पून
  • दूध- 3 कप
  • स्वादानुसार चीनी
  • ड्राई फ्रूट्स (टुकड़ों में कटा हुआ)
  • सेंधा नमक जरूरत अनुसार

बनाने का तरीका-

  • सबसे पहले एक पैन में घी डालकर मखाने व काजू को रोस्ट करें।
  • इसके बाद इन काजू व मखानों को एक प्लेट में निकालकर रखें और हल्का सा सेंधा नमक छिड़कें।
  • ठंडा होने पर 3/4 मखाने और काजू को ग्राइंडर में पीसकर पाउडर बना लें।
  • फिर से पैन में थोड़ा घी गर्म करें और कटे हुए ड्राई फ्रूट्स को हल्का रोस्ट कर लें।
  • अब एक गहरे पैन में दूध गर्म करें और उसमें पिसे हुए मखाने व काजू का पाउडर मिलाएं।
  • इस मिश्रण को उबाल आने तक पकाएं। फिर इसमें इलायची पाउडर मिलाएं।
  • अब इस मिश्रण में बाकी रखे रोस्ट किए हुए मखाने मिलाएं और गाढ़ा होने तक पकाएं।
  • ड्राई फ्रूट्स से गार्निश करें और आप जैसा चाहे इसे गर्म या ठंडा खा सकती हैं।

इसे भी पढ़ें-Chaitra Navratri 2020: नवरात्रि में खाती हैं मखाने तो इसके फायदे और नुकसान जरूर जान लें

मखाना हलवा-

makhana halwa

मखाना हलवा को भी आप डेजर्ट के लिए बना सकती हैं। टेस्टी व हेल्दी इस डिश को आप व्रत के समय भी खा सकती हैं। इसे बनाना बेहद आसान है। आइए जानें इसे बनाने की विधि के बारे में-

सामग्री-

  • मखाना- 2 कप
  • बादाम- ¼ कप
  • काजू- 15-20
  • किशमिश- ½ कप
  • घी- ½ कप
  • चीनी स्वादानुसार
  • दूध- 1 कप

बनाने की विधि-

  • किशमिश, बादाम और काजू को थोड़े पानी में भिगोकर रख दें और फिर इसे पीसकर पेस्ट बना लें।
  • अब एक पैन में थोड़ा घी गर्म करें और मखाने को रोस्ट करें और ठंडा होने पर इसे दरदरा पीस लें।
  • फिर से पैन में घी गर्म करें और ड्राई फ्रूट्स के पेस्ट को डालकर हल्का फ्राई करें।
  • अब इसमें दरदरा पिसे हुए मखाने को मिलाएं और कुछ देर तक फ्राई करने के बाद दूध मिलाएं।
  • इसे लगातार चलाते रहे ताकि कोई लंप्स न बनें। फिर इस मिश्रण में चीनी मिलाएं और ड्राई होने तक पका लें।
  • मखाना हलवा तैयार है। अब आप इसे गर्मागर्म सर्व करें।

इसे भी पढ़ें-अगर आप वेजिटेरियन हैं और आपको बिरयानी पसंद है तो ट्राई करें ये डिफरेंट रेसिपीज

अब आप भी मखाने से बताए गए इन डिफरेंट रेसिपीज को ट्राई कर सकती हैं। लेख अच्छा लगा हो तो इसे लाइक और शेयर करें। ऐसे ही अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।