आखिर चॉपिंग बोर्ड को कैसे रखें साफ? बैक्टीरिया दूर करने के लिए इस्तेमाल करें सैनिटाइजर

रसोई घर का सबसे जरूरी और साफ सुथरा हिस्सा होता है, जहां पर खाना पकाया जाता है। इस दौरान खाने में इस्तेमाल होने वाली चीजें भी साफ रखना बहुत जरूरी होता है जैसे कटिंग बोर्ड। ऐसा इसलिए क्योंकि इसमें हर तरह की सब्जियां,फल और मांस काटा जाता है।
अगर इसे नियमित रूप से साफ नहीं किया जाए, तो उसमें से बैक्टीरिया पनपने लगते हैं। इसलिए इसे साफ रखना जरूरी होता है, ताकि खाने में कोई भी बैक्टीरिया न मिलें। अगर इसे सही तरीके से साफ और सैनिटाइज नहीं किया गया, तो इसके जरिए कई बीमारियां फैल सकती हैं। इस लेख में हम आपको बताएंगे कि कैसे आप अपने कटिंग बोर्ड को आसानी से सैनिटाइज कर सकते हैं।
कटिंग बोर्ड की सफाई क्यों जरूरी है?
कटिंग बोर्ड पर हम रोजाना कई तरह के खाने की चीजें काटते हैं।
- कच्चा मांस
- मछली
- फल और सब्जियां
इन सभी चीजों में अलग-अलग तरह के बैक्टीरिया हो सकते हैं। खासकर कच्चे मांस और मछली इसमें ऐसे हानिकारक जीवाणु होते हैं, जो बीमारियां फैलाने का कारण बन सकते हैं। अगर एक ही कटिंग बोर्ड का इस्तेमाल बिना साफ किए फल और सब्जियां काटने में किया जाए, तो ये जीवाणु आसानी से फैल सकते हैं। इसलिए काटिंग बोर्ड की सफाई और सैनिटाइजेशन बहुत जरूरी है।
इसे जरूर पढ़ें- सब्जियां काटते वक्त बार-बार फिसलता है चॉपिंग बोर्ड, तो आजमाएं ये हैक्स
कटिंग बोर्ड को साफ और सैनिटाइज करने के तरीके
कटिंग बोर्ड की नियमित सफाई
हर बार कटिंग बोर्ड का इस्तेमाल करने के बाद उसे अच्छी तरह से साफ करना चाहिए। आम तरह से नहीं बल्कि अलग तरह से करें। इसके लिए नीचे बताए गए स्टेप्स को फॉलो कर सकते हैं।
- जब भी आप कटिंग बोर्ड का इस्तेमाल करें, उसे तुरंत गर्म पानी और माइल्ड डिश सोप से धोएं। साबुन के इस्तेमाल से ग्रीस और तेल के धब्बे आसानी से हट जाते हैं।
- कटिंग बोर्ड पर खाना काटने के दौरान छोटे-छोटे छेद और खरोंचें बन जाती हैं, जिनमें जीवाणु छिप सकते हैं। इन छिद्रों में फंसे खाने के टुकड़ों को हटाने के लिए स्क्रब या ब्रश का इस्तेमाल करें।
- साबुन या सैनिटाइजलगाने के बाद बोर्ड को साफ पानी से धोएं ताकि साबुन की झाग पूरी तरह से निकल जाए।
सिरका और बेकिंग सोडा का इस्तेमाल
सिरका और बेकिंग सोडा घर में मिलने वाली प्राकृतिक चीजें हैं, जो कटिंग बोर्ड को सैनिटाइज करने के लिए बहुत उपयोगी होती हैं। आप इनका इस्तेमाल इस तरह से कर सकते हैं।
- सफेद सिरका कटिंग बोर्ड से बैक्टीरिया और कीटाणु को मारने में सक्षम होता है। इसके लिए एक स्प्रे बोतल में सिरका डालें और इसे कटिंग बोर्ड पर छिड़कें। इसे 5-10 मिनट के लिए छोड़ दें और फिर साफ कपड़े से पोंछ लें।
- बेकिंग सोडा का इस्तेमाल बोर्ड पर से बदबू और दाग हटाने के लिए किया जा सकता है। इसके लिए थोड़ा सा बेकिंग सोडा कटिंग बोर्ड पर छिड़कें और एक नम स्क्रबर से रगड़ें। फिर इसे अच्छी तरह से पानी से धो लें।
नींबू का इस्तेमाल
अगर कटिंग बोर्ड से मछली, मांस या अंडे की बदबू आ रही है, तो नींबू का इस्तेमाल एक बेहतरीन ऑप्शन है। नींबू में प्राकृतिक रूप से एंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं। आप नींबू के रस को कटिंग बोर्ड पर निचोड़ कर उसे रगड़ सकते हैं। इससे न केवल बोर्ड की सफाई होगी, बल्कि इससे बदबू भी दूर हो जाएगी।
हाइड्रोजन पेरोक्साइड
हाइड्रोजन पेरोक्साइड भी एक अच्छा ऑप्शन है, जिससे कटिंग बोर्ड पर मौजूद बैक्टीरिया नष्ट हो जाते हैं। एक चम्मच हाइड्रोजन पेरोक्साइड लें और उसे सीधे बोर्ड पर डालें। इसे कुछ मिनटों तक छोड़ दें और फिर साफ पानी से धो लें। इसे इस्तेमाल करने के बाद, बोर्ड को धूप में सुखा लें ताकि यह पूरी तरह से सूख जाए।
इसे जरूर पढ़ें- कटिंग बोर्ड को ना करें अनदेखा, इन 5 तरीकों से करें सफाई
नमक और नींबू का मिश्रण
अगर आपका कटिंग बोर्ड लकड़ी का है, तो आप नमक और नींबू का मिश्रण भी इस्तेमाल कर सकते हैं। यह लकड़ी की सतह को गहराई से साफ करता है और उसमें फंसे कीटाणुओं को मारता है।
- एक नींबू काटकर उसे कटिंग बोर्ड पर रगड़ें।
- फिर इस पर मोटे नमक को छिड़कें और हल्के हाथों से रगड़ें।
- कुछ देर इसे छोड़ दें और फिर गर्म पानी से धो लें।
ब्लीच का इस्तेमाल
अगर आपका कटिंग बोर्ड प्लास्टिक का है और उस पर गहरे दाग लग गए हैं, तो आप हल्का ब्लीच घोल का उपयोग कर सकते हैं। 1 चम्मच ब्लीच को 1 लीटर पानी में मिलाएं। फिर इस घोल में कटिंग बोर्ड को कुछ मिनटों के लिए भिगो दें। इसके बाद साफ पानी से अच्छी तरह से धो लें ताकि ब्लीच का अवशेष न रह जाए।
कटिंग बोर्ड को सुखाना
कटिंग बोर्ड को साफ करने के बाद ठीक से सुखाना भी उतना ही जरूरी है। अगर कटिंग बोर्ड को सही तरीके से सुखाया नहीं जाता, तो उसमें नमी बची रह सकती है, जो बैक्टीरिया के पनपने का कारण बन सकती है।
- कटिंग बोर्ड को धूप में सूखने दें।
- इसे खड़े रखकर सुखाएं, ताकि हवा हर हिस्से में पहुंच सके।
- लकड़ी के काटिंग बोर्ड को साफ करने के बाद उसे समय-समय पर नारियल या जैतून का तेल से पोलिश करें ताकि वह लंबे समय तक चले और नमी से बचा रहे।
कटिंग बोर्ड की सही तरीके से सफाई और सैनिटाइजेशन करना जरूरी है, ताकि आपका खाना सुरक्षित रहे। अगर आपको कोई और हैक पता है तो हमारे साथ साझा करें।
अगर हमारी स्टोरी से जुड़े आपके कुछ सवाल हैं, तो वो आप हमें आर्टिकल के नीचे दिए कमेंट बॉक्स में बताएं। हम आप तक सही जानकारी पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।