Sawan 2022: आज से शुरू हो रहा है सावन का महीना, सोमवार की तारीखों और महत्व के बारे में जानें

हिंदू पंचांग के सभी महीनों का अपना विशेष महत्व बताया गया है। सभी महीनों में विशेष पूजा अर्चना का विधान है और ऐसी मान्यता है कि विधि पूर्वक पूजन करने से विशेष कृपा दृष्टि प्राप्त होती है। ऐसे ही महीनों में से एक है सावन का महीना, हिंदुओं में इस महीने का विशेष महत्व बताया गया है।
यह महीना भगवान शिव की पूजा के लिए खास माना जाता है। इस दौरान शिवलिंग की विशेष रूप से पूजा अर्चना की जाती है। ऐसी मान्यता है कि सावन के महीने में भगवान शिव की विधिवत उपासना करने से शिव जी अपने भक्तों पर शीघ्र प्रसन्न होते हैं एवं उनकी सभी मनोकामनाएं पूरी करते हैं। कुंवारी लड़कियों के महीना बहुत ज्यादा मायने रखता है क्योंकि इस माह में शिव पार्वती का पूजन करने से अच्छे वर की प्राप्ति होती है। आइए ज्योतिषाचार्य एवं वास्तु विशेषज्ञ डॉ.आरती दहिया जी से जानें इस साल कब से शुरू हो रहा है सावन का महीना और इसका महत्व है।
साल 2022 में सावन कब से शुरू हो रहा है
हिंदू पंचाग के अनुसार इस साल सावन के महीने की शुरुआत 13 जुलाई आषाढ़ पूर्णिमा के अगले दिन से होगी। इसका मतलब ये हुआ कि इस साल सावन का महीना 14 जुलाई, गुरुवार से शुरू हो रहा है और इसका समापन 12 अगस्त श्रावण पूर्णिमा के साथ हो जायेगा।
सावन 2022 के सोमवार की तिथियां
इस साल 2022 में सावन के कुल 4 सोमवार पड़ेंगे। जिसमे सावन का पहला सोमवार 18 जुलाई को पड़ेगा। वहीं सावन के महीने का अंतिम सोमवार 8 अगस्त के दिन होगा।
इसे जरूर पढ़ें:Nirjala Ekadashi 2022: निर्जला एकादशी की तिथि, पूजा का शुभ मुहूर्त और महत्व जानें
सावन महीने की प्रमुख तिथियां
- 14 जुलाई, गुरुवार- सावन के महीने की शुरुआत
- 18 जुलाई, सोमवार- सावन का पहला सोमवार व्रत
- 25 जुलाई, सोमवार- सावन का दूसरा सोमवार व्रत
- 01 अगस्त, सोमवार- सावन का तीसरा सोमवार व्रत
- 08 अगस्त, सोमवार- सावन का चौथा सोमवार व्रत
- 12 अगस्त, शुक्रवार- सावन महीने का समापन
सावन सोमवार व्रत का महत्त्व
भगवान का महीना बहुत ही पावन महीना माना जाता है। वैसे तो इस पूरे महीने में शिव पूजन का विशेष महत्व है लेकिन जो लोग सावन सोमवार के दिन भगवान शिव एवं माता पार्वती की पूजा (शिव पूजन में भूलकर भी न करें ये गलतियां) करते हैं उन्हें शिव जी की कृपा दृष्टि प्राप्त होती है। शिव पूजन करने से आर्थिक कष्ट दूर हो जाते हैं। विवाहित स्त्रियां अपने वैवाहिक जीवन को सुखमय बनाने के लिए इस दौरान सोमवार का व्रत करती हैं। अविवाहित स्त्रियां अच्छे वर पाने के लिए भगवान शिव की पूजा आराधना करती हैं। इस महीने के लिए भक्तों को यह विश्वास होता है कि भगवान शिव उनकी सारी मनोकामनाएं पूरी करेंगे।
सावन से शुरू कर सकते हैं सोमवार के व्रत
आरती दहिया जी बताती हैं कि सावन के महीने से ही 16 सोमवार का व्रत करना शुभ माना जाता है। जो लोग सावन के महीने से इस व्रत का आरम्भ करते हैं उनकी सभी मनोकामनाओं को पूर्ति होती है।
इसे जरूर पढ़ें:Vrat Special: हर दिन के व्रत का होता है एक अनोखा फल, पंडित जी से जानिए
हिंदू धर्म में सावन के महीने का विशेष महत्व है और इस पूरे माह में श्रद्धा भाव से शिव पूजन करना फलदायी माना जाता है। अगर आपको यह आर्टिकल अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें। इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ जुड़ी रहें।
Image Credit: Freepik.com
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।