herzindagi
mahakal bhasma aarti significance

Mahakaal Bhasm Aarti: राख से होता है महाकाल का श्रृंगार, जानें क्या है भस्म आरती और कैसे होती है पूजा...ऐसे करा सकते हैं रजिस्ट्रेशन

उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में महाकाल की भस्म से आरती होती है। लेकिन क्या आप इस आरती का महत्व जानती हैं? आइए, यहां जानते हैं कि भस्म आरती क्या है और यहां जाने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कैसे कराया जा सकता है।
Editorial
Updated:- 2024-11-05, 15:16 IST

मध्य प्रदेश के उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर स्थित है। यहां होने वाली महाकाल की भस्म आरती दुनियाभर में प्रसिद्ध है। यह कोई आम आरती नहीं, बल्कि एक अनोखी पूजा विधि है जिसमें भगवान शिव का राख से श्रृंगार किया जाता है। महाकाल की भस्म आरती एक आध्यात्मिक अनुभव है, जो भक्तों को भगवान शिव के करीब ले जाता है।

उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में हर दिन हजारों श्रद्धालु दर्शन करने के लिए पहुंचते हैं, लेकिन भस्म आरती देखने का मौका हर किसी को नहीं मिल पाता है। ऐसा इसलिए, क्योंकि भस्म आरती और महाकाल का श्रृंगार देखने के लिए पहले से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना पड़ता है। आइए, यहां जानते हैं कि भस्म आरती के पीछे का महत्व क्या है और महाकाल की पूजा में शामिल कैसे हुआ जा सकता है।

महाकाल का राख से श्रृंगार और भस्म आरती क्यों होती है? 

timing of mahakal bhasm aarti

महाकाल की भस्म आरती के पीछे एक पौराणिक कथा है। जिसके अनुसार, एक समय दूषण नाम के एक राक्षस ने उज्जैन नगरी में तबाही मचा दी थी। राक्षस की तबाही से परेशान होकर यहां के ब्राह्मणों ने भगवान शिव के पास जाकर प्रार्थना की। भगवान शिव ने दूषण को अपनी तबाही रोकने के लिए कहा, लेकिन राक्षस ने एक नहीं सुनी। तब भगवान शिव ने क्रोधित होकर महाकाल का रूप लिया और राक्षस दूषण को भस्म कर दिया। ऐसा कहा जाता है कि दूषण के भस्म से भगवान शिव ने अपना श्रृंगार किया था।

इसे भी पढ़ें: गुजरात में स्थित सोमनाथ ज्योतिर्लिंग का यह नाम कैसे पड़ा, जानें इससे जुड़ी कथा

महाकाल की पूजा कैसे होती है?

महाकालेश्वर मंदिर में भगवान शिव की दिन में 6 बार आरती की जाती है, जिसमें से पहली भस्म आरती होती है। महाकाल की भस्म आरती सुबह 4 बजे होती है, जिसके लिए रात 1 बजे से मंदिर में भक्तों की लाइन लगनी शुरू हो जाती है। महाकाल की भस्म आरती में ढोल और नगाड़े भी बजते हैं, कहा जाता है कि यह भगवान शिव को उठाने के लिए किया जाता है।

राख से होती है महाकाल की आरती

महाकाल का श्रृंगार और आरती राख से होती है। ऐसा कहा जाता है कि महाकाल की आरती के लिए पहले श्मशान से भस्म लाई जाती थी। लेकिन, अब गाय के गोबर से बने कंडे, शमी, पीपल, पलाश, बड़, अमलतास और बेर की लकड़ियों को जलाकर बने भस्म से महाकाल का पूजन होता है।

महाकाल भस्म आरती देखने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कैसे करें? 

Ujjain bhasma aarti significance

अगर आप डायरेक्ट महाकालेश्वर मंदिर जाकर भस्म आरती देखना चाहेंगी, तो यह संभव नहीं है। ऐसा इसलिए, क्योंकि भस्म आरती देखने के लिए पहले से ऑनलाइन बुकिंग करानी पड़ती है। 

इसे भी पढ़ें: आखिर क्यों भगवान शिव को कहा जाता है महाकाल

  • भस्म आरती के दर्शन करने के लिए सबसे पहले मंदिर की ऑफिशियल वेबसाइट shrimahakaleshwar.com पर विजिट करें। 

  • वेबसाइट के होमपेज पर Mahakal Darshan/Bhasm Aarti Booking को खोजें और उसपर क्लिक करें। 

  • अब अपने दर्शन या आरती की तारीख को सेलेक्ट करें। सिलेक्शन के बाद रजिस्टर करें। 

  • रजिस्ट्रेशन करने के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, लाइसेंस, पासपोर्ट साइज फोटो, मोबाइल नंबर की जरूरत होगी। 

  • बुकिंग कंफर्म होने पर आपके मोबाइल पर मैसेज आएगा। ध्यान रहे कि भस्म आरती के लिए महिलाओं या बच्चों के दर्शन के लिए कोई शुल्क नहीं जमा करना होता है। वहीं पुरुषों के लिए भस्म आरती के दर्शन के लिए 200 रुपये जमा करने होते हैं। 

  • महाकाल के दर्शन के लिए ऑनलाइन बुकिंग की विंडो 60 दिन पहले खुल जाती है। दर्शन के लिए ऑनलाइन बुकिंग दो दिन पहले भी की जा सकती है, लेकिन भस्म आरती के लिए नियम अलग हैं। इसी के साथ एक व्यक्ति अपने रजिस्टर्ड नंबर से सिर्फ 10 लोगों की बुकिंग कर सकता है।

महाकाल की भस्म आरती का महत्व क्या है और पूजा कैसे की जाती है के साथ ही यहां जाने के लिए रजिस्ट्रेशन प्रोसेस को आप समझ ही गई होंगी। अगर हमारी स्टोरी से जुड़े आपके कुछ सवाल हैं, तो आप हमें आर्टिकल के नीचे दिए कमेंट बॉक्स में बताएं। हम आप तक सही जानकारी पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे।

अगर आपको स्टोरी अच्छी लगी है, इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हर जिंदगी से।

Image Credit: Herzindagi and Wikipedia

यह विडियो भी देखें

Herzindagi video

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।