कार्तिक पूर्णिमा का पर्व हिंदू धर्म में बहुत ख़ास है और इसे कई रूपों में मनाया जाता है। इस एक तरफ जहां देव दिवाली के रूप में मनाते हैं, वहीं इसे गंगा स्नान भी कहा जाता है। ऐसा माना जाता है कि यदि आप इस दिन कुछ ज्योतिष उपाय आजमाती हैं तो जीवन में सदैव खुशहाली बनी रहती है।
कार्तिक पूर्णिमा के दिन पवित्र नदी में स्नान करने और दीपदान करने को बहुत शुभ माना जाता है और इसके लाभ आपके भविष्य में बहुत अच्छे होते हैं। ऐसा माना जाता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन यदि आप विष्णु जी के साथ भगवान शिव का पूजन भी करते हैं तो जीवन में इसके सकारात्मक परिणाम मिलते हैं।
यदि आप संतान के करियर में सफलता और उनकी सेहत के लिए परेशान हैं तो कुछ विशेष ज्योतिष उपाय आजमाने की सलाह दी जाती है। आइए ज्योतिर्विद पंडित रमेश भोजराज द्विवेदी से जानें कि आपको इस दिन कौन से उपाय आजमाने चाहिए जिससे संतान के जीवन में खुशहाली बनी रहे।
संतान की सेहत के लिए गंगा स्नान और जल अर्पित करें
कार्तिक पूर्णिमा के दिन गंगा स्नान का विशेष महत्व होता है। यदि संभव हो तो आप सपरिवार गंगा स्नान करें। यदि आप ऐसा नहीं कर सकते हैं तो आपको घर पर ही नहाने के पानी में गंगाजल की कुछ बूंदें मिलानी चाहिए फिर उसी जल से स्नान करना चाहिए। ऐसी मान्यता है कि इस दिन नदी में स्नान करने से पापों का नाश होता है और स्वास्थ्य में सुधार होता है। इस दिन आप गंगा जल को घर के सभी सदस्यों पर छिड़कें और विशेष रूप से संतान की सेहत के लिए भगवान शिव और विष्णु जी को गंगा जल अर्पित करें। इससे संतान के स्वास्थ्य में सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
इसे जरूर पढ़ें: Kartik Purnima 2024: कार्तिक पूर्णिमा के पावन दिन पर क्या करना चाहिए और क्या नहीं, यहां विस्तार से जानें
संतान के करियर में सफलता के लिए भगवान विष्णु की पूजा करें
कार्तिक पूर्णिमा भगवान विष्णु के प्रति विशेष आस्था का दिन माना जाता है। यदि आप संतान के करियर को लेकर चिंतित हैं तो कार्तिक पूर्णिमा के दिन संतान की उन्नति के लिए भगवान विष्णु की पूजा करें। इस दिन विष्णु सहस्रनाम का पाठ करना और सत्यनारायण की कथा सुनना भी बहुत शुभ माना जाता है।
यदि संभव है तो घर में सत्यनारायण की कथा का आयोजन करें और संतान को जरूर यह कथा सुनाएं। विष्णु जी की पूजा करते समय आप यदि पीले वस्त्र धारण करें तो इसके और ज्यादा शुभ फल मिलते हैं। भोग में विष्णु जी को पीले फल और चने की दाल का भोग लगाएं।
कार्तिक पूर्णिमा के दिन तुलसी का पौधा लगाएं और पूजा करें
पूरे कार्तिक माह में तुलसी की पूजा का विशेष महत्व होता है। यदि आप मुख्य रूप से कार्तिक पूर्णिमा के दिन संतान के स्वास्थ्य और सफलता के लिए तुलसी के पौधे का पूजन करें और तुलसी के पत्ते भगवान विष्णु को अर्पित करें तो अत्यंत शुभ माना जाता है। तुलसी पूजा से संतान की सेहत में सुधार होता है और करियर में आने वाली सभी बाधाएं दूर होती हैं। इस उपाय से संतान को जीवन में सफलता मिलती है।
संतान के करियर में प्रगति के लिए घी का दीपक जलाएं
कार्तिक पूर्णिमा पर यदि आप अपने घर के मुख्य द्वार पर घी का दीपक जलाएं और भगवान शिव से संतान के करियर में प्रगति के लिए प्रार्थना करें तो इसके लाभ हो सकते हैं।
इस उपाय से संतान को सफलता का आशीर्वाद मिलता है और जीवन में आने वाले संकटों को टालने में मदद मिलती है। यह उपाय विशेष रूप से उन बच्चों के माता-पिता को करना चाहिए जिनके बच्चों को लगातार मेहनत के बाद भी सफलता नहीं मिल रही है और वो करियर में समस्याओं का सामना कर रहे हैं।
संतान की सुरक्षा के लिए कार्तिक पूर्णिमा पर महामृत्युंजय मंत्र का जाप करें
संतान की अच्छी सेहत और सुरक्षा के लिए महामृत्युंजय मंत्र का जाप विशेष रूप से फलदायी माना जाता है। यदि आप कार्तिक पूर्णिमा के दिन इस मंत्र का जाप करते हैं तो संतान को अच्छी सेहत का आशीर्वाद मिलता है। संतान की सुरक्षा और अच्छे स्वास्थ्य के लिए यह जाप बहुत शुभ माना जाता है। कार्तिक पूर्णिमा के दिन इस मंत्र का जाप कम से कम 108 बार करें। यह उपाय संतान के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को दूर करने में सहायक होता है।
संतान के करियर में सफलता के लिए पवित्र नदी में दूध अर्पित करें
ज्योतिष की मानें तो कार्तिक पूर्णिमा के दिन संतान के उज्ज्वल भविष्य और अच्छे स्वास्थ्य के लिए पवित्र नदी में दूध अर्पित करने की सलाह दी जाती है।कार्तिक पूर्णिमा के दिन नदी में थोड़ा दूध प्रवाहित करें और संतान की सफलता के लिए प्रार्थना करें। इस उपाय से जीवन में सुख-शांति और संतुलन बना रहता है और बच्चों को करियर में सफलता मिलती है।
यदि आप ऐसा नहीं कर सकती हैं तो आपको सूर्य को अर्घ्य देते समय उसमें कच्चे दूध की कुछ बूंदें मिलनी चाहिए। इसके संतान के जीवन में शुभ लाभ होते हैं।
यदि आप कार्तिक पूर्णिमा के दिन यहां बताए उपाय आजमाती हैं तो संतान को करियर में सफलता के साथ अच्छी सेहत का आशीर्वाद भी मिलता है। आपको यह स्टोरी अच्छी लगी हो तो इसे फेसबुक पर शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह और भी आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से। अपने विचार हमें कमेंट बॉक्स में जरूर भेजें।
Images: Freepik.com
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों