मानसून सीजन में पौधों को मरने से बचाने के लिए करें ये 3 काम

मानसून का सीजन बहुत खुशनुमा होता है और अपने साथ ठंडी हवाएं और ह्यूमिडिटी भी लेकर आता है। इस सीजन में ह्यूमिडिटी के कारण हमें तरह-तरह की परेशानियां होती हैं। किसी के घर में फंगस लग जाती है तो किसी को स्किन में समस्याएं होने लगती हैं, वहीं दूसरी ओर गार्डन में मौजूद पौधों के साथ भी कुछ-कुछ ऐसा ही होता है। हमारे गार्डन में मौजूद पौधे मानसून के सीजन में सबसे जल्दी खराब हो सकते हैं।
न सिर्फ इस सीजन में कीड़े-मकोड़े पौधों पर अटैक करते हैं, बल्कि इस सीजन में पौधों में फंगल इन्फेक्शन होने का खतरा और साथ ही साथ जड़ों के सड़ जाने का खतरा भी बना रहता है। तभी कई लोगों के इस बारे में सवाल होते हैं कि आखिर क्यों मानसून में उनके पौधे मर रहे हैं।
तो चलिए आपको बताते हैं कि मानसून में पौधों को मरने से बचाने के लिए क्या तीन अहम काम करने जरूरी हैं-
1. ट्रिमिंग-
बालों की ही तरह पौधों को हेल्दी रखने के लिए भी ट्रिमिंग काफी जरूरी है। इसके कई कारण होते हैं-
- पहली बात तो ये कि पौधों में फंगल इन्फेक्शन का खतरा सबसे ऊपर वाली टहनी को सबसे ज्यादा होता है। ये पूरे पौधे को खराब कर सकता है और इसलिए इसे हटाने की कोशिश करें।
- दूसरा ये कि मानसून सीजन में पौधों को बहुत पानी मिलता है और ऊपर की पत्तियां पीली होने लगती हैं। पत्तियों की ट्रिमिंग इस समस्या का हल कर सकती है और आपका पौधा दोबारा हरा भरा हो जाता है।
- तीसरा ये कि पौधा अगर आप ट्रिम नहीं करेंगे तो आपका पौधा लंबा होने में ज्यादा ध्यान लगाएगा और उसमें फल फ्रूट थोड़े कम आएंगे। ऐसे में जब पौधा छोटा हो तो मानसून के सीजन में एक बार उसकी ट्रिमिंग करने से उसके घना और हेल्दी होने की गुंजाइश बढ़ जाएगी।
इसे जरूर पढ़ें- आखिर क्यों आपको बोगनवेलिया के पौधे में नहीं आ रहे फूल? जानें कारण
2. मिट्टी और पानी का इस तरह रखें ख्याल-
मानसून के सीजन में पौधों को कम पानी की जरूरत होती है और ये भी बहुत जरूरी होता है कि आप मिट्टी को ज्यादा ह्यूमिड न होने दें। अगर मिट्टी से पानी ठीक से ड्रेन नहीं होगा तो ये बड़ी समस्या बन सकता है।
- मिट्टी की ऊपरी सतह को थोड़ा खोद लें।
- अगर आपके पॉट से पानी ठीक से नहीं निकलता है तो आप दूसरे पॉट में पौधे को ट्रांसफर कर सकते हैं।
- धूप चमक रही है और मिट्टी में नमी है तो भी पानी न दें ऐसे में पौधों में फंगस लग जाती है।
- पौधों को पानी देने से पहले एक उंगली मिट्टी में डालकर देख लें, अगर मिट्टी नम लग रही है तो पानी न दें क्योंकि ज्यादा पानी से ह्यूमिडिटी होगी और पौधा खराब हो जाएगा।
इसे जरूर पढ़ें- पेड़-पौधों से जुड़े इन 10 आसान सवालों के जवाब क्या दे सकते हैं आप?
3. कीड़ों से अपने पौधों को बचाना है बहुत जरूरी-
इस मौसम में पौधों में कीड़े मकोड़ों की समस्या भी बहुत बढ़ जाती है। ऐसे में आपको फंगस की दवा या फर्टिलाइजर डालने की जरूरत भी पड़ सकती है।

- ध्यान रखें कि एक बार दवा डालने के बाद दोबारा डालने के लिए कम से कम 10 दिन का गैप रखें।
- अगर मीली बग्स या सफेद कीड़े हो रहे हैं तो आप पानी में शैंपू घोलकर पौधे को धो सकते हैं। इस ट्रीटमेंट को हफ्ते में एक बार करने से काम हो जाएगा।
- इस मौसम में बहुत ज्यादा फर्टिलाइजर अगर इस्तेमाल करेंगे तो भी पौधों को नुकसान होगा।
- ज्यादा फर्टिलाइजर से पौधे की जड़ें खराब हो जाती हैं और आपको इस बात का ध्यान जरूर रखना है।
अपने पौधों को बचाने के लिए ये तीन चीज़ें करनी बहुत जरूरी हैं नहीं तो ऐसा हो सकता है कि आपके पौधे सड़ जाएं। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।