Bihar Election 2025: 'रात-दिन डर के नहीं जी सकती बेटियां', जब सुरक्षित रहेगी नारी, तभी सशक्त बनेगा बिहार! वोटर रानी सिन्हा ने बताई अपनी उम्मीदें

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की आहट के साथ ही महिलाओं की भूमिका पहले से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण हो गई है। अब वे केवल वोटर नहीं हैं, बल्कि बिहार की दिशा और दशा तय करने वाली निर्णायक शक्ति बन चुकी हैं। शिक्षा, सुरक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य जैसे मुद्दे अब महिलाओं के एजेंडे में सबसे ऊपर हैं।
बिहार की महिला वोटर रानी सिन्हा एक ऐसे बिहार का सपना देखती हैं, जहां महिलाएं बिना किसी डर के जी सकें और अपने सपनों को पूरा कर सकें। रानी का कहना है कि जब महिलाएं सुरक्षित होंगी, तभी बिहार सही मायने में सशक्त बनेगा। उनके अनुसार, सुरक्षा के साथ-साथ शिक्षा और रोजगार हर महिला का मूलभूत अधिकार होना चाहिए। हमने रानी सिन्हा से विस्तार से बात की। आइए जानते हैं कि उनसे बातचीत के कुछ अंश-
इस चुनाव से आपको अपनी और अपने परिवार की जिंदगी में कौन-सा सबसे बड़ा बदलाव देखने की उम्मीद है?
रानी सिन्हा कहती हैं कि मुझे उम्मीद है कि इस बार ऐसी सरकार बने जो महिलाओं की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाए। महिलाएं दिन हो या रात, किसी भी समय बेझिझक घर से बाहर जा सकें। मैं चाहती हूं कि हमारे परिवार की बेटियां अपने ही शहर में आगे की पढ़ाई कर सकें, ताकि उन्हें बाहर जाने का डर या मजबूरी न हो।
महिलाओं के लिए आप सरकार से कौन-सी नई योजनाएं या सुविधाएं चाहती हैं?
सरकार को चाहिए कि वो महिलाओं की शिक्षा और रोजगार दोनों पर ध्यान दे। अगर पढ़ाई की सुविधा पास में है, तो नौकरी के अवसर भी घर के आस-पास होने चाहिए। पलायन रोकना जरूरी है ताकि परिवार एकजुट रह सके और बिहार आत्मनिर्भर बने। सरकार महिला उद्यमियों को छोटे बिजनेस शुरू करने के लिए लोन और ट्रेनिंग दे, इससे महिलाएं भी आत्मनिर्भर बनेंगी।
क्या आपके क्षेत्र में सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं संतोषजनक हैं? इसमें क्या सुधार होना चाहिए?
रानी का कहना है कि सुरक्षा और स्वास्थ्य दोनों ही क्षेत्रों में काफी सुधार की जरूरत है। शाम के बाद सड़कों पर रोशनी कम होती है, जिससे महिलाएं बाहर जाने से डरती हैं। वहीं अस्पतालों में महिला डॉक्टरों की कमी है। सरकार को हर इलाके में महिला पुलिस गश्त बढ़ानी चाहिए और महिलाओं के लिए अलग हेल्थ सेंटर खोलने चाहिए, ताकि वे अपनी दिक्कतें खुलकर बता सकें।
आपकी नजर में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए क्या कदम उठाए जाने चाहिए?
अगर महिलाओं को आगे लाना है, तो राजनीतिक पार्टियों को उन्हें टिकट देने में झिझक छोड़नी होगी। महिलाओं को ट्रेनिंग, मार्गदर्शन और सुरक्षा दी जाए ताकि वे राजनीति में आत्मविश्वास से कदम रख सकें। जब महिलाएं नीति बनाने में शामिल होंगी, तभी समाज में असली बदलाव आएगा।
आने वाले बिहार चुनाव में आप किस मुद्दे को सबसे ज्यादा महत्व देती हैं और क्यों?
मेरे लिए सबसे अहम मुद्दा सुरक्षा और रोजगार है। जब महिलाएं सुरक्षित महसूस करेंगी और उन्हें अपने ही राज्य में रोजगार मिलेगा, तभी वो अपने परिवार और समाज के लिए बेहतर योगदान दे पाएंगी। शिक्षा भी जरूरी है, क्योंकि यही हर बदलाव की शुरुआत है।
क्या आपको लगता है कि सरकार ने महिलाओं के लिए पर्याप्त काम किया है? अगर नहीं, तो आप क्या बदलाव चाहती हैं?
रानी सिन्हा का मानना है कि सरकार ने कुछ कदम तो उठाए हैं, लेकिन ये पर्याप्त नहीं हैं। अब जरूरत है जमीनी स्तर पर काम की। सिर्फ नारे और योजनाएं नहीं, बल्कि सच्चे मन से बदलाव लाने की कोशिश होनी चाहिए। हर महिला को सुरक्षित, सशक्त और सम्मानजनक जीवन मिलना चाहिए।
रानी जैसी जागरूक महिलाएं इस बार के चुनाव में सिर्फ वोट डालने नहीं, बल्कि अपने हक और सुरक्षा की आवाज उठाने निकली हैं। उनका कहना है कि जब नारी सुरक्षित होगी, तभी बिहार सच में सशक्त बनेगा।
आपको यह स्टोरी अच्छी लगी हो तो इसे फेसबुक पर शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह के अन्य आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।