हिंदू धर्म में तिलक लगाने की परंपरा प्राचीन काल से चली आ रही है। प्राचीन समय में जब राजा-महाराजा युद्ध के लिए जाते थे तब उनकी रानियां राजाओं के माथे पर तिलक लगाती थीं जिससे उन्हें विजय का आशीर्वाद मिलता था। यह न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण था बल्कि ज्योतिष के अनुसार भी इसका विशेष महत्व बताया जाता है। आज भी किसी शुभ काम में जाने से पहले माथे पर तिलक लगाने की प्रथा चली आ रही है और यह ग्रहों के प्रभाव को भी नियंत्रित करने में सहायक है। विशेष रूप से, सप्ताह के हर दिन अलग-अलग प्रकार के तिलक लगाने से जीवन में शुभता और समृद्धि बनी रहती है।
ऐसा माना जाता है कि जब आप दिन के अनुसार सही चीजों का तिलक लगाते हैं तो आपके जीवन में इसका सकारात्मक प्रभाव हो सकता है और आपको इसका पूर्ण लाभ भी होता है। यही नहीं माथे के बीच में सातों चक्र मौजूद होते हैं और जब आ बीच में तिलक लगाते हैं तो ये चक्र नियंत्रित होते हैं जिससे शरीर को ऊर्जा मिलती है। आइए ज्योतिषाचार्य डॉ आरती दहिया से जानें कि आपको सप्ताह के कौन से दिन किस चीज का तिलक लगाना चाहिए।
सोमवार- सफेद चंदन का तिलक
सोमवार का दिन भगवान शिव को समर्पित होता है। इस दिन यदि आप माथे पर सफेद चंदन का तिलक लगाती हैं तो आपको मानसिक शांति मिलती है और मन एकाग्र बना रहता है। सफेद चंदन आपके शरीर को ठंडक प्रदान करता है, जिससे क्रोध नियंत्रित रहता है और निर्णय लेने की क्षमता भी बढ़ती है। यह तिलक विशेष रूप से उन लोगों के लिए लाभकारी होता है जो मानसिक तनाव या चिंता से परेशान रहते हैं।
इस तिलक को माथे के बीच में लगाने से मानसिक शांति और स्थिरता मिलती है। यह क्रोध और उत्तेजना को नियंत्रित करता है। यही नहीं यह आपके ध्यान और आध्यात्मिक उन्नति में भी सहायक होता है।
मंगलवार- चमेली के तेल में सिंदूर का तिलक
मंगलवार का दिन हनुमान जी और मंगल ग्रह से जुड़ा होता है। इस दिन यदि आप चमेली के तेल में सिंदूर मिलाकर तिलक लगाते हैं तो यह बहुत शुभ माना जाता है। इस तिलक को लगाने से आपके साहस, आत्मविश्वास और ऊर्जा में वृद्धि होती है। यह तिलक उन लोगों के लिए बहुत लाभकारी माना जाता है जो अपनी शारीरिक और मानसिक शक्ति को बढ़ाना चाहते हैं। इससे शरीर को साहस मिलता है और नकारात्मक ऊर्जा से बचाव होता है। यही नहीं हनुमान जी की कृपा पाने का यह एक अच्छा तरीका माना जाता है।
बुधवार- सूखा सिंदूर का तिलक
बुधवार का दिन भगवान गणेश को समर्पित है। इस दिन माथे पर सूखा सिंदूर लगाने से विद्या, बुद्धि और सफलता प्राप्त होती है। यह तिलक उन लोगों के लिए बहुत लाभकारी माना जाता है जो शिक्षा, व्यापार और संचार के क्षेत्र में कार्यरत हैं। इससे आपकी बुद्धि और स्मरण शक्ति में वृद्धि होती है और व्यापार व करियर में उन्नति होती है। यही नहीं गणपति की कृपा से सभी कार्यों में सफलता भी प्राप्त होती है।
गुरुवार- पीला चंदन या हल्दी का तिलक
गुरुवार को भगवान विष्णु और बृहस्पति देव की पूजा की जाती है। इस दिन पीले चंदन या हल्दी का तिलक लगाने से घर में सुख-समृद्धि आती है और धन-संपत्ति में वृद्धि होती है। यह तिलक विशेष रूप से उन लोगों के लिए शुभ होता है जो आर्थिक रूप से स्थिरता और उन्नति की कामना करते हैं। इस तिलक से आपके धन, समृद्धि और सौभाग्य में वृद्धि होती है। यही नहीं इससे आपके जीवन में बृहस्पति ग्रह की कृपा प्राप्त होती है और वैवाहिक जीवन में सुख-शांति बनी रहती है।
शुक्रवार- लाल चंदन या कुमकुम का तिलक
शुक्रवार का दिन देवी लक्ष्मी और शुक्र ग्रह से संबंधित होता है। इस दिन लाल चंदन या कुमकुम का तिलक लगाने से घर में सुख-शांति और खुशहाली बनी रहती है। यह तिलक विशेष रूप से उन लोगों के लिए फायदेमंद होता है जो वैवाहिक जीवन में प्रेम और सौहार्द बनाए रखना चाहते हैं। इस तिलक से वैवाहिक जीवन में प्रेम और सामंजस्य बढ़ता है और धन व ऐश्वर्य की प्राप्ति होती है। इसे माथे पर लगाने से मानसिक और शारीरिक आकर्षण में वृद्धि होती है।
शनिवार- भस्म का तिलक
शनिवार को भगवान शनि और महादेव की पूजा की जाती है। इस दिन भस्म का तिलक लगाने से जीवन में आने वाली सभी परेशानियां और बाधाएं दूर होती हैं। भस्म का तिलक विशेष रूप से उन लोगों के लिए लाभकारी होता है जिनकी कुंडली में शनि दोष या साढ़े साती का प्रभाव चल रहा हो। इस तिलक को लगाने से शनि ग्रह के अशुभ प्रभाव से बचाव होता है और जीवन में आने वाली बाधाएं दूर होती हैं। यही नहीं इससे आध्यात्मिक उन्नति और आत्मविश्वास में वृद्धि भी होती है।
रविवार- लाल चंदन का तिलक
रविवार का दिन भगवान सूर्य को समर्पित होता है। इस दिन लाल चंदन का तिलक माथे पर लगाने से व्यक्ति को मान-सम्मान, प्रसिद्धि और धन-वैभव की प्राप्ति होती है। यह तिलक विशेष रूप से उन लोगों के लिए फायदेमंद होता है जो सरकारी नौकरी, राजनीति या समाज सेवा से जुड़े हुए हैं। इस तिलक को माथे पर लगाने से आपके मान-सम्मान और प्रतिष्ठा में वृद्धि होती है और करियर के साथ व्यवसाय में भी सफलता मिलती है। इस तिलक से सूर्य ग्रह के शुभ प्रभाव से आत्मविश्वास और ऊर्जा बढ़ती है।
यदि आप दिन के अनुसार अलग-अलग चीजों से माथे पर तिलक लगाते हैं तो आपके जीवन में सदैव खुशहाली बनी रहती है और समृद्धि के द्वार खुलते हैं। आपको यह स्टोरी अच्छी लगी हो तो इसे फेसबुक पर शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह और भी आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से। अपने विचार हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं।
Images: freepik.com
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों