Fri Sep 11, 2026 | Updated 11:41 PM IST

इन 5 तरह के स्वादिष्ट सॉस से बनेगा डेजर्ट और भी Delicious, जानें बनाने का तरीका

अब अपने डेजर्ट्स को अपने पसंद के सॉस के साथ सजाइए और मजा लीजिए टेस्टी और डिलिशियस डेजर्ट का। इन्हें घर पर बनाना भी बहुत आसान है, आइए जानें।
Updated:- 2021-06-16, 19:16 IST
dessert sauces main

खाना खाने के बाद, मीठा तो हर हिंदुस्तानी की पसंद होगी। कोई पान खाना पसंद करता होगा तो कोई मिठाई। किसी की जीभ बस एक चॉकलेट के लिए लबलबाती होगी। इन सब के बीच ऐसे भी लोग हैं जो डेजर्ट बिंजिंग करना पसंद करते हैं। हम महिलाओं को डेजर्ट बहुत पसंद होते हैं। चॉकलेट ब्राउनी हो या पाई उसमें लजीज डेजर्ट सॉस भी पड़ जाए तो मजा दोगुना हो जाता है। हर एक डेजर्ट के लिए एक विशेष सॉस भी होता है। इनमें से कई डेजर्ट सॉस को प्लेटिंग, फिलिंग, टॉपिंग और फिलिंग में उपयोग किया जाता है। फ्लेवर में ही नहीं बल्कि प्रेजेंटेशन में भी इनका बड़ा रोल होता है। तो चलिए आज आपको ऐसे ही कुछ डेजर्ट सॉस और उन्हें घर पर बनाने का तरीका बताएं।

चॉकलेट सॉस

chocolate sauce

यह सॉस बहुत आम है। इसके आम होने की वजह यह है कि यह बहुत वर्सेटाइल होता है। हर डेजर्ट के साथ यह बखूबी जाता है। वैसे तो यह बाजार और आपकी ग्रोसरी स्टोर में भी मिल जाता है, लेकिन अगर आप इसे घर पर बनाना चाहें तो भी इसे बनाना आसान है। इसे बनाकर आप फ्रिज में 5-6 दिनों तक रख सकती हैं।

कैसे बनाएं- इसे बनाने के लिए आपको चाहिए लगभग 200 ग्राम चॉकलेट और 200 ग्राम क्रीम। एक पैन में क्रीम डालकर उसे गरम कर लीजिए। अब इसमें चॉकलेट मिला लें और अच्छी तरह दोनों के मिक्स होने तक इसे चलाते रहें। आपका चॉकलेट सॉस तैयार है। इसे गरम या फिर ठंडा करके अपनी आइसक्रीम, कोल्ड कॉफी या ब्राउनी में डालकर खाइए।

ब्लूबेरी सॉस/सिरप

blueberry sauce

खट्टी-मिठी ब्लूबेरी का स्वाद डेजर्ट के साथ कितना अच्छा लगता है। फ्रूट केकस या फिर पुडिंग आदि में ब्लूबेरी सॉस का उपयोग ज्यादा किया जाता है। इसे फ्रोजन, फ्रेश या फिर ड्राइड ब्लूबेरीज से बनाया जाता है। आप 15-20 मिनट में इस सॉस को घर पर बना सकती हैं और अपने डेजर्ट में एक नया फ्लेवर जोड़ सकती हैं।

कैसे बनाएं- एक पैन में ब्लूबेरीज, आधा कप पानी, थोड़ा सा ऑरेंज जूस और चीनी डालकर एक उबाल आने तक पका लें। अब एक कटोरी में एक चौथाई कॉर्न स्टार्च को थोड़े से पानी के साथ मिक्स कर लें और ब्लूबेरी वाले पैन में डाल दें। इसे 4-5 मिनट और पकाएं। आपका ब्लूबेरी सॉस एकदम तैयार है।

इसे भी पढ़ें :Summer Special Sweet Dish: आईस्क्रीम नहीं घर पर 4 आसान स्टेप्स में बनाएं टेस्टी ‘फ्रूट क्रीम’

प्रालीन सॉस

pecan sauce

यह सॉस कैरेमल सिरप की तरह ही होता है, मगर फर्क इतना है कि कैरेमल सॉस ग्रैन्युलेटेड शुगर से बनता है और प्रालीन सॉस ब्राउन शुगर से। हालांकि अगर घर पर ब्राउन शुगर न हो तो आप सफेद शुगर से भी बना सकती हैं। इसके लिए अलावा प्रालीन सॉस एक नटी सॉस होता है, जिसे पीकन नट्स से बनाया जाता है। आपका बेसिक केक भी इस सॉस की टॉपिंग के बाद एक गॉरमे डेजर्ट बन जाता है। आधे घंटे में बना यह सॉस बहुत टेस्टी होता है।

कैसे बनाएं- इसे बनाने के लिए आपको चाहिए दो कप पीकन नट्स, आधा कप मक्खन, आधा चम्मच वनिला एक्सट्रैक्ट, एक कप पानी, डेढ़ कप ब्राउन शुगर और एक कप फ्रेश क्रीम। एक पैन में बटर डालकर उसमें पीकन नट्स थोड़ा फ्राई कर लें। इसे अलग रख दें। अब एक दूसरे पैन में पानी और शुगर डालकर कैरेम्लाइज्ड होने तक 20 मिनट तक पकाइए। इसमें क्रीम डालें और चलाते रहें ताकि लमप्स न बनें। अब इसमें कटे हुए पीकन डालिए और 5 मिनट के लिए और पकाएं। आखिर में थोड़ा सा वनिला एक्सट्रैक्ट डालकर1 मिनट तक चलाएं। आपका सॉस तैयार है। इसे आप फ्रिज में तीन दिन तक रख सकती हैं।

इसे भी पढ़ें :योगर्ट से बनाएं क्रंच पुडिंग और परफिट, जानें इसे बनाने का तरीका

रस्पबेरी सॉस

raspberry sauce syrup

यह भी ब्लूबेरी जैसा खट्टा-मीठा होता है। पैनकेक, पुडिंग, पेस्ट्रीज आदि में इस सॉस से स्वाद और बढ़ जाता है। इसे बनाने में भी आपको उतना ही समय लगेगा जितना कि ब्लूबेरी सॉस बनाने में लगा था। इसे घर पर बनाकर आप अपने फ्रिज में 4 से 5 दिनों के लिए रख सकती हैं।

कैसे बनाएं - आप रस्पबेरी को मिक्सर में डालकर थोड़ा दरदरा पीस लें। अब एक पैन में पीसी हुई रस्पबेरी और आइसिंग शुगर डालकर 10 मिनट तक पका लें। इसे मैश भी करते रहें। जब यह पक जाए तो एक छलनी से इसे छान लें। छानकर निकले सॉस को फिर 2-3 मिनट पकाएं और ठंडा कर सर्व करें।

कैरेमल सॉस

caramel sauce

कैरेमल सॉस बनाना सबसे आसान है और इसे आम तौर पर हम पैनकेक आदि के साथ खाते हैं। इसे बॉनबॉन की फिलिंग में भी डाला जाता है और आइसक्रीम और कस्टर्ड में टॉपिंग की तरह यूज़ किया जाता है। इसका मेन इंग्रीडिएंट शुगर होता है। यह 10-15 मिनट में आसानी से घर पर बनाया जा सकता है। इसके लिए आपको बहुत सी चीजों की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।

कैसे बनाएं- इसे बनाने के लिए आपको चाहिए ब्राउन शुगर या नॉर्मल शुगर, मक्खन, दूध और वनिला एक्सट्रैक्ट। एक पैन में बटर, चीनी और दूध डालकर गाढ़ा या कैरेम्लाइज्ड होने तक अच्छी तरह पका लें। जब यह थोड़ा थिक हो जाए, तो इसमें वनिला एक्सट्रैक्ट डालें और 1-2 मिनट के लिए चला लें। ठंडा होने पर आइसक्रीम, पैनकैक आदि में डालकर सर्व करें।

अगर आपको यह आर्टिकल पसंद आया हो तो इसे लाइक और शेयर जरूर करें। ऐसे अन्य आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी के साथ।

Image Credit : Freepik & unsplash images

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।