Summer Special Sweet Dish: आईस्क्रीम नहीं घर पर 4 आसान स्टेप्स में बनाएं टेस्टी ‘फ्रूट क्रीम’

गर्मियों के शुरू होते ही सभी ठंडक की ओर भागते हैं। फिर चाहे जगह हो या भोजन। सभी को शरीर में तरावट भर देने वाला भोजन पसंद आने लगता है। चिकना, तला हुआ और गरम खाना इस मौसम में लोग खाना नहीं पसंद करते हैं। खासतौर पर इस मौसम में फलों को काफी पसंद किया जाता है। इस मौसम में मीठे और रसीले फल भी बहुत आते हैं। इन फलों को एक साथ खाना तो संभव नहीं है। कुछ लोगों को तो कोई फल अच्छा लगता है तो कोई फल बुरा लगता है। ऐसे में अगर आपको एक साथ कई फलों का मजा लेना है तो आप घर पर ही आसान तरीके से फ्रूट क्रीम बना सकती हैं। यह बेहद आसान होती हैं और झटपट बन जाती हैं।
इसे जरूर पढ़ें: गर्मियों में बनाएं ड्राई फ्रूट्स की आइसक्रीम, जानें इसे बनाने का आसान तरीका

सामग्री
- 400 ग्राम क्रीम
- 70 ग्राम चीनी का भूरा
- 1 सेब
- 1 आम
- 1 अनार
- 1 केला
- 1 किवी
- 250 ग्राम अंगूर
- 4 से 5 स्लाइज पाइनएप्पल
- 6 से 7 काजू
- 6 से 7 बादाम
- 2 छोटा चम्मच अफगानी किशमिश
इसे जरूर पढ़ें: सिर्फ इन 3 चीजों से आप घर पर ही आसानी से बनाएं क्रीमी टेस्टी मैंगो आइसक्रीम
विधि
- सबसे पहले क्रीम को मथ लें। इसे लिए आप हैंड ग्राइंडर का इस्तेमाल कर सकती हैं। अगर आपको क्रीम पतली लगे तो आप उसे और मथ लें। क्रीम जितनी गाढ़ी होगी फ्रूटक्रीम खाने का मजा उतना ज्यादा आएगा।
- इसके बाद इस क्रीम में चीनी का भूरा डालें। आपको इसके बाद एक बार फिर से क्रीम को अच्छे से मथना है। आप चाहें तो हैंथ बलैंडर का यूज कर सकती हैं। चीनी के भूरे को अच्छी तरह क्रीम में मिलाएं।
- इसके बाद सारे फलों को पानी से साफ करके उन्हें छीलें और छोटे-छोटे टुकड़े में काट लें इन फलों को इसके बाद क्रीम में अच्छे से मिक्स करें।
- ड्राए फ्रूट्स को बारीक काटें। आप चाहें तो इसमें केसर भी डाल सकते हैं। किशमिश बिना डंठल निकाले न डालें वरना खाते वक्त यह दांतों में फंस सकती है। इन्हें भी फ्रूट ओर क्रीम के मिश्रण में मिला लें।
- अगर आप ड्रेसिंग करना चाहती हैं तो पाइनएप्पल, स्ट्रॉबेरी या फिर वैनिला सॉस से फ्रूट क्रीम की ड्रेसिंग करके उसे 2 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें। अगर आप 3 से 4 घंटे के लिए इसे फ्रिजर में रखेंगी तो यह आइस्क्रीम की तरह खाई जा सकती है। ठंडा होने पर आप इसे परोस सकती हैं।
सुझाव
- आप फ्रूट क्रीम को 1 से 2 दिन के लिए ही फ्रीज के अंदर रख सकती हैं। फल पड़े होने से उनके खराब होने का डर रहता है।
- फल में अगर बीच हैं तो उन्हें पहले ही हटा दें। पल्पी फल कम डालें वरना क्रीम में खट्टास आ जाएगी।
- मार्केट की क्रीम की जगह आप घर की मलाई का इस्तेमाल भी कर सकती हैं। मलाई 4 दिन से ज्यादा पुरानी नहीं होनी चाहिए और फुल क्रीम दूध की होनी चाहिए।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।