आ गया सर्दियों का मौसम, गोभी की मदद से बनाएं यह मजेदार स्नैक्स

मौसम बदलने के साथ ही खान-पान में भी काफी बदलाव आता है। आमतौर पर, देखने में आता है कि इस मौसम में हरी पत्तेदार सब्जियों के अलावा लोग फूलगोभी खाना भी काफी पसंद करते हैं। इस मौसम में मिलने वाली गोभी का ना केवल स्वाद लाजवाब होता है, बल्कि इनका दाम भी काफी कम होता है। ऐसे में अगर आप चाहें तो फूलगोभी को अलग-अलग तरह से बनाकर खा सकती हैं।
वैसे तो अधिकतर भारतीय घरों में फूलगोभी को बतौर सब्जी या पराठे के रूप में खाया जाता है। हालांकि, यह जरूरी नहीं है कि आप इसे एक फुल मील के रूप में ही देखें। यह स्नैक्स में भी उतने ही डिलिशियस होते हैं। अगर आप भी फूलगोभी को खाना पसंद करती हैं और उसे बतौर स्नैक्स खाना चाहती हैं तो कुछ मजेदार रेसिपीज ट्राई कर सकती हैं। तो चलिए आज हम आपको गोभी की मदद से बनने वाले कुछ मजेदार स्नैक्स के बारे में बता रहे हैं-
गोभी टिक्का
विंटर्स में आप पनीर टिक्का के साथ-साथ गोभी टिक्का या तंदूरी गोभी को बतौर स्नैक्स सर्व कर सकती हैं। यह आपकी हाउस पार्टी के लिए एक बेहतरीन स्टार्टर रेसिपी हो सकती है।
इसे जरूर पढ़ें- बाजरा से लेकर अंडे की मदद से बनाएं यह डिलिशियस सूप
गोभी टिक्का की सामग्री-
- 1 मीडियम साइज की फूलगोभी
- मैरिनेशन के लिए
- 2.5 कप दही
- आधा बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
- आधा या 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- आधा या 1 चम्मच गरम मसाला पाउडर या तंदूरी मसाला
- आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
- 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
- 1 छोटा चम्मच चाट मसाला
- आधा छोटा चम्मच अजवायन
- 1 चम्मच कसूरी मेथी
- 2 बड़े चम्मच बेसन
- 1 या 2 चम्मच नींबू का रस
- 1 बड़ा चम्मच तेल
- काला नमक या सेंधा नमक
गोभी टिक्का की विधि-
- दही को पनीर के कपड़े में लटका दें और थोड़ा अतिरिक्त पानी निकलने दें।
- इस पूरी प्रक्रिया में करीब 45 मिनट से 1 घंटे तक का समय लगेगा। हालांकि, आपको ज्यादा गाढ़ा दही नहीं चाहिए। तो 45 मिनट ठीक है।
- इस बीच, फूलगोभी के फूलों को धोकर मीडियम या बड़े आकार में काट लें।
- उन्हें एक आकार में रखने की कोशिश करें क्योंकि यह एक समान ग्रिलिंग या बेकिंग में मदद करता है।
- अब, नमक के साथ पानी उबाल लें। फ्लोरेट्स डालें और उन्हें 3-4 मिनट तक उबालें।
- अब गैस बंद कर दें और फ्लोरेट्स को 7-8 मिनट के लिए गर्म पानी में रहने दें
- फ्लोरेट्स को छानकर एक तरफ रख दें।
- अब एक पैन में बेसन को हल्का सा भून लें, ताकि उसकी कच्ची महक चली जाए।
- अब एक बाउल में दही, अदरक-लहसुन का पेस्ट, लाल मिर्च पाउडर, तंदूरी मसाला, हल्दी, धनिया पाउडर, चाट मसाला, अजवायन, कसूरी मेथी, बेसन, नींबू का रस, ऑयल व नमक डालकर अच्छी तरह मैरिनेशन बनाएं।
- मसाले को चेक करें और अगर जरूरत महसूस हो तो इसमें मसाला एडजस्ट करें।
- अब, इसमें फ्लोरेट्स डालें और अच्छी तरह मिलाएँ।
- एक या दो घंटे के लिए मैरिनेट करें। अगर आप लंबे समय तक मैरीनेट करना चाहते हैं तो फ्रिज में रखें।
- अब, ओवन को 200 डिग्री सेल्सियस पर प्रीहीट करें। एक ग्रिल रैक पर, फूलगोभी फ्लोरेट्स रखें।
- यदि आवश्यक हो तो आप उन्हें तेल से ब्रश भी कर सकते हैं।
- फूलगोभी को 25-30 मिनट तक या पक जाने तक और किनारों को ब्राउन होने तक ग्रिल या बेक करें।
- ग्रिल करते समय, 10 या 15 मिनट के बाद, ट्रे को हटा दें और फ्लोरेट्स को पलट दें।
- ग्रिल होने के बाद, ट्रे से निकाल लें और सर्विंग प्लेट पर रखें।
- अब इसे धनिया पत्ती से गार्निश करें और थोडा़ सा चाट मसाला छिड़कें।
- गोभी टिक्का को पुदीने की चटनी के साथ प्याज़ और नींबू के वेजेज के साथ परोसें।
गोभी पकौड़ा
अगर आप चाय के साथ कुछ मजेदार खाना चाहती हैं तो ऐसे में गोभी पकौड़ा भी बनाया जा सकता है। यह ऑयल में फ्राई किए जाते हैं तो थोड़े हैवी हो सकते हैं।

गोभी पकौड़ा की सामग्री-
- 1 मीडियम साइज की फूलगोभी
- 2 कप बेसन
- आधा बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
- आधा छोटा चम्मच अजवायन
- आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- एक चौथाई छोटा चम्मच गरम मसाला पाउडर
- 1 चुटकी हींग पाउडर
- 1 चुटकी हल्दी पाउडर
- 2 से 3 चुटकी बेकिंग सोडा वैकल्पिक
- पानी आवश्यकतानुसार- घोल बनाने के लिए
- तेल - तलने के लिए
- नमक
- 1 छोटा चम्मच चाट मसाला ऊपर से छिड़कने के लिए
- आधा छोटा चम्मच नींबू का रस छिड़कने के लिए (वैकल्पिक)
- 1 या 2 टेबल स्पून कटा हरा धनिया सजाने के लिए
इसे जरूर पढ़ें- बिना दूध के ऐसे बनाएं दूध वाली चाय, जानें ये रेसिपी
गोभी पकौड़ा की विधि-
- सबसे पहले एक पैन में, नमक के साथ पर्याप्त पानी उबालें।
- फूलगोभी को मध्यम आकार के फूलों में तोड़ लें या काट लें।
- इन्हें अच्छे से धोकर उबलते पानी में डाल दें।
- आंच बंद कर दें और फूलगोभी के फूलों को 10 से 12 मिनट के लिए पानी में डूबा रहने दें।
- फूलगोभी के फूलों से पानी निकाल दें।
- अब, एक पैन में फूलगोभी को लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर, अदरक-लहसुन पेस्ट, गरम मसाला पाउडर के साथ मैरीनेट करें। अच्छी तरह मिला लें और 8 से 10 मिनट के लिए अलग रख दें।
- अब, दूसरे बाउल में बेसन, हींग, बेकिंग सोडा या बेकिंग पाउडर, नमक और पानी को मिलाकर चिकना घोल बना लें।
- इसके बाद बैटर में अजवायन डालें और अच्छी तरह मिलाएं।
- अब, एक कढ़ाई में तेल गरम करें।
- अब एक-एक करके मैरीनेट की हुई फूलगोभी लें और घोल में डुबोएं।
- प्रत्येक फ्लोरेट को बैटर से समान रूप से कोट करें और मध्यम गर्म तेल में सावधानी से डालें।
- जब एक तरफ थोड़ा कुरकुरा हो जाए तो एक स्लेटेड चम्मच से पलट दें और दूसरी तरफ से भी तलना जारी रखें।
- फूलगोभी के पकौड़े कुरकुरे और समान रूप से सुनहरे होने तक तलें।
- स्लेटेड चमचे से पकोड़े निकालिये और जितना हो सके उतना तेल निकाल दीजिये।
- अब, आप इन्हें एक टिश्यू पेपर पर रखें ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए।
- फूलगोभी के पकोड़े को किसी भी हरी चटनी या सॉस के साथ, चाट मसाला, नींबू का रस और कटा हरा धनिया छिड़क कर गरमागरम परोसें।
- आप चाहें तो इसे ब्रेड स्लाइस या डिनर रोल के बीच भी भर सकती हैं।
अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।