घर पर इन आसान टिप्स से बनाएं रेस्त्रां जैसी पंजाबी ड्राई दाल

घर का खाना वैसे तो बहुत ही स्वादिष्ट होता है, लेकिन कई बार हम लोग खुद ही इस खाने से बोर हो जाते हैं और ऐसे में रेस्त्रां की ओर रुख करते हैं। अब कभी-कभार कुछ अच्छा खाने का मन तो सभी का होता होगा। ऐसे में क्यों ना हम कुछ ऐसी चीजों के बारे में सोचें जो घर पर तो बनाई जा सकती हैं और साथ ही साथ वो रेस्त्रां वाला जायका भी दे सकती है। ऐसे में क्यों ना पंजाबी सूखी दाल ट्राई की जाए जो बहुत फेमस तो है, लेकिन कई लोगों को इसकी रेसिपी के बारे में ठीक-ठीक जानकारी नहीं है।
आज हम आपको पंजाबी ड्राई दाल बनाने की रेसिपी बताएंगे और साथ ही साथ इस बारे में भी जानकारी देंगे कि इसे बनाने के लिए किन हैक्स को ध्यान रखना चाहिए। अब आपकी रेसिपी परफेक्ट बने इसके लिए कुछ खास टिप्स तो आजमानी ही होंगी ना।
क्या है पंजाबी सूखी दाल?
ये बिना छिलके वाली उड़द दाल से बनने वाली रेसिपी है जिसमें नॉर्मल पंजाबी तड़का लगाया जाता है। ये रेगुलर ड्राई सब्जी की तरह ही होती है और इसे बहुत ही ज्यादा फ्लेवरफुल बनाया जाता है।

इसे जरूर पढ़ें- क्या आप जानते हैं कैसे बनाया जाता है मैदा?
कैसे बनाएं पंजाबी सूखी दाल?
तो चलिए अब पहले हम पंजाबी सूखी दाल की रेसिपी के बारे में जान लेते हैं और फिर इससे जुड़े हैक्स-
सामग्री-
250 ग्राम उड़द दाल, 1 कप पानी, नमक स्वादानुसार, 1/4 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर, चुटकी भर हींग
तड़के के लिए-
2 चम्मच घी, 1/2 छोटा चम्मच जीरा, 2-3 हरी मिर्च, 1 बड़ा प्याज (चॉप किया हुआ), 1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1 चम्मच धनिया पाउडर, 1/2 छोटा चम्मच गरम मसाला, 1-2 चम्मच नींबू का रस, 1 चम्मच चॉप हरा धनिया, नमक स्वादानुसार
बनाने का तरीका-
- सबसे पहले उड़द दाल को 30-35 मिनट के लिए भिगोकर रख दें।
- इसके बाद प्रेशर कुकर में दाल के साथ नमक, हींग, हल्दी पाउडर और 1 कप गर्म पानी डालकर 2 सीटी ले लें।
- अगर आप प्रेशर कुकर का इस्तेमाल नहीं करना चाहते हैं तो भी आप इसे भगोने में बना सकते हैं, लेकिन ध्यान इस बात का रखें कि ये थोड़ा ज्यादा समय ले लेगी।
- अब दाल का पानी निकाल दें और बहुत थोड़ा ही पानी उसमें बचने दें। अगर पानी नहीं बचा है तो भी कोई बात नहीं।
- एक पैन में तड़के की सामग्री तैयार करें और बिल्कुल वैसे ही तड़का लगाएं जैसे आमतौर पर लगाया जाता है।
- अब आप इसमें दाल मिलाएं और इसे 30 सेकंड तक पका कर फिर गर्मागर्म सर्व करें।
- आप इसे हरे धनिया से गार्निश करना ना भूलें और कुछ लोग इसके ऊपर सूखा चॉप किया हुआ प्याज-टमाटर और सेव आदि भी डालते हैं।
पंजाबी सूखी दाल बनाने के लिए हैक्स?
पंजाबी सूखी दाल बनाने के लिए कुछ खास हैक्स का ध्यान रखें-
1. मसाले और तेल की क्वांटिटी-
वैसे तो सबका स्वाद अलग होता है और सभी को अलग तरह का खाना अच्छा लगता है, लेकिन यकीन मानिए इसकी क्वांटिटी से बहुत असर होता है। पंजाबी रेसिपी का मतलब ये नहीं है कि इसमें खूब सारे मसाले डाले जाएं। हमें सिर्फ फ्लेवर ही चाहिए ना कि मसाले और तेल की क्वांटिटी को बढ़ाना है।
2. बिना छिलके वाली दाल इस्तेमाल करें-
ओरिजनल रेसिपी बिना छिलके वाली दाल की ही होती है और इसे आपको ऐसे ही इस्तेमाल करना चाहिए। बेहतर होगा कि आप स्प्लिट और बिना छिलके वाली उड़द दाल का इस्तेमाल करें।
इसे जरूर पढ़ें- इन 5 यूनिक अचारों का स्वाद क्या चखा है आपने?
3. इसे जल्दबाजी में ना बनाएं-
इसे बनाने के लिए वैसे तो बहुत ज्यादा समय नहीं लगता है, लेकिन कोशिश ये जरूर करें कि इसे बहुत ज्यादा जल्दबाजी में ना बनाएं। इस डिश की खासियत ही इसका फ्लेवर होता है और इसे मिड आंच पर पकाना सबसे अच्छा साबित होता है।
4. अलग-अलग तेल ट्राई करें-
आप अपनी दाल को अलग-अलग तरह के तेल से बना सकते हैं। अगर आपको सरसों या रिफाइंड तेल नहीं पसंद तो एक बार मूंगफली का तेल भी ट्राई करें। ये भी एक अलग जायका लेकर आएगा।
इसे रोटी-चावल के साथ भी खाया जा सकता है और साथ ही साथ ये एक अलग स्नैक के तौर पर भी अच्छी लग सकती है। आपको ये ध्यान देना होगा कि अगर आप इसे बना रहे हैं तो दाल को पहले से भिगो जरूर दें। अगर इस स्टोरी को लेकर आपके कोई सुझाव हैं तो वो हमें हरजिंदगी के फेसबुक पेज पर जरूर बताएं। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी हो तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
Photo Credit: Veghomerecipes, Pinterest
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।