Iftar Special: दस्तरखान पर सजाएं ये स्पेशल व्यंजन, इफ्तार में आ जाएगा मजा

रमज़ान का महीना बहुत ही पाक और बरकतों वाला होता है, जिसमें अल्लाह की खूब इबादत की जाती है और पूरे महीने रोज़े रखे जाते हैं। यह तो हम सभी जानते ही हैं कि रोज़ा रखने के लिए फज्र से लेकर मगरिब तक भूखा रहना पड़ता है। न पानी की बूंद का एक कतरा और न खाने का.....।
इबादत का आलम को देखिए इस दौरान नमाज़ पढ़ी जाती है और वुज़ू भी किया जाता है, लेकिन मजाल एक कतरा पानी का मुंह में चला जाए। पूरे दिन इंतज़ार करने के बाद ही इफ्तार में रोज़ा खोला जाता है। इस दौरान दस्तरखान पर सजाने के लिए कई तरह से स्वादिष्ट व्यंजन बनाए जाते हैं। मगर हर दिन कुछ नया बनाना हमारे लिए बहुत बड़ा टास्क होता है।
हमारे समझ ही नहीं आता कि रोज़-रोज़ क्या नया बनाया जाए....क्या आप भी इसी बात से परेशान हैं तो अब ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं है क्योंकि हम आपके लिए डिफरेंट रेसिपीज लेकर आए हैं, जिसे आप अपने इफ्तार में शामिल कर सकते हैं।
पालक के पकौड़े
सामग्री
- 2 कप- पालक
- 1 कप- बेसन
- स्वादानुसार- नमक
- आधा छोटा चम्मच- लाल मिर्च
- 5- हरी मिर्च (कटी हुई)
- 1 छोटा चम्मच- धनिया के बीज
- 2 चम्मच- चावल का आटा
- 1 चम्मच-चाट मसाला
- 1 कप- पानी
- तलने के लिए-तेल
इसे ज़रूर पढ़ें-ब्रेड से मिनटों में बनाएं ये स्नैक रेसिपीज, बच्चे करेंगे खूब पसंद
विधि
- पालक के पकौड़े बनाने के लिए सबसे पहले पालक को अच्छी तरह से साफ करें और धोकर सूखने के लिए छोड़ दें।
- जब पालक से सारा पानी निकल जाए तो चाकू की मदद से बारीक काट लें। पालक के पकौड़े बनाने के लिए आप साबूत पत्ते का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
- पालक काटने के बाद एक बाउल में बेसन, चावल का आटा, नमक, चाट मसाला, हरी मिर्च, लाल मिर्च पाउडर और पालक को डालकर अच्छी तरह से मिला लें।
- अगर पालक पानी छोड़ रहा है तो मिश्रण में पानी बहुत कम डालें क्योंकि ज्यादा पतला मिश्रण पकौड़े का स्वाद बेकार कर सकता है।
- इस मिश्रण में धनिया के बीज डालकर अच्छी तरह से मिला लें और गैस पर कढ़ाही में तेल डालकर गर्म करने के लिए रख दें।
- जब तेल से धुआं निकलने लगे तो हाथों से मिश्रण के गोले बना लें और पकौड़े को दोनों तरफ से अच्छी तरह से फ्राई कर लें।
- दोनों तरफ से पकौड़े फ्राई होने के बाद एक प्लेट में निकाल लें और ऊपर से चाट मसाला डालकर दस्तरखान पर सजा लें।
रूआफजा दही लस्सी
सामग्री
- 1 कप- दही
- 1/4 कप- ठंडा दूध
- 2 चम्मच- रूआफजा
- 1 चम्मच- चीनी
- चुटकी भर- इलाइची पाउडर
- 2 चम्मच- नारियल (कसा हुआ)
विधि
- इस लस्सी को बनाना सबसे ज्यादा आसान है। आप सबसे पहले एक ब्लेंडिंग जार में दही, दूध, चीनी को डालें।
- इसके बाद इसे अच्छी तरह से ब्लेंड करें। इसके बाद लस्सी को एक गिलास में निकाल लें और ऊपर से इलायची पाउडर, कसा हुआ नारियल और रूआफजा डालकर ठंडा करने के लिए रख दें।
- बस आपकी रूआफजा वाली दही लस्सी तैयार है, जिसे आप इफ्तार के वक्त सर्व कर सकती हैं।
फ्रूट चाट
सामग्री
- 4- केले
- 2- सेब
- 200 ग्राम- पपीता
- 1- अनार
- 2- अमरूद
- 1 कप- चने की दाल (उबली हुई)
- 1 चम्मच- चीनी
- 1 चम्मच- चाट मसाला
इसे ज़रूर पढ़ें-5 मिनट में बना सकेंगी ये 2 स्नैक्स, ऐसे करें तैयार
विधि
- फ्रूट चाट बनाने के लिए आप अपनी पसंद के हिसाब से फलों का इस्तेमाल कर सकते हैं। चाट बनाने के लिए सभी फ्रूट्स के छिलके उतार लें।
- छिलके उतारने के बाद एक बाउल में छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। अब ऊपर से चीनी और चाट मसाला डालकर मिला लें। (परफेक्ट फ्रूट चाट बनाने के टिप्स)
- अब चीनी पिघलने का इंतजार करें और फ्रिज में ठंडा करने के लिए रख दें। इस दौरान प्रेशर कुकर में चने की दाल को उबालने के लिए रख दें।
- जब दाल उबल जाए तो फ्रूट चाट में डाल दें और फिर इफ्तार में रोज़ेदार को सर्व करें। इसे खाने से न सिर्फ एनर्जी आएगी बल्कि पेट भी भर जाएगा।
इफ्तार में इन व्यंजनों को जरूर शामिल करें। आप रमज़ान में सबसे ज्यादा क्या बनाते हैं हमें नीचे कमेंट करके जरूर बताएं।
अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit- (@Freepik)
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।