5 मिनट में बना सकेंगी ये 2 स्नैक्स, ऐसे करें तैयार

एक महिला के लिए सबसे बड़ा टास्क होता है किचन का काम करना। रोज सुबह उठकर सबके लिए नाश्ता तैयार करना फिर लंच की तैयारी और किचन की साफ-सफाई में सारा समय निकल जाता है। ऐसे में अपने लिए समय ही नहीं निकल पाता है। लंच के बाद घर वाले और बच्चे स्नैक्स के लिए कहने लगते हैं। ऐसे में मन न भी हो तो कुछ न कुछ तो बनाना ही पड़ता है।
अधिकतर महिलाएं झटपट बनने वाले स्नैक्स ऑनलाइन या यूट्यूब में ढूंढती हैं। अगर आप 5 मिनट में कुछ अच्छा और टेस्टी बनाना चाहें तो भी कई सारी क्विक रेसिपीज हैं। 5 मिनट में आप सैंडविच तैयार कर सकती हैं, फ्राइज तैयार कर सकती हैं, चीले, रोल्स और न जाने क्या-क्या बना सकती हैं।
आज हम आपको सैंडविच और चीज फिंगर्स की रेसिपी बताएंगे, जो आपके बच्चों को बहुत पसंद आएगी। आप इन्हें न सिर्फ स्नैक की तरह उन्हें दे सकती हैं, बल्कि उनके टिफिन में कभी-कभार ये भी पैक कर सकती हैं। चलिए आपको बताएं कि इन दोनों चीजों को आप कैसे बना सकती हैं।
कोलस्लॉ सैंडविच रेसिपी

इस सैंडविच में कई सब्जियों को लंबा-लंबा काट करके डाला जाता है। इसे कई लोग खाने की डिश के साथ साइड की तरह खाते हैं। यह सलाद ड्रेसिंग ही है, जिसे वस आपको सैंडविच में भर लेना है।
सामग्री-
- 4 स्लाइस ब्रेड
- 1 कप गाजर, बारीक लंबा कटा हुआ
- 1 कप पत्ता गोभी, बारीक लंबी कटी हुई
- 1/2 कप शिमला मिर्च, बारीक लंबी कटी हुई
- 1/2 कप प्याज, बारीक लंबी कटी हुई
- 3 बड़े चम्मच मेयोनेज
- 1 चम्मच फ्रेश क्रीम
- नमक और पेपर स्वादानुसार
- 1/4 छोटा चम्मच चिली फ्लेक्स
बनाने का तरीका-
- सबसे पहले सारी सब्जियों को धोकर सुखा लें। इसके बाद इन्हें मिक्सिंग बाउल में डालें।
- अब इसमें मेयोनेज और क्रीम डालने के साथ नमक और काली मिर्च पाउडर और चिली फ्लेक्स डालकर अच्छी तरह मिक्स करें।
- इसके बाद कटिंग बोर्ड में ब्रेड स्लाइस को रखकर कोलस्लॉ सलाद फैलाएं और दूसरी स्लाइस से इसे ढक लें।
- आप चाहें तो इसे बटर में थोड़ा सेंक भी सकते हैं। आपका कोलस्लॉ सैंडविच तैयार है, टोमैटो सॉस के साथ इसका मजा लें।
इसे भी पढ़ें : ब्रेड से मिनटों में बनाएं ये स्नैक रेसिपीज, बच्चे करेंगे खूब पसंद
चीज फिंगर रेसिपी

आपने मॉजरेला स्टिक्स के बारे में सुना है? बस यह वही होता है। इसे बस ब्रेडक्रम्ब्स में अच्छी तरह कोट किया जाता है और तैयार हो जाती हैं आपकी चीज फिंगर्स। आप इसे झटपट बना सकती हैं, कैसे चलिए आपको बताएं।
सामग्री-
- 200 ग्राम मोजरेला चीज
- 3 बड़ा चम्मच मैदा
- 3 बड़ा चम्मच कॉर्नफ्लोर
- नमक स्वादानुसार
- ½ छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
- 1 छोटा चम्मच ओरेगेनो और चिली फ्लेक्स
- ब्रेडक्रम्ब्स
- तलने के लिए तेल
बनाने का तरीका-
- सबसे पहले एक मिक्सिंग बाउल में मैदा, कॉर्नफ्लोर, काली मिर्च पाउडर, हर्ब्स और चुटकी भर नमक और पानी डालकर एक घोल बना लें।
- अब मोजरेला चीज को लंबा-लंबा काट लें और इसमें मैदा डालकर इन्हें अच्छे से कोट कर लें।
- अब एक प्लेट में ब्रेडक्रम्बस डालकर रख लें। वहीं दूसरी तरफ कढ़ाही में तेल गर्म कर लें।
- इसके बाद मॉजरेला स्टिक्स को पहले घोल में डुबोएं और फिर ब्रेडक्रम्ब्स में अच्छे से रोल करें।
- तेल गर्म हो जाए तो उसमें इन स्टिक्स को डालकर कुरकुरा होने तक फ्राई करें।
- मॉजरेला स्टिक्स या चीज फिंगर्स तैयार हैं। आप इसे टोमैटो कैचप या शेजवान सॉस के साथ गर्मागर्म परोसें।
इसे भी पढ़ें : घर पर झटपट बस 10 मिनट में बनाएं मुरमुरे से ये स्नैक रेसिपीज
देखा कितना आसान है 5 मिनट में स्नैक्स बनाना। आप इतने समय में क्या-क्या बना सकती हैं, हमें कमेंट कर जरूर बताएं। अगर आपको यह लेख पसंद आया तो इसे लाइक और शेयर जरूर करें। इसी तरह की लजीज स्नैक रेसिपीज जानने के लिए पढ़ते रहें हरजिंदगी।
Image Credit : Freepik, Meredithcorp, makingchef
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।