रोटी खाने में आनाकानी करता है बच्चा, तो बनाएं उसके लिए यह टेस्टी खिचड़ी

अधिकतर घरों में बच्चे रोटी-सब्जी का नाम सुनते ही टेढ़ा-मेढ़ा मुंह बनाने लगते हैं। ऐसे में उनके शरीर की पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करना एक मां के लिए काफी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में सबसे अच्छा तरीका है कि आप बच्चे को खिचड़ी खाने को दें। इसमें आप दाल, चावल के अलावा कई सब्जियों को शामिल करके उन्हें एक टेस्टी व हेल्दी डिश सर्व कर सकती हैं। यह ना केवल खाने में अच्छी होती हैं, बल्कि बच्चे के लिए बेहद ही हेल्दी भी होती है।
इतना ही नहीं, जब आपका बच्चा छोटा है और आपने उसे ठोस आहार देने के विकल्पों पर विचार करना शुरू किया है, तब भी बच्चे को खिचड़ी दी जा सकती है। हो सकता है कि हर बार एक ही तरह की खिचड़ी खाना बच्चे को अच्छा ना लगे, तो ऐसे में आप उसके लिए हर बार एक अलग अंदाज में खिचड़ी बना सकती हैं। इस तरह उसे हर बार एक अलग टेस्ट मिलेगा और वह खुश होकर खिचड़ी खाएगा। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको कुछ अलग-अलग खिचड़ी रेसिपी के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें बच्चों को बेहद आसानी से दिया जा सकता है-
वेजिटेबल खिचड़ी
वेजिटेबल खिचड़ी खाने में बेहद ही डिलिशियस होती है और इसे बच्चों के साथ-साथ बड़े भी बेहद आसानी से खा सकते हैं। इसमें आप बच्चे की पसंद की या फिर मौसमी सब्जियों को डालकर बना सकती हैं।
वेजिटेबल खिचड़ी की सामग्री
- चावल- 1/2 कप
- मूंग की हरी दाल- 1/4 कप
- बारीक कटा हुआ प्याज
- बारीक कटा हुआ टमाटर
- शिमला मिर्च बारीक कटी हुई
- गाजर बारीक कटी हुई
- मटर के दाने
- पालक बारीक कटी हुई
- बींस कटी हुई
- 1 बड़ा चम्मच देसी घी
- जीरा
- हल्दी
- हींग
- नमक स्वादानुसार
- थोड़ी सी लाल मिर्च
इसे भी पढ़ें:घर पर 3 तरह से बनाएं 'दाबेली', शेफ से सीखें रेसिपी
वेजिटेबल खिचड़ी की विधि-
- सबसे पहले दाल और चावल को अच्छी तरह धो लें और पानी डालकर एक घंटे के लिए छोड़ दें।
- अब सभी सब्जियों को बारीक काट लें।
- अब प्रेशर कुकर में घी डालकर गर्म करें और फिर उसमें हींग, जीरा का तड़का लगाएं।
- उसके बाद उसमें बारीक कटा हुआ प्याज डालें और चलाते हुए भूनें।
- इसके बाद इसमें टमाटर डालकर उसे भी पकाएं।
- अब इसमें बची हुई सभी सब्जियां डाल दें। साथ में, नमक और हल्दी डालकर मिक्स करें।
- अब आप प्रेशर कुकर में चावल व दाल डालकर मिक्स करें।
- अब इसमें एक कप पानी डाल दें। साथ में थोड़ी लाल मिर्च भी डालें।
- अब कुकर बंद कर दे और मध्यम आंच पर दो-तीन सीटी आने तक पकाएं।
- अब गैस बंद करें और प्रेशर निकल जाने के बाद कुकर खोल दें।
- बच्चे को टेस्टी-टेस्टी वेजिटेबल खिचड़ी सर्व करें।
नोट- अगर आप चाहें तो वेजिटेबल खिचड़ी का स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें मैगी मसाला का एक पैकेट भी मिक्स कर सकती हैं।
साबूदाना खिचड़ी
साबूदाना बच्चे के लिए काफी अच्छे होते हैं और आप उसे खिचड़ी के रूप में बच्चे को दे सकती हैं।
साबूदाना खिचड़ी की सामग्री-
- 1 कप साबूदाना
- 2 आलू
- भुनी हुई मूंगफली वैकल्पिक
- कद्दूकस किया हुआ अदरक
- 1 हरी मिर्च
- जीरा
- कद्दूकस किया हुआ ताज़ा नारियल
- आधा से 1 चम्मच चीनी
- आधा से 1 चम्मच नींबू का रस
- 3 बड़े चम्मच घी
- नमक
इसे भी पढ़ें:बची हुई आलू गोभी की सब्जी से आप भी बनाएं ये शानदार रेसिपीज
साबूदाना खिचड़ी की विधि-
- सबसे पहले, साबूदाना को पानी से अच्छी तरह धो लें। उसके बाद, साबूदाने को 4-5 घंटे के लिए पानी में भिगो दें।
- अब अतिरिक्त पानी निकाल लें।
- अब आलू को उबालिये और गरम होने पर छील कर काट लीजिये.
- एक पैन में मूंगफली को ब्राउन होने तक भूनें और ठंडा होने पर ग्राइंडर में दरदरा पाउडर बना लें।
- निथारे हुए साबूदाने में दरदरा पिसा हुआ मूंगफली का पाउडर, नमक और चीनी मिला दीजिये।
- अब एक पैन में घी गरम करें। सबसे पहले जीरा को चटकने और ब्राउन होने तक भून लें।
- अब इसमें हरी मिर्च डालें और कुछ सेकंड के लिए भूनें।
- उसके बाद, इसमें कद्दूकस किया हुआ अदरक डालें।
- कुछ सेकंड के लिए अदरक की कच्ची महक जाने तक भूनें। अब कटे हुए उबले आलू डालें और एक मिनट के लिए भूनें।
- साबूदाना डालें। लगभग 4 से 5 मिनट के लिए धीमी आंच पर अक्सर हिलाते रहें।
- ध्यान रखें कि साबूदाना को ओवरकुक न करें क्योंकि इससे उनका टेस्ट बिगड़ जाता है।
- अब, आंच बंद कर दें और नींबू का रस और कटा हरा धनिया डालें। अच्छे से मिक्स करें।
- सर्व करते समय आप इसमें ऊपर से कुछ कसा हुआ ताजा नारियल भी डाल सकते हैं।
नोट- चूंकि आप बच्चे के लिए खिचड़ी बना रही हैं तो ऐसे में आप हरी मिर्च को स्किप कर सकती हैं। व मसालों को बच्चों के टेस्ट के अनुसार एडजस्ट कर सकती हैं।
अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit- Pinterest
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।