नाश्ता दिन का सबसे जरूरी मील होता है और अक्सर इसे ही लोग भूल जाते हैं। भागदौड़ भरी जिंदगी में नाश्ता मिस करना आम बात है। हममे से कई लोग ऐसा करते हैं कि या तो नाश्ता नहीं कर पाते हैं या फिर हम नाश्ते में अक्सर एक ही जैसी चीज़ें खाते हैं। अधिकतर लोगों का तो रोज़ाना का नाश्ता ही पराठे होते हैं। ऐसे में अगर आपको कहा जाए कि आप हर रोज़ अलग तरह का नाश्ता बना सकते हैं तो?
अगर रोज़-रोज़ क्या बनाया जाए ये आपको समझ नहीं आता तो हम आपको क्विक ब्रेकफास्ट रेसिपीज के बारे में बताते हैं जो हफ्ते के हर दिन अलग बनाई जा सकती हैं।
1. पुलियोगारे (इमली वाला चावल)
आपने नॉर्मल पुलाव तो बहुत खाया है, लेकिन क्या आपने पुलियोगारे का फ्लेवर चखा है? ये साउथ इंडियन रेसिपी झटपट बनती है और इसमें बहुत सारे फ्लेवर हैं।
सामग्री-
- 1 कप चावल
- 4 चम्मच इमली
- थोड़ा सा गुड़
- स्वादानुसार नमक
- 1/2 चम्मच राई
- 2-3 चम्मच मूंगफली और काजू मिक्स
- 1/2 चम्मच चना और उड़द दाल
- 1-2 हरी मिर्च
- 8-10 करी पत्ते
- चुटकी भर हींग

विधि-
- चावल को धोकर पकने चढ़ा दें।
- इमली को पानी में भिगोकर रख दें।
- इसके बाद एक पैन में थोड़ा सा घी गर्म करें और उसमें सरसें, करी पत्ता, दाल, हरी मिर्च आदि डालें।
- अब इसमें मूंगफली डालकर पकाएं और अगर आप काजू इस्तेमाल कर रहे हैं तो वो भी डालें।
- अब आप इमली का पानी (पल्प के साथ) इस पैन में डालें और इसे पकाएं जब तक ये थोड़ा गाढ़ा नहीं हो जाता।
- अब आप इसमें चावल डालें और 2 मिनट पकाएं।
- कम इंग्रीडियंट्स के साथ भी इसमें काफी फ्लेवर होगा। आप ऊपर से नमक और चाट मसाला डालकर सर्व करें।
इसे जरूर पढ़ें- Summer Drinks: घर पर झटपट बनाएं ये 3 तरह की लस्सी
2. बनाना शेक और बादाम
अब आप सोच रहे होंगे कि ये कैसी रेसिपी है, लेकिन हम तो आपको ब्रेकफास्ट ऑप्शन्स के बारे में बता रहे हैं न। अगर आपके पास सिर्फ 5-7 मिनट का समय सुबह रहता है तो ये सबसे बेस्ट ऑप्शन हो सकता है।
सामग्री-
- 3-4 केले
- 2 कप दूध
- वनीला एसेंस (ऑप्शनल)
- शक्कर (ऑप्शनल)
- इलाइची (ऑप्शनल)
- 5-6 भिगोए हुए बादाम
विधि-
- रात में सोने से पहले बादाम भिगो कर रख दें।
- सुबह उठकर केले और अन्य सामग्री के साथ दूध को मिलाकर ब्लेंड कर लें।
- अब इस बनाना शेक के साथ बादाम खाएं।

3. गुड़ के चावल
अगर आप काम पर जाने में लेट हो रहे हैं तो आप मीठे चावल का ऑप्शन जरूर दे सकते हैं।
सामग्री-
- 1 कप ब्राउन राइज
- 2 चम्मच घी
- 1 चम्मच गुड़ का पाउडर (आप चीनी ले सकते हैं, लेकिन गुड़ ज्यादा हेल्दी होगा)
- 3-4 भीगे बादाम

विधि-
- रात में बादाम भिगो कर रखना न भूलें।
- सुबह उठकर चावल पकाएं और थोड़ा गीला रखें।
- जब ये पक जाए तो इसमें घी, गुड़ का पाउडर और बादाम डालकर खाएं।
- सुबह उठकर ये हेल्दी ब्रेकफास्ट ऑप्शन आपको बहुत ज्यादा पसंद आएगा।
4. दही वाले चावल
अगर आपको मीठा खाना नहीं पसंद और थोड़ा हेवी, लेकिन हेल्दी ऑप्शन सुबह उठकर खाना पसंद करते हैं तो आप दही वाले चावल खा सकते हैं।
सामग्री-
- 1 कप चावल
- 10-12 करी पत्ता
- 1/2 चम्मच सरसों
- कटा हुआ हरा धनिया
- 1 कप सादा दही
- चुटकी भर हींग
- 2 चॉप की हुई हरी मिर्च
- सेंधा नमक स्वादानुसार

विधि-
- सबसे पहले चावल पकने चढ़ा दें।
- अब एक पैन में थोड़े से तेल में करी पत्ता, सरसों, हींग आदि डालकर तड़का लगाएं।
- अब आप पके हुए चावल में दही और कटा हुआ हरा धनिया मिलाकर ऊपर से ये तड़का डाल दें।
- आपके दही चावल तैयार हैं।
इसे जरूर पढ़ें- 1 कप बेसन से बनाई जा सकती हैं ये 5 रेसिपीज, सर्दियों के लिए है परफेक्ट जायका
5. रागी माल्ट
अगर आप झटपट बनने वाली हेल्दी ड्रिंक्स चाहते हैं तो रागी माल्ट बहुत ही अच्छा ऑप्शन हो सकता है। ये वेट लॉस के लिए अच्छी रेसिपी है।
सामग्री-
- 3-4 चम्मच रागी का आटा
- नमक
- पानी
- 2 चम्मच दही
- 1/2 चम्मच नींबू का रस

विधि-
- सबसे पहले रागी के आटे में थोड़ा सा पानी डालकर उसे भिगा लें।
- अब एक पैन में 2 कप पानी गर्म करें और उसमें ये माल्ट डालें। इसे 3-4 मिनट पकने दें।
- अब इसे ग्लास में निकाल कर थोड़ा सा दही और नींबू के रस के साथ सर्व करें।
6. पत्ता गोभी काजू उपमा
उपमा तो लगभग हर घर में बनता है, लेकिन अगर इसे पत्तागोभी और काजू के साथ पकाया जाए तो ये ज्यादा बेहतर ऑप्शन बन सकता है।
सामग्री-
- 1 कप सूजी
- 2 टमाटर
- 10-12 करी पत्ते
- 4 चम्मच कटा हुआ पत्ता गोभी
- 1 कटा हुआ प्याज
- 1/2 चम्मच किसा हुआ अदरक
- 5 लहसुन
- 1 कप दही
- 1 छोटा चम्मच जीरा
- 1 छोटा चम्मच सरसों
- 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1 चम्मच चना दाल
- 1 चम्मच उड़द दाल
- 1 चम्मच काजू

विधि-
- एक पैन में थोड़ा सा घी एड करें और उसमें जीरा, राई, चना दाल, उड़द दाल, काजू आदि एड करके भूनें।
- अब इसमें चॉप किया हुआ अदरक, चॉप किए हुए प्याज, चॉप की हुई हरी मिर्च, करी पत्ते, टमाटर, नमक आदि मिलाएं।
- इसके बाद ही इसमें चॉप किया हुआ पत्ता गोभी मिलाएं और 30 सेकंड के अंदर पानी मिला दें।
- अब इसमें धीरे-धीरे कर सूजी मिलाएं।
- एक बार ये थोड़ा मोटा हो जाए तो फ्लेम को बंद कर दें और आपका उपमा तैयार है।
7. बेसन का चीला
अगर आप रेगुलर आमलेट या फिर डोसा खा खाकर बोर हो गए हैं तो झटपट आप बेसन का चीला बना सकते हैं।
सामग्री-
- 2 कप बेसन
- अपने पसंद की चॉप की हुई सब्जियां (बीन्स या ग्रीन वेजिटेबल न डालें)
- थोड़ी सी अजवाइन
- नमक स्वादानुसार
- चाट मसाला स्वादानुसार
- पकाने के लिए तेल

विधि-
- सबसे पहले आप सभी सब्जियों जैसे प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च, गाजर आदि जो भी इस्तेमाल कर रहे हैं उन्हें चॉप कर बेसन में मिलाएं।
- इसके बाद थोड़ी सी अजवाइन डालें और चाट मसाला और नमक भी डालें।
- अब आप इसे अच्छे से घोलकर 2 मिनट रख दें और तवा गर्म कर लें।
- तवा गर्म होते ही आप इसमें तेल बहुत कम डालें और इसे अच्छे से फैला लें।
- अब डोसे के बैटर की तरह चीला फैलाएं और फिर इसे पकाएं।
- एक साइड से पकने के बाद दूसरे साइड पलटें। इसे पकने में लगभग 3-4 मिनट का समय लगेगा।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: Vegecravings/ Three whistles kitchen