अगर ठीक नहीं बनती है ग्रेवी तो आजमाएं ये 3 तरीके, मिलेगा रेस्त्रां जैसा स्वाद घर पर

घर में चिकन बनाते समय कई बार हमें रेस्त्रां जैसा स्वाद चाहिए होता है, लेकिन लाख कोशिशों के बावजूद हम चिकन में वो स्वाद नहीं ला पाते। इसका कारण होता है कि चिकन की ग्रेवी या करी को बनाने का हमारा तरीका थोड़ा अलग होता है। पर अगर आपको लगता है कि आप एक ही जैसा चिकन खा-खाकर बोर हो गई हैं और कुछ नया ट्राई करना चाहती हैं तो क्यों न चिकन को नए ट्विस्ट के साथ बनाया जाए।
अगर आको भी लगता है कि आपकी चिकन ग्रेवी अच्छी तरह से नहीं बनती है या फिर आपको वो रेस्त्रां वाला स्वाद नहीं मिलता है तो आज हम आपको तीन तरीके बताने जा रहे हैं जो आपको अलग-अलग तरीके का चिकन बनाने में मदद करेंगे। हालांकि, ये तरीके सिर्फ नॉर्मल चिकन ही नहीं बल्कि किसी वेज सब्जी को बनाने के भी काम आएंगे।
1. 20 मिनट में चिकन करी-
आप चिकन करी की रेसिपी 20 मिनट में भी बना सकती हैं। इसके लिए सिर्फ 6 इंग्रीडियंट्स लगेंगे। बस आप इसे कढ़ाई की जगह कुकर में बनाएं। डरें नहीं, इससे चिकन का स्वाद खराब नहीं होगा। चिकन को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें (अगर ब्रेस्ट पीस ले रहे हैं तो)। अब एक कुकर में 1 कप बारीक कटा प्याज, 1 बड़ा चम्मच ग्रेट किया हुआ अदरक, 1 बड़ा चम्मच ग्रेट किया हुआ लहसुन सब कुछ मिलाकर इसे गोल्डन ब्राउन होने तक भूनें। अब जितने भी मसाले आप डालना चाहें वो डालें। 30 सेकंड से ज्यादा सूखे मसालों को न पकाएं। इसके बाद चिकन डालकर 2 मिनट तक इसे मैरिनेट होने दें। इसके बाद नींबू का रस 1 चम्मच और सीजनिंग के लिए जो भी आप डालना चाहें वो डालें। अब इसमें पानी डालकर कुकर का ढक्कन बंद कर दें। सिर्फ 5 मिनट में ही आपका चिकन पक जाएगा। अगर आपको लग रहा है कि इसे थोड़ा और पकाने की जरूरत है तो 5 मिनट कुकर में और रहने दें। आप चाहें तो ऊपर से थोड़ा सा मैगी मसाला डालें। हालांकि, ये सिर्फ ऑप्शनल स्टेप है।
सीक्रेट इंग्रीडियंट- लौंग और इलाइची। अगर आपके पास खड़े गरम मसाले नहीं हैं और आप अपनी चिकन करी को ज्यादा फ्लेवर देना चाहती हैं तो प्याज आदि डालने से पहले बस दो इलाइची और चार लौंग गर्म तेल में डालें। इसे 30 सेकंड तक भूनें और फिर बाहर निकाल लें। अब इसी तेल में बाकी सामान डालें।
इसे जरूर पढ़ें-ऑमलेट को दें नया ट्विस्ट, ट्राई करें French Potato ऑमलेट, जानें रेसिपी
2. खोया से बढ़ाएं चिकन करी का स्वाद-
अगर आप नॉर्मल चिकन करी खाते-खाते बोर हो गई हैं तो क्यों न उसमें थोड़ा शाही ट्विस्ट डाला जाए। अपनी नॉर्मल चिकन करी में ही थोड़ा सा खोया मिलाने से बात बन जाएगी। बस ध्यान रहे कि इस वक्त खड़े मसालों का इस्तेमाल पहले करें। जैसे 2 लौंग, 2 हरी मिर्च, 1 दालचीनी की लकड़ी, हरी मिर्च। ये सब पहले तेल में तलें। क्योंकि हम खोया डाल रहे हैं इसलिए चिकन करी के मीठे होने की गुंजाइश है। इसलिए यहां सिर्फ प्याज़ से काम नहीं चलेगा, इसमें टोमेटो प्योरी भी डालनी होगी।
तेल में खड़े मसाले डालने के बाद, प्याज, लहसुन और अदरक डालें। सब कुछ बारीक कटा हुआ। इसके बाद टोमेटो प्योरी कढ़ाई में डालें, इसे 3-4 मिनट तक अच्छे से पकाएं। इसके बाद क्रश किया हुआ खोया। इसी के साथ, आपको इसमें किचन किंग मसाला मिलाना है। 1.5 चम्मच किचन किंग मसाला, 1 चम्मच हल्दी, कस्तूरी मेथी। इसके आगे चाहें तो थोड़े से काजू, रोस्टेड मखाना आदि मिला सकते हैं। इसमें चिकन मिलाएं और ऊपर से पानी डालकर इसे थोड़ी देर पकने दें। अगर थोड़ी देर बार लगे कि चिकन पका नहीं है तो आप ऊपर से पानी डालकर और पका सकती हैं। इसमें हरी मिर्च का ज्यादा इस्तेमाल करें न कि लाल मिर्च का।
3. बटर चिकन में बादाम का ट्विस्ट-
बटर चिकन बनाते समय अक्सर काजू का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन आपको एक बात बता दूं कि बटर चिकन में काजू की जगह बादाम का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। जी हां, ब्लांच किए हुए बादाम भी ग्रेवी में क्रीमीनेस बढ़ाने का काम कर सकते हैं।
बटर चिकन बनाते समय बहुत ज्यादा मक्खन और क्रीम एड नहीं करना हो तो काजू और बादाम बहुत अच्छा ऑप्शन साबित हो सकते हैं। बस 1 बड़ा चम्मच मक्खन और 3-4 चम्मच क्रीम में ही काम हो जाएगा। ऐसे में फायदा ये होगा कि बहुत ज्यादा फैट आप कंज्यूम नहीं करेंगी, जिससे बाद में पेट फूलने की समस्या नहीं होगी। आप इसमें कस्तूरी मेथी का इस्तेमाल जरूर करें। ये एक सीक्रेट इंग्रीडियंट का काम करेगी।
इसे जरूर पढ़ें- कटलेट से लेकर फिश फ्राई तक, खाना बनाते हुए अगर ना हो ये चीजें तो उसकी जगह डालें इनको
इसे बनाने के लिए सबसे पहले चिकन को मेरिनेट करना होगा। इसमें आप दही और अदरक लहसुन के पेस्ट के साथ अन्य सभी सूखे मसाले मिलाएं। इसे अच्छे से मैरिनेट करें और आधे घंटे के लिए छोड़ दें। अब एक पैन में तेल, मक्खन और खड़े मसाले डालें। इसमें सूखी लाल मिर्च और लहसुन की कुछ कलियां भी मिलाएं। अब इसमें 1 कप बारीक कटा प्याज डालकर भूनें और फिर 1.5 कप बारीक कटा टमाटर डालें। इसमें 6-7 बादाम या काजू मिलाएं। इसे थोड़ी देर पकने दें, उसके बाद इस पूरे मसाले को ब्लेंड करें। मैरिनेट किए चिकन को आप भून लें। इसके बाद पीसे हुए मसाले को एक उबाल आने तक पकाएं और फिर चिकन डालें। ऊपर से 3-4 चम्मच क्रीम मिलाएं और ग्रेवी थिक होने पर स्वादानुसार नमक डालें।
न करें ये गलती-
अक्सर लोग चिकन करी बनाते समय ये गलती कर बैठते हैं कि वो प्याज को या तो बहुत बड़े टुकड़ों में काट देते हैं या फिर उसे ठीक से गोल्डन ब्राउन होने तक पकाते नहीं। चिकन करी में खड़े मसालों से लेकर प्याज के बेस तक सब कुछ बहुत जरूरी होता है। इसलिए बेहतर होगा कि आप चिकन करी का स्वाद बढ़ाने के लिए उसके मसालों को ठीक से भूनें। साथ ही हल्दी डालने के तुरंत बाद चिकन न डालें, बल्कि हल्दी को पहले 30 सेकंड पकने दें। ऐसा नहीं करेंगे तो हल्दी का कच्चापन नहीं जाएगा और चिकन का स्वाद भी खराब लगेगा।
अगर चिकन की ग्रेवी में दही डाल रही हैं तो-
अगर चिकन की ग्रेवी में आपने दही डाला है तो उसे अच्छे से फेंट लें। साथ ही हो सके तो नमक तब डालें जब दही में एक उबाल आ गया हो। ऐसा करने से दही के फटने की गुंजाइश कम हो जाएगी। कढ़ी बनाते समय भी यही ट्रिक आजमाई जाती है।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।