'मुझे पीरियड्स के दिनों में बाकी लड़कियों की तुलना में ज्यादा दर्द क्यों होता है?...' अगर आपको ऐसा फील होता है, तो यह आपका वहम नहीं है। पीरियड्स के दिनों में कुछ महिलाओं को काफी तेज दर्द होता है। यह दर्द कई बार इतना अधिक होता है कि रोजमर्रा के काम तक करना मुश्किल हो जाता है। वहीं, कुछ महिलाओं को यह दर्द सामान्य होता है। बेशक पीरियड्स के दिन सभी महिलाओं के लिए अनकम्फर्टेबल होते हैं और इस वक्त पर उन्हें दर्द, ऐंठन और भी कई तरह की दिक्कतें होती हैं। लेकिन, यह दिक्कतें कुछ महिलाओं के लिए बहुत अधिक होती हैं। आपने अक्सर ये बात नोटिस की होगी कि अगर आपको क्रैम्प्स बहुत अधिक आते हैं, तो आपके मन में यह सवाल जरूर आता होगा कि ऐसा आपके साथ क्यों हो रहा है। चलिए, आपको इस सवाल का जवाब देते हैं और जानते हैं कि कई महिलाओं को पीरियड क्रैम्प्स बाकी महिलाओं की तुलना में अधिक क्यों होते हैं। इस बारे में डॉक्टर अदिति बेदी जानकारी दे रही हैं। वह, कंसल्टेंट गायनेकोलॉजिस्ट और आब्स्टिट्रिशन हैं।
पीरियड के दिनों में कुछ महिलाओं को अधिक दर्द क्यों होता है?
- कुछ महिलाओं को पीरियड्स के दिनों में इतना तेज दर्द होता है कि बिस्तर से उठना भी मुश्किल हो जाता है और बिना पेनकिलर लिए वे अपने रूटीन काम भी नहीं कर पाती हैं। वहीं, कुछ महिलाओं को यह दर्द बर्दाश्त के अंदर होता है और कुछ घरेलू नुस्खों या गर्म पानी की बोतल से सिकाई करके उन्हें आराम आता है।
- कुछ महिलाओं को तेज दर्द और कुछ को नॉर्मल पेन होने के पीछे कई कारण हो सकते हैं। ऐसा शरीर में होने वाले हार्मोनल इंबैलेंस के कारण भी होता है। पीरियड्स के दिनों में यूट्रस में कॉन्ट्रैक्शन होते हैं। ऐसा प्रोस्टाग्लैंडीन नाम के हार्मोन की वजह से होता है।
- जिन महिलाओं में इस हार्मोन का लेवल ज्यादा होता है, उन्हें पीरियड पेन ज्यादा हो सकता है। पीरियड पेन ज्यादा होने के पीछे पीसीओडी और थायराइड जैसे कारण भी हो सकते हैं। इनमें कई बार पीरियड्स हैवी होते हैं और दर्द भी अधिक होता है।
- आपको शायद यह बात नहीं पता होगी, लेकिन स्ट्रेस भी पीरियड पेन के अधिक होने का कारण हो सकता है। स्ट्रेस की वजह से शरीर में स्ट्रेस कोर्टिसोल हार्मोन बढ़ जाता है, हैप्पी हार्मोन्स कम हो जाते हैं और इसके कारण पीरियड्स अनियमित हो जाते हैं और दर्द भी अधिक होता है।
यह भी पढ़ें- क्या आपको पता है पीरियड के दर्द का देसी इलाज? दवाई से ज्यादा असरदार है नानी मां का यह रामबाण नुस्खा
- यह आपकी सेंसिटिविटी पर भी निर्भर करता है। कुछ महिलाओं का शरीर दर्द के लिए अधिक सेंसिटिव होता है और इसलिए उन्हें दर्द अधिक महसूस होता है।
- अगर आपने कॉन्ट्रासेप्शन के तौर पर आईयूडी का इस्तेमाल किया है, तो भी अधिक दर्द हो सकता है।
- पीरियड्स के दिनों में होने वाले अधिक दर्द के पीछे गलत खान-पान और अनियमित जीवनशैली भी हो सकती है।
पीरियड के दर्द के कम या बहुत ज्यादा होने के पीछे कई कारण हो सकते हैं। हालांकि, अगर आपको इन दिनों में बहुत तेज दर्द होता है, तो इसे नजरअंदाज न करें। यह किसी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है। अगर आपको स्वास्थ्य से जुड़ी कोई समस्या है, तो हमें आर्टिकल के ऊपर दिए गए कमेंट बॉक्स में बताएं। हम अपने आर्टिकल्स के जरिए आपकी समस्या को हल करने की कोशिश करेंगे।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit:Freepik, Shutterstock
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों