रात को ठीक से नहीं सोएंगी तो दिमाग और मूड दोनों होंगे खराब, जानिए कैसे?

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हम पहले से ही कई तरह के तनाव से घिरे हुए हैं। काम का प्रेशर, डेडलाइन, परिवार की जिम्मेदारियां, पैसों से जुड़ी चिंताएं, हेल्थ का ध्यान, अपने सपनों को पूरा करने की कोशिश आदि। इन सभी के बीच एक बेहद जरूरी चीज हम सबसे ज्यादा नजरअंदाज कर देते हैं और वह अच्छी नींद है। क्या आप जानती हैं कि अच्छी नींद न लेने से दिमाग और मूड पर बुरा असर पड़ता है? अगर आप भी ठीक से नहीं सोते हैं तो इस आर्टिकल को जरूर पढ़ें। इसके बारे में काउंसलिंग और इमोशनल वेलनेस एक्सपर्ट Ankita Kaul बता रही हैं।
हम अक्सर सोचते हैं कि अगर 8 घंटे सो लिया तो शरीर को पर्याप्त आराम मिल गया, लेकिन सच यह है कि सिर्फ घंटों की संख्या ही मायने नहीं रखती, बल्कि नींद की क्वालिटी, सही समय और शरीर की नेचुरल स्लीप रिद्म भी उतनी ही जरूरी होती है।
खराब नींद का ब्रेन पर असर
कई लोग देर रात 2-3 बजे तक जागते हैं और फिर सुबह देर से उठकर मान लेते हैं कि उनकी नींद पूरी हो गई। लेकिन ऐसी आदतें शरीर और दिमाग दोनों पर धीरे-धीरे बुरा असर डालती हैं। अधूरी नींद, बार-बार नींद टूटना, देर रात तक स्क्रीन देखना या जरूरत से ज्यादा सोना, ये सभी नींद की खराब आदतें मानी जाती हैं। समय के साथ ये आदतें लगातार थकान, आलस, ब्रेन फॉग, कमजोर याददाश्त, कम फोकस और भावात्मक अस्थिरता जैसी समस्याओं को जन्म दे सकती हैं।

एक्सपर्ट की राय
एक्सपर्ट के अनुसार, खराब नींद सिर्फ शरीर को थकाती नहीं, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य पर भी गहरा असर डालती है। जब नींद पूरी नहीं होती, तब एंग्जायटी और स्ट्रेस के कारण भारी महसूस होने लगता है। छोटी-छोटी परेशानियां भी बड़ी लगने लगती हैं और इंसान की इमोशनल रेसिलिएंस कम होने लगती है। मोटिवेशन घटता है, मूड बार-बार बदलता है और किसी भी काम में मन लगाना मुश्किल हो जाता है।
इतना ही नहीं, ठीक से नींद नहीं लेने का असर हमारी लाइफस्टाइल पर भी दिखने लगता है। कई लोग लगातार थकान की वजह से ज्यादा मीठा खाने लगते हैं, बार-बार चाय-कॉफी या शुगरी ड्रिंक्स लेने लगते हैं और धीरे-धीरे एनर्जी और इम्यूनिटी दोनों कमजोर होने लगती हैं। त्वचा से जुड़ी समस्याएं जैसे एक्ने, डलनेस और हेयर फॉल भी कई बार खराब नींद के कारण होते हैं। लेकिन अक्सर लोग इन समस्याओं की जड़ तक जाने के बजाय अलग-अलग उपाय खोजने लगते हैं।

भरपूर नींद लेने के उपाय
पुराने समय में हमारे दादा-दादी जल्दी सोने और जल्दी उठने की आदत पर बहुत जोर देते थे। सुबह ताजी हवा में टहलना, सीमित स्क्रीन टाइम रखना, दिनभर एक्टिव रहना और लोगों से आमने-सामने बातचीत करना उनकी लाइफस्टाइल का हिस्सा था। ये सिर्फ साधारण आदतें नहीं थीं, बल्कि मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को संतुलित रखने का तरीका थीं। आज की डिजिटल लाइफस्टाइल में देर रात तक जागना और लगातार स्क्रीन पर समय बिताना सामान्य बन गया है, जिसकी वजह से शरीर का नेचुरल क्लॉक पर बुरा असर पड़ता है।
यह भी पढ़ें- स्मार्टफोन से दूरी क्यों है जरूरी? जानें रोज 60 मिनट के Digital Detox के फायदे
सबसे बड़ी समस्या यह है कि खराब नींद का असर धीरे-धीरे दिखाई देता है। शुरुआत में यह सिर्फ थकान जैसा लगता है, लेकिन समय के साथ यह मेंटल हेल्थ, मूड, प्रोडक्टिविटी और हेल्थ को कमजोर करने लगता है। हम अक्सर प्रोडक्टिविटी हैक्स, सप्लीमेंट्स और तरह-तरह के डाइट ट्रेंड्स के पीछे भागते हैं, जबकि कई बार सबसे जरूरी समाधान अच्छी और समय पर नींद ही होती है।
यह भी पढ़ें- कहीं एयर कंडीशनर तो नहीं कर रहा है आपको बीमार? जानिए रातभर AC की हवा में सोना सुरक्षित या खतरनाक
अच्छी नींद लेना कोई आलस नहीं, बल्कि मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी है। इसलिए, ऐसी आसान आदतों की तरफ लौटें, जो हमें अंदर से हेल्दी और संतुलित बनाए रखती हैं।
हरजिंदगी के वेलनेस सेक्शन में हम इसी तरह अपने आर्टिकल्स के जरिए स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के बारे में आप तक सही जानकारी पहुंचाने की कोशिश करते रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: magnific.com
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।