Post Diwali Detox: दिवाली की थकान और ओवरईटिंग के बाद कैसे पाएं एनर्जी? जानें शरीर को डिटॉक्स करने के 4 तरीके

द‍िवाली के बाद थकान को कम करने और पुराने रूटीन में वापस लौटने के ल‍िए बॉडी को ड‍िटॉक्‍स करना जरूरी है। इसके ल‍िए आपको कुछ अभ्‍यास कर सकती हैं।
Updated:- 2026-11-08, 11:40 IST
post diwali detox tips

दिवाली का त्योहार खुशियों, स्वादिष्ट पकवानों, मिठाइयों और देर रात तक चलने वाली मस्ती से भरा होता है। इस दौरान घर में तरह-तरह के पकवान बनाए जाते हैं और हम भी अपनी पसंद की चीजें खाने से खुद को रोक नहीं पाते। कभी ज्यादा मिठाई खा लेते हैं, तो कभी रात को देर तक जागने की वजह से नींद पूरी नहीं हो पाती है। ऐसे में दिवाली खत्म होने के बाद कई लोगों को थकान, सुस्ती और शरीर में भारीपन महसूस होने लगता है। अगर आप भी त्योहार के बाद अपनी एनर्जी वापस पाना चाहती हैं, तो अब अपनी सेहत पर थोड़ा ध्यान देने का समय है।

द‍िवाली के बाद की थकान से बॉडी को ड‍िटॉक्‍स करने के तरीके

योग और आध्यात्मिक गुरु ह‍िमालयन स‍िद्धा अक्षर (अक्षर योग केंद्र के फाउंडर, लेखक और कॉलमिस्ट) ने कुछ आसान योग अभ्यास बताए हैं। इनकी मदद से आप धीरे-धीरे अपनी रोज की हेल्दी रूटीन में वापस लौट सकती हैं।

1. रोजाना पैदल चलें, धीरे-धीरे बढ़ाएं दूरी

दिवाली के बाद शरीर को दोबारा एक्टिव करने के लिए रोज पैदल चलना एक अच्छा तरीका है। इसके लिए आपको जिम जाने या काेई हैवी एक्सरसाइज करने की जरूरत नहीं है। सुबह के समय थोड़ी तेज स्‍पीड में टहलना शुरू करें। इससे दिल की सेहत और शरीर में ब्‍लड फ्लो बेहतर होता है। साथ ही मूड भी अच्छा रहता है और वेट भी कंट्रोल में रहता है।

  • शुरुआत में कम दूरी तक ही पैदल चलें।
  • जब शरीर को इसकी आदत हो जाए, तो धीरे-धीरे दूरी बढ़ाएं।
  • अपनी फिटनेस के हिसाब से रोजाना 5 किलोमीटर तक चलने का लक्ष्य रख सकती हैं।
  • वॉक करते समय अपनी स्‍पीड ऐसी रखें, जिससे आपको ज्यादा परेशानी न हो।

बस ध्यान रखें क‍ि अगर आपके घुटनों या टखनों में चोट है, दिल से जुड़ी परेशानी है, हाई ब्लड प्रेशर है या कोई दूसरी समस्या है, तो लंबी दूरी तक चलना शुरू करने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें।

post diwali detox tips (2)

2. भस्त्रिका प्राणायाम से शरीर को करें एनर्जेटिक

दिवाली के बाद अगर आपको सुस्ती महसूस हो रही है, तो भस्त्रिका प्राणायाम को भी आप अपनी रूटीन में शाम‍िल कर सकती हैं। इसे बेलोज ब्रीथ भी कहा जाता है। इसमें नाक से सांस अंदर ली जाती है और बाहर छोड़ी जाती है। इससे आपको अपनी सांसों पर ध्यान देने और अभ्यास के बाद तरोताजा महसूस करने में मदद मिलेगी। इसे करने के ल‍िए-

  • सबसे पहले किसी शांत और साफ जगह पर पालथी मारकर बैठ जाएं।
  • अब अपनी रीढ़ की हड्डी सीधी रखें और कंधों को ढीला छोड़ दें।
  • आंखें बंद करके कुछ देर सामान्य तरीके से सांस लें।
  • इसके बाद नाक से लय में करीब 10 से 20 बार सांस अंदर लें और बाहर छोड़ें।
  • फिर सामान्य तरीके से सांस लें और थोड़ी देर आराम करें।
  • धीरे-धीरे इस अभ्यास के तीन राउंड करें।

इस प्राणायाम को करते समय जल्दबाजी या जबरदस्ती न करें। सांसों पर अपना कंट्रोल बनाए रखना जरूरी है। ध्यान रखें क‍ि जिन लोगों को हाई ब्लड प्रेशर कंट्रोल में नहीं रहता, दिल की बीमारी, चक्कर आने की समस्या या हर्निया है, उन्हें यह अभ्यास नहीं करना चाहिए। प्रेग्नेंसी के दौरान भी इसे करने से बचें, जब तक डॉक्टर या हेल्थ एक्सपर्ट इसकी सलाह न दें।

यह भी पढ़ें- त्योहारों की भागदौड़ के बाद महसूस हो रही है थकान? खुद को मेंटली रिलैक्स करने के लिए करें ये काम

3. सिद्धा वॉक से शरीर का बैलेंस बनाएं

सिद्धा वॉक चलने का एक खास तरीका है। इसमें आपको जमीन पर अंग्रेजी के आठ (8) के आकार में चलना होता है। यह अभ्यास शरीर की हलचल को समझने, तालमेल बनाने और बैलेंस बेहतर करने में मदद करता है। इसे करने के लिए कुछ बातों का ध्यान रखना होगा। जैसे-

  • सबसे पहले ऐसी जगह चुनें, जहां आप आसानी से चल सकें।
  • अब आठ के आकार में चलना शुरू करें।
  • पहले लूप में नॉर्थ से साउथ की तरफ चलें।
  • दूसरे लूप में साउथ से नॉर्थ की तरफ चलें।
  • दोनों तरफ चलने में बराबर समय लगाएं।
  • अपनी पीठ सीधी रखें और आराम से कदम बढ़ाएं।
  • इस अभ्यास को रोजाना 10 से 15 मिनट तक कर सकते हैं।

इस तरह चलने से शरीर के नीचे वाले हिस्से की मसल्‍स एक्‍ट‍िव होती हैं। ध्यान रखें क‍ि अगर आपको बहुत ज्यादा चक्कर आते हैं, बैलेंस बनाने में परेशानी होती है या हाल ही में पैरों में चोट लगी है, तो बिना सही सलाह के यह अभ्यास न करें।

post diwali detox tips

image credit- magnific

4. दीपक जलाकर करें मेडिटेशन

दिवाली पर घर में दीपक जलाने की परंपरा है, लेकिन इस बार आप दीपक की रोशनी के साथ कुछ मिनट खुद के लिए भी निकाल सकते हैं। इसके लिए एक छोटा सा तेल का दीपक जलाएं और उससे दूरी पर बैठ जाएं।

  • कुछ देर दीपक की लौ को बिना आंखों पर जोर डाले देखती रहें।
  • इसके बाद आंखें बंद कर लें।
  • अब 5 से 10 मिनट तक अपनी सांसों पर ध्यान दें।
  • इस दौरान मन में कई तरह के विचार आ सकते हैं। उन्हें रोकने की कोशिश न करें।
  • बस बिना किसी परेशानी के अपने विचारों को आने-जाने दें।

इस तरह मेडिटेशन करने से मन को शांत रखने, ध्यान लगाने और भावनाओं को संभालने में मदद मिलेगी। इससे आपको कुछ देर खुद के साथ समय बिताने का मौका भी मिलेगा।

सेहत का ध्यान रखना सिर्फ कुछ दिनों का काम नहीं

Himalayan Siddhaa Akshar के मुताबिक, दिवाली के बाद अपनी सेहत का ध्यान रखने के लिए शरीर को एक्टिव रखना, सांसों पर ध्यान देना और मन को शांत रखना जरूरी है। हेल्दी रहने के लिए कुछ दिनों तक ही अच्छी आदतें अपनाना काफी नहीं है बल्कि इन्हें अपनी रोज की जिंदगी का हिस्सा बनाना चाहिए। इसलिए त्योहार खत्म होने के बाद एकदम से हैवी एक्सरसाइज शुरू करने के बजाय धीरे-धीरे अपनी पुरानी रूटीन में लौटें।

यह भी पढ़ें- Festival Detox: दिवाली के पकवान खाने से पेट में बन रही भयंकर गैस, दूर भगाने के लिए आजमाएं ये 3 सुपरफास्ट उपाय

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- AI

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।