Pollution में सुबह नहीं, इस समय करें वॉक और एक्सरसाइज; डॉक्टर से जानें

इस समय दिल्ली-NCR की हवा काफी जहरीली बनी हुई है और चारों तरफ घना स्मॉग छाया है। ऐसे में सुबह उठकर पार्क में वॉक करना या बाहर एक्सरसाइज करना सेहत बनाने के बजाय भारी नुकसान पहुंचा सकता है। दरअसल, ठंड और प्रदूषण के बीच सुबह के समय हवा में PM2.5 जैसे बहुत ही खतरनाक कण जमीन के करीब और ज्यादा मात्रा में जमा रहते हैं। जब हम तेज चलते या दौड़ते हैं, तो गहरी सांस लेते हैं, जिससे ये जहरीले कण सीधे हमारे लंग्स में उतर जाते हैं।
डॉ. विपिन अग्रवाल (कंसल्टेंट, पल्मुनाेलॉजी, मैक्स हॉस्पिटल, पतपड़गंज, दिल्ली) ने बताया कि दिल्ली-NCR के मौजूदा खराब हालातों को देखते हुए सिर्फ रोज एक्सरसाइज करना काफी नहीं है बल्कि यह भी जानना जरूरी है कि कब और कहां वर्कआउट किया जाए? आइए जानते हैं कि प्रदूषण में वॉक और एक्सरसाइज करने का सही समय और तरीका क्या हो?
-1794641949771.webp)
image credit- adobe stock
क्या प्रदूषण में सुबह की वॉक करना सही है?
डॉक्टर के मुताबिक, ऐसा जरूरी नहीं है कि सुबह की हवा हमेशा साफ हो और उस समय वॉक करना सेहत के लिए अच्छा ही हो। जब हम एक्सरसाइज करते हैं, तो हम तेज स्पीड में सांस लेते हैं। इस दौरान हम नॉर्मल से ज्यादा हवा अंदर लेते हैं। अगर उस समय हवा में प्रदूषण है, तो ज्यादा हानिकारक कण सांस के साथ फेफड़ों तक पहुंच सकते हैं। इससे कुछ लोगों को ये परेशानियां हो सकती हैं-
- खांसी बढ़ना
- सांस लेने में परेशानी होना
- सीने में जकड़न महसूस होना
- अस्थमा के लक्षण बढ़ना
इसलिए सर्दियों में वॉक पर जाने से पहले हवा की क्वालिटी जरूर देखनी चाहिए।
AQI देखकर तय करें वॉक और एक्सरसाइज का समय
बाहर व्यायाम करना है या घर के अंदर, इसका फैसला उस दिन के AQI यानी हवा में प्रदूषण के लेवल को देखकर करना चाहिए। अलग-अलग AQI पर क्या सावधानी रखनी है, इसे भी डॉक्टर विपिन अग्रवाल ने विस्तार से बताया है।
- AQI 0-100: जब AQI 0 से 100 के बीच हो, तो हवा अच्छी से संतोषजनक मानी जाती है। इस दौरान सुबह की सैर और बाहर एक्सरसाइज की जा सकती है।
- AQI 101-200: इस लेवल पर अस्थमा, COPD और दिल की बीमारी से परेशान लोगों को खास ध्यान रखना चाहिए। बुजुर्गों और बच्चों को भी लंबे समय तक या बहुत तेज गति से एक्सरसाइज करने से बचना चाहिए।
- AQI 201-300: जब AQI खराब लेवल पर पहुंच जाए, तो खुले में दौड़ना, जॉगिंग करना और ज्यादा मेहनत वाली एक्सरसाइज कम कर देनी चाहिए। जिन लोगों को पहले से सांस या दिल से जुड़ी बीमारी है, उन्हें बाहर व्यायाम नहीं करना चाहिए।
- AQI 301-400: इस लेवल पर हवा बहुत खराब होती है। ऐसे में बाहर वॉक या एक्सरसाइज करने के बजाय घर के अंदर ही थोड़ी बहुत एक्सरसाइज करना बेहतर है।
- AQI 401-500: जब AQI गंभीर स्तर पर हो, तो सिर्फ बीमार लोगों को ही नहीं बल्कि हेल्दी लोगों को भी बिना जरूरत बाहर नहीं जाना चाहिए।
image credit- magnific
Pollution में वॉक करने का सबसे अच्छा समय कौन-सा है?
कई लोगों को लगता है कि सुबह जल्दी या देर शाम को हवा सबसे साफ होती है, लेकिन ऐसा हर दिन नहीं होता है। आपको बता दें कि प्रदूषण का लेवल मौसम, हवा की स्पीड और आसपास की सिचुएशन के हिसाब से बदलता रहता है। ऐसे में डॉक्टर ने बताया कि अगर दिन में AQI बेहतर हो, तो दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच थोड़ी वॉक कर लेना चाहिए। इसका मतलब यह नहीं है कि इस समय हवा हमेशा साफ ही मिलेगी। इसलिए घर से निकलने से पहले अपने इलाके का AQI जरूर चेक करें।
यह भी पढ़ें- Pollution में रातभर एयर प्यूरीफायर चलाकर सोना कितना सही? जानें इस्तेमाल का सही तरीका
बाहर जाना जरूरी हो तो कौन-सा मास्क पहनें?
अगर प्रदूषण के दौरान किसी जरूरी काम से बाहर जाना पड़ रहा है, तो अच्छी फिटिंग वाला प्रमाणित N95 या FFP2 मास्क पहनना सही रहता है। ये मास्क PM2.5 जैसे छोटे कणों को फिल्टर करने में मदद करते हैं। बस मास्क लेते और पहनते समय इन बातों का ध्यान रखें-
- N95 या FFP2 मास्क का इस्तेमाल करें।
- मास्क चेहरे पर अच्छी तरह फिट होना चाहिए।
- मास्क के किनारों से हवा अंदर-बाहर नहीं निकलनी चाहिए।
- सर्जिकल मास्क ढीला फिट होता है, इसलिए छोटे प्रदूषक कणों से पूरी सुरक्षा नहीं दे पाता है।
ध्यान रखें कि N95 या FFP2 मास्क पहनने का मतलब यह नहीं है कि आप बहुत ज्यादा प्रदूषण में दौड़ने या भारी एक्सरसाइज करने लगें। ऐसे दिनों में बाहर मेहनत वाला व्यायाम करने से बचना चाहिए।
इन लोगों को प्रदूषण में ज्यादा सावधान रहने की जरूरत
कुछ लोगों पर प्रदूषण का असर ज्यादा होता है। ऐसे में इन लोगों को खराब हवा वाले दिनों में बाहर एक्सरसाइज करने से बचना चाहिए-
- अस्थमा के मरीज
- COPD से परेशान लोग
- दिल की बीमारी वाले लोग
- गर्भवती महिलाएं
- बच्चे
- बुजुर्ग
यह भी पढ़ें- Pollution से कैसे बचाएं अपने लंग्स? घर के लिए बेस्ट एयर प्यूरीफाइंग प्लांट्स और मास्क की पूरी गाइड
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- AI
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।