Yoga for Insomnia: ऑफिस से आने के बाद सिर्फ 5 मिनट करें यह आसन, बिस्तर पर लेटते ही आएगी अच्छी नींद

व्यस्तता भरे दिन के बाद शरीर और मन दोनों को आराम चाहिए। कई बार ऑफिस से आने के बाद व्यक्ति इतना थका हुआ होता है और उसे ठीक से नींद नहीं आती। 'विपरीत करणी आसन' एक ऐसा आसन है जो मसल्स को शांत करके शरीर की थकान मिटाने और नींद लाने में मदद कर सकता है। योग एक्सपर्ट सौरभ बोथरा बता रहे हैं आसन करने की सही विधि और फायदे भी...
अच्छी नींद के लिए विपरीत करणी आसन
योग का उद्देश्य केवल शरीर को स्ट्रेच करना नहीं होता, यह शरीर और मन के बीच एक संतुलन बनाने का काम करता है। दिनभर लगातार बैठने, स्क्रीन देखने और काम के दबाव से शरीर और मन दोनों में थकान होने लगती है। ऐसे में आपको कुछ और करने की जरूरत नहीं है, केवल जमीन पर लेटकर पैरों को दीवार पर लगाकर पांच मिनट लेटे रहें। इससे शरीर का नर्वस सिस्टम शांत होने लगता है। दरअसल, आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों के पास ज्यादा वक्त नहीं होता। ऐसे में रात को घर लौटने के बाद थोड़ी देर इस आसन का अभ्यास करने से ही पूरे दिन की थकान मिटने लगती है।
विपरीत करणी आसन को सही विधि से करना जरूरी
योग में जो भी आसन करवाए जाते हैं, उन्हें सही विधि में करने से ही उसका पूरा लाभ उठाया जा सकता है। इस आसन को भी सही विधि से करने से अनिद्रा, थकान, पैरों का दर्द और मानसिक तनाव जैसी समस्याएं कम होने लगती हैं। यह आसन शरीर को स्थिर करने और विश्राम की अवस्था में आने में मदद कर सकता है। इस आसन के दौरान सांसों की गति धीमी हो जाती है, जिससे मन शांत और एकाग्र होता है। धीमी और गहरी सांसों पर ध्यान देने से मन को बाहरी गतिविधियों से हटाकर वर्तमान क्षण पर केंद्रित करना आसान होता है।
'रेस्ट एंड डाइजेस्ट' मोड में चला जाता शरीर
इंटरनेशनल जर्नल ऑफ योगा में प्रकाशित एक अध्ययन में बताया गया है कि इस आसन के दौरान पैरासिम्पेथेटिक तंत्रिका तंत्र शांत होती है और मसल्स में तनाव कम होने लगता है। यही नहीं, सारे दिन खड़े रहने या बैठने से पैरों और टखनों में होने वाली सूजन, ऐंठन और दर्द में तुरंत आराम मिलता है। इस आसन के अभ्यास से तंत्रिका तंत्र शांत होती है और शरीर 'रेस्ट एंड डाइजेस्ट' मोड में चला जाता है, जिससे मानसिक शांति मिलती है। अनिद्रा की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए रोजाना 5 से 15 मिनट यह आसन करना बहुत फायदेमंद माना गया है।
यह भी पढ़ें- Expert Tips: रात में सोने से पहले करेंगे ये 3 काम तो आएगी अच्छी नींद
विपरीत करणी आसन की सही विधि
आप विपरीत करणी आसन को बहुत ही आसानी से सोने से पहले बिस्तर पर लेटकर कर सकती हैं। इसे करने के लिए आपको कुछ स्टेप्स को फॉलो करना होगा।
- अपने कूल्हों को दीवार से सटाकर पीठ के बल लेट जाएं।
- अब अपने दोनों पैरों को सीधा ऊपर की ओर दीवार पर टिका लें।
- आपके पैर और शरीर का कोण 90 डिग्री का होना चाहिए।
- इसके बाद अपने हाथों को शरीर से थोड़ी दूर, हथेलियों को ऊपर की तरफ करके जमीन पर रखें।
- आप चाहें तो अपने सिर या कमर के नीचे एक पतला तकिया या फोल्ड किया हुआ कंबल रख सकते हैं।
- आंखें बंद करें और धीरे-धीरे गहरी सांस लें और छोड़ें।
- इस मुद्रा में करीब 5 से 15 मिनट तक बने रहें।
- बाहर निकलते समय घुटनों को मोड़ें, दाईं करवट लें और कुछ देर वहां रुककर धीरे से उठकर बैठ जाएं।
बरतें ये सावधानियां
- हाई ब्लड प्रेशर वालों को यह आसन नहीं करना चाहिए।
- पीरियड्स के दौरान यह आसन करने से परहेज करना चाहिए।
- कमर दर्द वालों को यह आसन करते वक्त सावधानी बरतनी चाहिए।
- आसन करते वक्त कई लोगों को चक्कर भी आ सकते हैं। इससे घबराने की जरूरत नहीं है।
यह भी पढ़ें- दूर होगी टेंशन, रात को आएगी अच्छी नींद! आपका मूड पल भर में बदल देगा सिर्फ ये एक इंग्रीडिएंट; एक्सपर्ट से जानें
लेखक- सुमन अग्रवाल
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।