9 दिनों के उपवास के बाद पाचन तंत्र को रखें स्वस्थ, जानें नवरात्रि पारणा के बाद सही डाइट

भारत देश में हर साल शारदीय नवरात्रि बड़ी धूमधाम के साथ मनाई जाती है। इस दौरान माता के भक्त 9 दिनों तक कठिन उपवास भी रखते हैं। लगातार 9 दिनों तक बिना अन्न के उपवास हमारे पाचन तंत्र पर असर डाल सकता है, लेकिन 9 दिन पूरे होने के बाद दशहरे के दिन जब व्रत का समापन होता है, तो अक्सर लोग अचानक से हैवी या तला-भुना भोजन कर लेते हैं। ऐसा करना पेट के लिए परेशानी का कारण बन सकता है।
9 दिनों के व्रत के बाद पारण के समय इन बातों का रखें ध्यान
अचानक हैवी खाना खाने से लोगों को एसिडिटी, ब्लोटिंग, अपच और पेट दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए व्रत खोलने के बाद अपने पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने के लिए आपको एक सही डाइट प्लान फॉलो करना चाहिए। अगर आपने भी 9 दिनों तक लगातार उपवास रखा है और अब आप व्रत का पारण करने वाले हैं, तो नवरात्रि पारण के बाद कुछ जरूरी बातों का खास ध्यान रखें और सही खानपान के बारे में जरूर जानें। आइए जानते हैं इससे जुड़ी सही जानकारी।
उपवास के बाद ऐसा रखें अपना डाइट प्लान
9 दिनों के उपवास के बाद शरीर को हल्का खानपान देना ही सेहत के लिए सबसे फायदेमंद होता है। ऐसे में आप सही तरीके से डाइट प्लान फॉलो कर सकती हैं। जैसे
- सुबह उठकर सबसे पहले गुनगुना पानी पिएं। चाहें तो उसमें हल्का सा नींबू का रस मिला सकते हैं।
- थोड़ी देर बाद भारी भोजन करने के बजाय ताजे फलों का सेवन करें या फिर नारियल पानी पिएं।
- फल खाने के बाद भी तुरंत हैवी खाना खाने से बचें। दोपहर और रात के खाने में दलिया, मूंग दाल की खिचड़ी और उबली हुई सब्जियों जैसा हल्का खाना शामिल करें।
- अक्सर लोग व्रत के पारण वाले दिन हैवी डेयरी प्रोडक्ट्स का सेवन करने लगते हैं। ऐसे में शुरुआती समय में दूध, पनीर या ज्यादा मलाई वाली चीजों से परहेज करना चाहिए।
यह भी पढ़ें- नवरात्रि के व्रत में रोजाना कुट्टू के आटे की पूरी-पकौड़ी खाना सेहत पर पड़ सकता है भारी, जानें कितनी मात्रा है सही?
पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने के लिए 5 जरूरी टिप्स
9 दिन बाद अक्सर लोग अच्छा खाने की चाहत में अचानक हैवी खाना खा लेते हैं, जिससे उन्हें बाद में तकलीफ होती है। ऐसे में आप इन 5 बातों का खास ध्यान रखें -
- कम से कम 2 से 3 दिन तक अपने भोजन को बहुत हल्का रखें।
- शरीर से टॉक्सिन्स बाहर निकालने के लिए दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। इसके साथ आप ताजी छाछ या हर्बल टी का सेवन भी कर सकते हैं।
- पारण के शुरुआती दो दिनों तक बाहर का तला-गला खाना खाने से बचें।
- ज्यादा मिर्च-मसाले वाला खाना आपके पाचन तंत्र को खराब कर सकता है और एसिडिटी बढ़ा सकता है।
- अगर आप वर्कआउट करते हैं, तो व्रत खोलने के कम से कम 2 से 3 दिनों तक हैवी एक्सरसाइज या भारी कसरत करने से बचें।
यह भी पढ़ें- दिन में 5-6 बार थोड़ा-थोड़ा खाना क्यों हो सकता है फायदेमंद? जानें वजह
निष्कर्ष:9 दिनों तक लगातार उपवास रखने की एक पावन परंपरा चली आ रही है। ऐसे में अगर आपने भी नवरात्रि के 9 दिनों तक बिना अन्न का व्रत किया है, तो पारण वाले दिन इन छोटी-छोटी गलतियों को करने से बचें। वरना इससे आपके पाचन तंत्र को नुकसान पहुंच सकता है और सेहत भी खराब हो सकती है। सही खानपान अपनाएं और स्वस्थ रहें। उम्मीद है आपको यह जानकारी सही और उपयोगी लगी होगी। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
(Image credit: magnific)
- व्रत के तुरंत बाद क्या चाय या कॉफी पीनी चाहिए?
- खाली पेट या व्रत के तुरंत बाद स्ट्रॉन्ग चाय या कॉफी पीने से पेट में जलन और एसिडिटी की समस्या बढ़ सकती है, इसलिए इनसे बचना चाहिए।
- पाचन को ठीक करने के लिए छाछ कब और कैसे पिएं?
- दोपहर के समय भोजन के साथ या उसके बाद एक गिलास ताजा छाछ पीने से पेट को ठंडक मिलती है और पाचन तंत्र मजबूत होता है।
- क्या व्रत टूटने के बाद मीठा खाना सुरक्षित है?
- बहुत ज्यादा चीनी या भारी मिठाइयां खाने से ब्लड शुगर स्पाइक हो सकता है और पेट खराब हो सकता है। इसकी जगह गुड़ या थोड़ा सा शहद चुन सकते हैं।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।