Health Tips: हलीम के चुटकीभर बीज से महिलाओं को होंगे सेहत से जुड़े 5 बड़े फायदे

आयुर्वेद में कई सुपर फूड्स का जिक्र किया गया है। इन सुपर फूड्स में से एक हलीम के बीज भी हैं। हलीम के बीज के बारे में अधिकतर लोगों को जानकारी नहीं है या फिर इस बीज के फायदों के बारे में कम ही लोगों को पता है। सेलिब्रिटी डाइटिशियन रुजुता दिवेकर ने कुछ दिन पहले ही अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने हलीम के बीज के कई फायदे बताएं। खासतौर पर यह बीज महिलाओं की सेहत के लिए बहुत ही अच्छे होते हैं।
रुजुता कहती हैं, 'लाल रंग के दिखने वाले यह बीज बेहद आसानी से आपको किसी भी फूड स्टोर पर या ऑनलाइन उपलब्ध हो जाएंगे। यह बीज टीनएजर्स से लेकर मेनोपॉज की स्थिति में पहुंच चुकी महिलाओं तक के लिए बहुत ही फायदेमंद हैं।'
रुजुता ने वीडियों में हलीम के बीज के फायदों के साथ ही इसका सेवन करने का सही तरीका भी बताया है।
इसे जरूर पढ़ें: सेलिब्रिटी डाइटिशियन रुजुता दिवेकर से जानें सेहतमंद रहने के 10 आसान नियम
View this post on Instagram
फर्टिलिटी बढ़ाता है
रुजुता बताती हैं , 'जो महिलाएं मां बनना चाहती हैं, उन्हें हलीम के बीज का सेवन जरूर करना चाहिए क्योंकि यह फॉलिक एसिड का बहुत अच्छा सोर्स होता है और फॉलिक एसिड महिलाओं को कंसीव करने में मदद करता है।'
इसे जरूर पढ़ें: खाने में शामिल करें ये 3 चीजें, बारिश के मौसम में नहीं झड़ेंगे बाल
स्तनपान कराने वाली महिलाओं के लिए फायदेमंद
स्तनपान कराने वाली महिलाओं के लिए भी हलीम के बीज बहुत फायदेमंद साबित हो सकते हैं। रुजुता बताती हैं, 'इससे मिल्क प्रोडक्शन बढ़ता है। साथ ही यह स्तनपान कराने वाली महिलाओं में डिप्रेशन को कम करता है। इतना ही नहीं, प्रेग्नेंसी के बाद अगर आपका वजन बढ़ गया है तो आपको वजन कम करने में भी हलीम के बीज मदद करते हैं।' पोस्ट प्रेग्नेंसी हलीम के बीज का सेवन महिलाओं को और भी कई तरह के फायदे देता है। रुजुता बताती हैं, 'अगर आपको मूड स्विंग्स या फिर शुगर क्रेविंग होती है तो हलीम के बीज के सेवन से आपको इन दोनों समस्या में राहत मिल जाएगी। इतना ही नहीं, प्रेग्नेंसी के बाद शरीर में आई कमजोरी को भी हलीम के बीज का सेवन कर दूर किया जा सकता है। आपको बता दें कि हलीम के बीज से रोग प्रतिरोध क्षमता बढ़ाने में मदद मिलती है।'
त्वचा और बालों के लिए वरदान
हलीम के बीज विटामिन -E और A का बहुत अच्छा सोर्स होते हैं। इसमें भरपूर मात्रा में आयरन और फैटी एसिड्स होते हैं, जो प्रेग्नेंसी के बाद त्वचा में आए ढीलेपन और बालों के झड़ने को रोकते हैं। वैसे आमतौर पर भी महिलाएं हलीम के बीज का उचित मात्रा में सेवन कर बालों के झड़ने और त्वचा से जुड़ी परेशानियों को दूर कर सकती हैं।
टीनएजर्स के लिए हलीम के फायदे
टीनएज अवस्था में अनयिमित पीरियड्स, त्वचा पर निकलने वाले पिंपल्स और फेशियल हेयर्स की समस्या से जूझ रही लड़कियों को भी हलीम के बीज के सेवन से बहुत लाभ मिलता है। इतना ही नहीं, पीरियड्स के वक्त होने वाले दर्द में भी हलीम के बीज के सेवन से राहत मिलती है।
मेनोपॉज में हलीम के बीज के फायदे
जो महिलाएं मेनोपॉज की स्थिति से गुजर रही हैं, उन्हें अकसर थकावट, बालों के झड़ने और त्वचा में आए ढीलेपन की समस्या से जूझना पड़ता है। ऐसे में चुटकीभर हलीम के बीज आपकी यह सारी समस्याएं दूर कर देंगे।
कैसे करें हलीम के बीज का सेवन
यदि आप पहली बार हलीम के बीज का सेवन कर रही हैं तो आपको चुटकीभर मात्रा से शुरुआत करनी चाहिए। रुजुता कहती हैं, 'इतने सारे एंटीऑक्सीडेंट्स और फैट्स को पचाना आसान बात नहीं है। इसलिए हलीम के बीज को हमेशा दूध, कोकोनट और नारियल के लड्डू के साथ मिक्स करके ही अपने आहार में शामिल करना चाहिए। बेस्ट तरीका है कि आप हलीम के चुटकीभर बीज रात में पानी में भिगो दें और फिर उस पानी को दूध में बीज सहित मिक्स कर लें और पी जाएं।'
यह आर्टिकल आपको अच्छा लगा हो तो इसे लाइक और शेयर जरूर करें। हेल्थ से जुड़े और भी लाभदायक टिप्स के लिए पढ़ती रहें हरजिंदगी।
Image Credit: rekhadiwekar/instagram
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।