इन 5 चीजों में नॉन वेज डाइट से भी ज्यादा होता है प्रोटीन

जब भी बात प्रोटीन की होती है तो दिमाग में अंडे या मीट का ख्याल ही आता है। यह सच है कि नॉन-वेज डाइट में प्रोटीन काफी उच्च मात्रा में होता है, लेकिन शाकाहारी लोग भी बेहद आसानी से अपनी दैनिक प्रोटीन की आवश्यकताओं को शाकाहारी डाइट के जरिए आसानी से पूरा कर सकते हैं। अमीनो एसिड नामक छोटी इकाइयों से बना प्रोटीन क्षतिग्रस्त कोशिकाओं की मरम्मत और नए निर्माण के लिए आवश्यक है। यह टिश्यू, मसल्स और हड्डियों के निर्माण में भी अहम भूमिका निभाता है, इसलिए डाइट में प्रोटीन की कमी कई तरह की समस्या पैदा करती है। आमतौर पर बॉडी बिल्डर्स, जिम जाने वाले लोग या एथलिट्स प्रोटीन शेक, पाउडर या सप्लीमेंट के जरिए प्रोटीन की कमी को पूरा करते हैं। पर आम दिनचर्या में महिलाएं अपने शाकाहारी भोजन में ही पर्याप्त प्रोटीन प्राप्त कर सकती हैं। सामान्य व्यक्ति को दिनभर में 60 ग्राम प्रोटीन की आवश्यकता होती है जो वह अपनी तीनों मील्स में बराबर-बराबर अर्थात 20-20 ग्राम प्रोटीन लेकर अपनी दैनिक आवश्यकता को पूरा कर सकता है। इतनी मात्रा में प्रोटीन भोजन से ही प्राप्त हो जाता है। तो चलिए आज हम आपको ऐसे कुछ आहार के बारे में बता रहे हैं, जो आपके शरीर में प्रोटीन की मात्रा को बनाए रखने में मदद करते हैं।
इसे जरूर पढ़ें: इन 7 वेजिटेरियन फूड्स में है अंडे और मीट से ज्यादा प्रोटीन, इन्हें हर रोज खाएं
दालें
दालें भी प्रोटीन का एक बेहतरीन स्त्रोत मानी गई हैं। एक कप पकी हुई दाल में करीबन 18 ग्राम प्रोटीन और 15 ग्राम फाइबर होता है। वहीं राजमा, बीन्स व छोले में भी पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन पाया जाता है। इसलिए लंच के समय इनका सेवन करना आपके लिए काफी अच्छा रहेगा।
ग्रीक योगर्ट
ग्रीक योगर्ट खाने में बेहद ही स्वादिष्ट होता है। इसे अक्सर स्मूदी में मिलाया जाता है या फिर फलों के साथ इसका सेवन किया जाता है। एक कप ग्रीक योगर्ट में करीबन 23 ग्राम प्रोटीन पाया जाता है। इसके अतिरिक्त इसमें कैल्शियम व प्रोबायोटिक्स की मात्रा भी अधिक होती है। आप ग्रीक योगर्ट से कई रेसिपी बनाकर सर्व कर सकती हैं।
पीनट बटर
पीनट बटर और मूंगफली में फाइबर, प्रोटीन और फैट की मात्रा काफी अधिक पाई जाती है। अगर आप प्रोटीन की कमी को दूर करने के साथ खुद को देर तक फुल रखना चाहती हैं तो नाश्ते में टोस्ट के उपर पीनट बटर लगाएं या इसकी मदद से स्मूदी तैयार करें। हम आपको बता दें कि दो टेबलस्पून पीनट बटर में करीबन सात ग्राम प्रोटीन पाया जाता है।
इसे जरूर पढ़ें: अगर आप vegetarian हैं तो जानिए खाने की इन चीज़ों में कितना प्रोटीन है?
पनीर
पनीर खाना बच्चों से लेकर बड़ों तक हर किसी को पसंद होता है। आप भी इसकी मदद से बहुत कुछ बनाती होंगी। लेकिन क्या आपको पता है कि करीबन आधा कप पनीर में 14 ग्राम प्रोटीन पाया जाता है। इसलिए प्रोटीन को अपनी डेली डाइट का हिस्सा बनाएं और प्रोटीन की कमी को दूर करें।
सोयाबीन
सोयाबीन या उससे बनने वाले उत्पाद शाकाहारी लोगों के लिए बेहतरीन आहार माने गए हैं क्योंकि इनमें प्रोटीन के साथ-साथ अन्य पोषक तत्व भी प्राप्त होते हैं। आप सोयाबीन के अतिरिक्त तोफू या सोयामिल्क को अपनी डाइट का हिस्सा बनाएं। सोयामिल्क उन महिलाओं के लिए काफी अच्छा है जो लैक्टोज इनटालरेंट हैं और दूध नहीं पी सकतीं। 100 ग्राम सोयाबीन में लगभग 15 ग्राम प्रोटीन होता है। तो देर किस बात की, इसे आज ही खाना शुरू कर दें।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।