बाजार से भी ज्यादा टेस्टी बनेगा गोलगप्पे का पानी, घर पर ऐसे तैयार करें खट्टा-मीठा और तीखा फ्लेवर

अगर आपको घर पर गोलगप्‍पे का चटपटा और तीखा पानी तैयार करना है, तो हम आपको इसका आसान तरीका बता रहे हैं।
Updated:- 2026-11-16, 12:58 IST
image

गोलगप्पे खाने के शौकीनों की भारत में कोई कमी नहीं है। लड़कियों की गोलगप्‍पे को लेकर दीवानगी देखने लायक होती है। आमतौर पर गोलगप्‍पे खाने के ल‍िए लोग बाहर ही जाते हैं, क्‍योंक‍ि घर पर इसका पानी ठीक से बन नहीं पाता है। दरअसल, गोलगप्‍पे का असली स्‍वाद तो इसके पानी में ही होता है, जो थोड़ा तीखा और खट्ठा मीठा होता है। कुरकुरे गोलगप्पे में आलू-मसाले की फिलिंग हो और ऊपर से खट्टा-तीखा पानी मिल जाए, तो मजा ही आ जाता है।

ऐसे में अगर आपसे भी बाजार जैसा स्वाद नहीं आता जैसा सड़क किनारे मिलने वाले गोलगप्पों और उसके पानी में होता है, तो हम आपको बाजार जैसा गोलगप्‍पे का पानी बनाने का आसान तरीका बता रहे हैं। इसके लिए आपको बहुत ज्यादा सामान की जरूरत भी नहीं पड़ेगी। घर में रखे पुदीने, हरे धनिये, इमली, नींबू और कुछ मसालों की मदद से स्वादिष्ट पानी बना सकती हैं। इसमें जीरा और हींग का तड़का लगाने से इसका स्वाद और भी अच्छा हो जाएगा। आइए इसकी पूरी रेस‍िपी जानते हैं-

घर पर गोलगप्पे का पानी बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?

इस पानी को बनाने के लिए ऐसी चीजों की जरूरत होगी, जो आमतौर पर किचन में आसानी से मिल जाती हैं। आप ये सामान जुटा लें-

  • करीब 500 मिलीलीटर पानी
  • पुदीने की पत्तियां पानी की जरूरत के ह‍िसाब से 
  • हरा धनिया ज‍ितना जरूरत हो
  • 2 से 3 हरी मिर्च
  • अदरक स्‍वादानुसार
  • स्वाद के हिसाब से सफेद नमक
  • काला नमक स्‍वादानुसार
  • चाट मसाला स्‍वादानुसार
  • आमचूर पाउडर ज‍ितना जरूरत हो
  • आधा चम्‍मच हींग 
  • एक बड़ा नींबू
  • इमली का गाढ़ा पेस्ट जरूरत के ह‍िसाब से
  • थोड़ा सा खटाई का पल्प जरूरत के ह‍िसाब से 
  • जीरा आधा चम्‍मच
  • तेल दो चम्‍मच
  • जरूरत के हिसाब से कुटी हुई लाल मिर्च

कैसे तैयार करें गोलगप्पे का चटपटा पानी?

गोलगप्‍पे का चटपटा पानी बनाने के ल‍िए सबसे पहले पुदीने की पत्तियां, हरा धनिया, हरी मिर्च और अदरक लें। इन सभी चीजों को अच्छी तरह धोकर मिक्सर में पीस लें। ध्यान रखें कि इनका पेस्ट जितना अच्छा बनेगा, पानी में उतना ही अच्छा स्वाद आएगा। अब एक बड़ा बर्तन लें और उसमें करीब 500 मिलीलीटर पानी डालें। इसमें थोड़ा सफेद नमक और काला नमक मिलाएं। इसके बाद चाट मसाला, आमचूर पाउडर और थोड़ी सी हींग डालकर अच्छी तरह मिक्‍स कर लें। इससे पानी में चटपटा स्वाद आएगा।

golgappa pani making tips

image credit- istock

आपको बता दें क‍ि गोलगप्पे के पानी में खटास होना बहुत जरूरी है। इसके लिए पानी में एक बड़े नींबू का रस निचोड़ दें। अब इसमें इमली का गाढ़ा पेस्ट और खटाई का पल्प भी मिला दें। इसके बाद पहले से तैयार किया हुआ पुदीने और धनिये का पेस्ट भी बर्तन में डाल दें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं, ताकि मसाले और पेस्ट पूरे पानी में एक जैसे घुल जाएं। अब आपका गोलगप्पे का पानी हरे रंग का और खुशबूदार दिखने लगेगा। अगर आपको ज्यादा तीखा खाना पसंद है, तो इसमें थोड़ी कुटी हुई लाल मिर्च भी मिला सकते हैं। इससे पानी का स्वाद और चटपटा हो जाएगा।

यह भी पढ़ें- सालाें साल चलेगा गाजर-मूली का अचार, बस बनाने का सही तरीका जानें; स्‍वाद भी होगा जबरदस्‍त

जीरा और हींग का लगाएं तड़का

गोलगप्पे के पानी को और स्‍वाद‍िष्‍ट बनाने के लिए आखिर में एक छोटा सा काम और करना है। इसके लिए एक छोटे पैन में थोड़ा तेल गर्म करें। तेल गर्म होने पर उसमें जीरा और थोड़ी सी हींग डालकर भून लें। अब इस तड़के को तैयार पानी में डाल दें। जीरे की खुशबू और हींग का स्वाद पानी को एक अलग ही फ्लेवर देगा। आपका घर पर बना गोलगप्पे का चटपटा पानी तैयार है।

golgappa pani making tips (2)

image credit- magnific

गोलगप्‍पे के पानी का स्वाद और अच्छा बनाने के लिए अपनाएं ये छोटे टिप्स

जब आप गोलगप्‍पे का पानी तैयार करें, तो उस समय कुछ छोटी-छोटी चीजों का ध्यान रखेंगी, तो इसका स्वाद और भी अच्छा हो सकता है। जैसे-

  • अगर आपके पास कच्चा आम है, तो उसके छोटे-छोटे टुकड़े करके पानी में मिला सकती हैं। इससे स्वाद में थोड़ा खट्टापन आएगा।
  • पानी में नींबू के कुछ पतले टुकड़े डालने से भी उसका स्वाद और अच्छा हो जाता है।
  • पानी में ऊपर से बेसन की बूंदी भी म‍िला सकती हैं।
  • अगर घर में बच्चों को भी गोलगप्पे खिलाने हैं, तो शुरुआत में कम मिर्च डालें। बाद में अपने स्वाद के हिसाब से तीखापन बढ़ा सकती हैं।
  • पानी में नमक, चाट मसाला, आमचूर और बाकी चीजें ठीक से मिलाना जरूरी है, ताकि हर बार गोलगप्पे के साथ एक जैसा स्वाद मिले।

इस तरह घर पर ही आप खट्टा, मीठा और तीखा गोलगप्पे का पानी बना सकती हैं। अगली बार जब भी गोलगप्पे खाने का मन हो, तो बाहर से पानी लाने की जगह किचन में मौजूद सामान से इसे बनाकर देखें।

यह भी पढ़ें- सालभर खराब नहीं होगा आंवले का तीखा-खट्टा अचार, नोट करें बनाने का सही समय और आसान तरीका

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Magnific

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।