सालभर खराब नहीं होगा आंवले का तीखा-खट्टा अचार, नोट करें बनाने का सही समय और आसान तरीका

सर्दियों में सभी घरों में आंवले का अचार खूब खाया जाता है। ऐसे में हम आपको इसे बनाने का सही समय और तरीका बता रहे हैं। इससे ये सालों तक नहीं खराब होंगे।
Updated:- 2026-11-07, 17:13 IST
amla pickle recipe

सर्दियों का मौसम आते ही बाजार में आंवले मिलने लगते हैं। आंवले का खट्टा स्वाद खाने का मजा बढ़ा देता है। कोई इसका मुरब्बा बनाता है तो कोई चटनी, लेकिन अगर आपको तीखा और चटपटा अचार पसंद है, तो इस बार आंवले का अचार भी बना सकती हैं। इसे एक बार बनाकर सही तरीके से रख दिया जाए तो यह लंबे समय तक खराब नहीं होता है, लेकिन अचार बनाने के लिए सिर्फ अच्छी रेसिपी जानना ही काफी नहीं है।

आंवले का सही सेलेक्‍शन, मसालों की सही मात्रा और अचार को रखने का तरीका भी बहुत मायने रखता है। सबसे जरूरी बात तो आंवले का अचार बनाने का समय भी सही होना चाह‍िए। आज का हमारा लेख इसी व‍िषय पर है। हम आपको बता रहे हैं आंवले का अचार बनाने का सही समय और इसे घर पर तैयार करने का आसान तरीका क्‍या है?

amla pickle recipe (1)

image credit- adobe stock

आंवले का अचार बनाने का सही समय क्या है?

आंवले का अचार बनाने के लिए सर्दियों का मौसम अच्छा रहता है। इस समय बाजार में ताजे और अच्छे आंवले आसानी से मिल जाते हैं। आमतौर पर नवंबर से फरवरी के बीच आंवले का सीजन रहता है। ऐसे में अचार बनाने के ल‍िए ऐसे आंवले लें जो ताजे, सख्त और बिना दाग-धब्बों वाले हों। बहुत ज्यादा नरम या खराब आंवले न खरीदें। बस अचार बनाने से पहले ये चीजें देख लें-

  • सभी आंवले एक जैसे ताजे और अच्छे हों।
  • उन पर सड़न या काले धब्बे न हों।
  • आंवले धोने के बाद पूरी तरह सूखे हों।
  • अचार रखने के लिए कांच का साफ और सूखा जार तैयार रखें।

यह भी पढ़ें- भारत का यह अनोखा शहर कहलाता है 'अचार की राजधानी', दुनियाभर में है इसका जलवा

आंवले का तीखा-खट्टा अचार बनाने के लिए सामग्री

इस अचार को बनाने के लिए आपको इन चीजों की जरूरत होगी। जैसे-

  • 500 ग्राम फ्रेश आंवले
  • 2 से 3 बड़े चम्मच सरसों का तेल
  • 2 बड़े चम्मच सौंफ
  • 1 बड़ा चम्मच राई या पीली सरसों
  • आधा छोटा चम्मच मेथी दाना
  • 1 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
  • 1 से 2 छोटे चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • स्वाद के हिसाब से नमक
  • एक चुटकी हींग

amla pickle recipe (2)

 

image credit- istock

आंवले का अचार बनाने का आसान तरीका

आंवले का अचार बनाना बहुत ही आसान है। इसके ल‍िए आपको ये स्‍टेप्‍स फॉलो करने होंगे।

  • सबसे पहले आंवलों को अच्छी तरह धो लें। अब इन्हें साफ कपड़े पर फैलाकर पूरी तरह सूखने दें। अचार बनाते समय आंवलों पर पानी नहीं रहना चाहिए, क्योंकि नमी से अचार जल्दी खराब हो जाएगा।
  • अब एक बर्तन में पानी गर्म करें और उसमें आंवले डालकर थोड़ा नरम होने तक पकाएं। इसके बाद पानी निकाल दें और आंवलों को ठंडा होने दें। अब इनके टुकड़े अलग कर लें और बीज हटा दें।
  • अब सौंफ, राई और मेथी दाने को दरदरा पीस लें। इसके बाद एक बर्तन में ये सभी मसाले डालें- हल्दी, लाल मिर्च, नमक और हींग।
  • सभी चीजों को अच्‍छी तरह से म‍िक्‍स कर लें। अब एक पैन में सरसों का तेल गर्म करें। तेल को थोड़ा ठंडा होने दें और फिर इसमें मसालों का मिश्रण डाल दें।
  • अब आंवले के टुकड़े डालकर अच्छी तरह मिलाएं, ताकि मसाला हर टुकड़े पर लग जाए। अचार को अब पूरी तरह से ठंडा होने दें। इसके बाद इसे साफ और सूखे कांच के जार में भर दें।
  • बस ध्यान रखें कि जार में पानी या नमी बिल्कुल नहीं होनी चाह‍िए। अचार निकालने के लिए हमेशा साफ और सूखा चम्मच इस्तेमाल करें।

अचार को सालभर ठीक रखने के लिए इन बातों का रखें ध्यान

आंवले का अचार लंबे समय तक अच्छा रहे, इसके लिए कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना जरूरी है।

  • अचार बनाने में इस्तेमाल होने वाले बर्तन और जार साफ और पूरी तरह सूखे होने चाहिए।
  • आंवले धोने के बाद उनमें पानी न रहने दें।
  • अचार निकालते समय गीले चम्मच की इस्तेमाल न करें।
  • जार को हर बार इस्तेमाल के बाद अच्छी तरह बंद कर दें।
  • अचार में फफूंदी, अजीब गंध या रंग में बदलाव दिखे तो उसे न खाएं।

यह भी पढ़ें- आम का अचार जाएंगी भूल, जब चखेंगी जंगल के इन 7 फलों का खट्टा-मीठा Pickle

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Magnific

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।