घर में कोई नहीं खाता हरी सब्जियां तो इन ट्विस्ट के साथ करें उसे सर्व

यह तो हम सभी जानते हैं कि हरी पत्तेदार सब्जियां सेहत के लिए बहुत ही लाभकारी होती है। इसमें सिर्फ फोलेट या एंटी-ऑक्सीडेंट्स ही मौजूद नहीं होता, बल्कि इसके सेवन से विटामिन और मिनरल्स जैसे आयरन, कैल्शियम, पोटेशियम व मैग्नीशियम आदि भी प्रचुर मात्रा में मिलता है। इसलिए हर किसी को हरी पत्तेदार सब्जियां खाने की सलाह दी जाती है। इसके सेवन से आंखों की रोशनी तेज होती है, शरीर में खून की कमी भी दूर होती है। यह आपकी स्किन और बालों पर भी सकारात्मक प्रभाव डालता है।
इतना ही नहीं, दिल से लेकर दिमाग तक हर अंग को किसी ना किसी रूप में इससे लाभ मिलता ही है। लेकिन अक्सर देखने में आता है कि लोग हरी पत्तेदार सब्जियां खाने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाते और वह इससे दूर भागते हैं। अगर आपके घर में भी यही समस्या होती है तो आप इन तरीकों से उनकी डाइट में हरी सब्जियां शामिल करें। उसके बाद कोई भी हरी पत्तेदार सब्जियां खाने से मना नहीं करेगा-
सैंडविच में करें इस्तेमाल

सैंडविच खाना बच्चों से लेकर बड़ों तक हर किसी को पसंद होता है। ऐसे में आप सैंडविच बनाते समय हरी पत्तेदार सब्जियों जैसे पालक और Lettuce आदि को इसमें शामिल कर सकती हैं। आपने शायद कभी नोटिस किया हो, लेकिन अधिकतर मार्केट में मिलने वाले सैंडविच व बर्गर में Lettuce का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन बच्चे फिर भी इसे घर पर उतने ही चाव से खाते हैं। ऐसे में आप यही ट्रिक घर पर भी अपना सकती हैं।
इसे जरूर पढ़ें: हरी पत्तेदार सब्जियों से बनाएं टेस्टी स्नैक्स, बच्चे और बड़े को आएंगे पसंद
बनाएं चटनी

अमूमन हम सभी अपने खाने का स्वाद बढ़ाने के लिए खाने की थाली में कुछ अतिरिक्त एड करना चाहते हैं और इसके लिए अधिकतर घरों में लोग अचार खाते हैं। लेकिन अब आप अचार को हरी पत्तेदार सब्जियों से रिप्लेस कर दें। मसलन, आप धनिया पुदीना की मदद से चटनी बनाएं और उसे खाने के साथ सर्व करें। हर कोई चटकारे लेकर खाएगा। इतना ही नहीं, आप बच्चों की ब्रेड से लेकर उनके बर्गर यहां तक कि कई तरह की चाट में भी इस हरी चटनी का इस्तेमाल करें। बच्चों को पता भी नहीं चलेगा और बार-बार आपसे इसे खाने की जिद करेंगे।
कढ़ी में करें शामिल

यह मेरा पर्सनल एक्सपीरियंस है। मैं अपने घर में हरी पत्तेदार सब्जियों को शामिल करने के लिए इसी तरीके का इस्तेमाल करती हूं। पहले पालक को धोकर हल्का उबालकर पीस लिया और फिर उसकी प्यूरी को कढ़ी के बैटर में डाल दीजिए। इससे कढ़ी का कलर भले ही चेंज हो जाता है, लेकिन वह बहुत अधिक डिलिशियस लगती है। चूंकि मेरे घर में सभी को कढ़ी खाना बेहद पसंद है, इसलिए मैंने यह तरीका अपनाया। आप भी अपने फैमिली मेंबर्स की फेवरिट डिश में हरी पत्तेदार सब्जियों को शामिल करने का प्रयास करें।
पास्ता का बनाएं हिस्सा

केल और पालक ऐसी हरी पत्तेदार सब्जियां हैं, जो पास्ता के साथ खाने में बेहद अच्छी लगती है। यह ना केवल आपकी डिश को एक कलर देती हैं, बल्कि इससे उसका स्वाद भी कई गुना बढ़ जाता है। तो फिर देर किस बात की, जब भी आप छुट्टी के दिन पास्ता बनाएं तो उसमें केल और पालक को भी बारीक-बारीक काटकर डाल दें। पास्ता खाते-खाते बच्चे कब हरी सब्जियां भी खा जाएंगे, उन्हें पता ही नहीं चलेगा।
स्नैक्स की तरह करें सर्व

यह भी एक तरीका है हरी पत्तेदार सब्जियों को बेहद ही डिलिशियस तरीके से सर्व करने का। घर में अक्सर लोग कुछ ना कुछ चटपटा खाने की डिमांड करते हैं। तो क्यों ना आप हरी पत्तेदार सब्जियों से चाट तैयार करें। मसलन, अगर आप टिक्की की चाट बनाना चाहती हैं तो ऐसे में आप आलू की टिक्की की जगह पालक की टिक्की बनाकर उसे सर्व कर सकती हैं।
इसे जरूर पढ़ें:7 सिस्टर स्टेट्स की इन 7 अनोखी डिशेज को आप भी जरूर करें ट्राई
इसी तरह अगर चाट खाने का मन हैं तो आप सिंपल चाट की जगह पालक कटोरी चाट बनाएं, जिसमें आप पालक और मैदा की मदद से आटा लगाएं और उसे बेलकर कटोरी की शेप देकर तले। बस उसके बाद चाट तैयार करें। इसी तरह आप पालक के पत्ते को भी बेसन के बैटर में तैयार करके उससे भी चाट बना सकती है। यह चाट हर किसी के मुंह में पानी ले आएगी और आप भी फैमिली मेंबर्स को अधिक से अधिक हरी पत्तेदार सब्जियां खिला पाएंगी।
तो आप हरी पत्तेदार सब्जी को किस रूप में खाना अधिक पसंद करेंगी, यह हमें फेसबुक पेज के कमेंट सेक्शन में जरूर बताइएगा। अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit: Freepik.com
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।