वास्तु शास्त्र एक प्राचीन विज्ञान है जो घर और जीवन में संतुलन लाने के लिए दिशाओं और ऊर्जा के महत्व पर जोर देता है। चाहे बात घर के मुख्य द्वार की हो, स्टडी रूम की दिशा की, बालकनी की, या फिर घर में पौधों को सही स्थान पर रखने की, वास्तु आपके जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने में मदद करता है।
साल 2024 में वास्तु शास्त्र के कुछ उपाय और नियम बेहद प्रचलित रहे, जिन्हें अपनाकर कई लोगों ने अपने जीवन में सुख-शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव किया। आइए यहां विस्तार से जानें कि कैसे इन वास्तु उपायों को अपनाकर घर में शांति, समृद्धि और खुशहाली लाई जा सकती है।
खासतौर पर दक्षिणमुखी घरों और दक्षिण दिशा में किचन रखने जैसी कई बातों के बारे में भी इस साल लोगों ने वास्तु टिप्स के बारे में जानने की कोशिश की। वहीं बच्चों की पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण, ईशान कोण का महत्व जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई है। यहां हम आपको न केवल वास्तु के ट्रेंडिंग टिप्स के बारे में बता रहे हैं बल्कि उन्हें अपनाने के सही तरीके के बारे में भी बताएंगे। आइए, इन टिप्स को जानें और अपने घर को एक सुखद और सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर स्थान बनाएं।
मुख्य द्वार के लिए वास्तु टिप्स
वास्तु की मानें तो आपके घर का मुख्य द्वार वह स्थान होता है जहां से पूरे घर में सकारात्मक और नकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश होता है। इसी वजह से इस स्थान को हमेशा वास्तु नियमों के अनुरूप बनाने की सलाह दी जाती है। घर का मुख्य द्वार हमेशा साफ-सुथरा होना चाहिए और इस स्थान पर कूड़ा-कचरा इकठ्ठा नहीं होना चाहिए। Life Coach, Vastu Expert और Astrologer, Sheetal Shaparia बताती हैं कि आपके घर के मुख्य द्वार के लिए सबसे अच्छी दिशा उत्तर, उत्तर-पूर्व, पूर्व या पश्चिम होती है जो उस घर में रहने वाले लोगों के लिए शुभ मानी जाती है।
यदि आपका मुख्य द्वार इनमें से किसी भी दिशा में है तो हमेशा उस स्थान से सकारात्मक ऊर्जा प्रवेश करती है। वहीं कुछ ऐसी भी दिशाएं हैं जिनमें मुख्य द्वार न बनाने की सलाह दी जाती है। घर का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ नहीं होना चाहिए और आपको इस स्थान पर कुछ पौधे भी लगाने चाहिए।
अगर आप इस स्थान पर नेमप्लेट लगा रहे हैं तो यह भी आकर्षक होनी चाहिए। अगर आपका मुख्य द्वार दक्षिण दिशा में है तो इसके बाहर बगीचा बनाना जरूरी होता है। मुख्य द्वार हमेशा अन्य दरवाजों से बड़ा होना चाहिए। आप घर के ठीक बाहर विंड चाइम लगा सकते हैं और इस स्थान पर टूटा हुआ कांच भी तुरंत बदलना चाहिए। यहां आपको कूड़ादान या शू रैक जैसी चीजें रखने से बचना चाहिए।
क्या बालकनी में कबूतर का अंडे देना है शुभ संकेत?
ज्योतिषाचार्य सिद्धार्थ एस कुमार बताते हैं कि वास्तु शास्त्र में कबूतर को सुख और शांति का प्रतीक माना जाता है, लेकिन इसके घर में आने या अंडे देने के संदर्भ में अलग-अलग मान्यताएं हैं।
वास्तु के अनुसार घर की बालकनी में कबूतर का अंडे देना कई मायनों में शुभ हो सकता है। ये इस बात का संकेत हो सकता है कि आपके घर में कोई खुशखबरी आ सकती है। जैसे परिवार में किसी नन्हे मेहमान का आगमन हो सकता है, किसी की शादी हो सकती है या अन्य कोई बड़ा बदलाव हो सकता है।
यह आपको कम समय में बड़ी सफलता दिला सकता है। यह इस बात का संकेत है कि आपके जीवन में आने वाले समय में सफलता के योग हैं। आपके लिए आने वाला समय सकारात्मक हो सकता है। यह समृद्धि का प्रतीक भी माना जाता है। कबूतर का बालकनी में अंडे देना आपकी मनोकामनाओं की पूर्ति का संकेत हो सकता है। वहीं अगर कबूतर के अंडे किसी वजह से टूट जाते हैं तो ये आपके लिए किसी नकारात्मक घटना का संकेत भी हो सकता है।
यह भी पढ़ें: घर की बालकनी में कबूतर का अंडे देना शुभ या अशुभ, जानें क्या कहता है वास्तु
क्या दक्षिण मुखी घर हो सकता है शुभ?
घर के मुख्य द्वार के लिए कुछ दिशाओं को शुभ माना जाता है, वहीं कुछ ऐसी दिशाएं हैं जिन्हें अनुकूल नहीं समझा जाता है। न्यूमेरोलॉजिस्ट और टैरो कार्ड रीडर, मधु कोटिया बताती हैं कि अगर आपके घर का मुख्य द्वार दक्षिण दिशा में है तो ये आपके जीवन के लिए मिले-जुले संकेत देता है।
अगर हम इसके सकारात्मक पहलू की बात करें तो ये कई मामलों में शुभ भी हो सकता है। यह ऐसी दिशा है जहां सूरज की रोशनी ज्यादा समय के लिए रहती है और इसी वजह से यह सकारात्मक ऊर्जा का कारण बनता है। ज्यादा समय तक धूप रहने की वजह से ऐसे घरों में रखने वाले लोगों की सेहत पर अच्छा असर होता है और उनके लिए धन लाभ के योग बन सकते हैं।
अगर हम इस तरह के घरों के नकारात्मक पहलुओं की बात करें तो ये घर के मुखिया के लिए शुभ नहीं माने जाते हैं और ऐसा कहा जाता है कि यदि मुख्य द्वार दक्षिण दिशा की तरफ खुलता है तो घर के मुखिया की सेहत अक्सर खराब रहती है। हालांकि आप इसे कुछ वास्तु उपायों से ठीक भी कर सकते हैं। जैसे मुख्य द्वार के बाईं तरफ कोई छायादार बड़ा वृक्ष लगाकर या फिर घर के बाईं तरफ ऊंची दीवार बनाकर वास्तु दोषों को दूर किया जा सकता है।
क्या दक्षिण दिशा की तरफ मुंह करके खाना बनाना ठीक है?
जब हम खाना बनाते हैं तो सबसे पहले दिमाग में एक ही ख्याल आता है कि खाना बनाने की सबसे अच्छी दिशा कौन सी है। एक सबसे बड़ी बात जो मन में आती है वो ये होती है कि क्या आपका दक्षिण दिशा की तरफ मुंह करके खाना बनाना ठीक है।
इस सवाल का सही जवाब जानने के लिए हमने वास्तु एक्सपर्ट मधु कोटिया से बात की और उन्होंने हमें इस बात की जानकारी दी कि दक्षिण दिशा की ओर मुख करके खाना बनाना शुभ नहीं होता है।
इस दिशा को यम की दिशा कहा जाता है और यदि आप इस दिशा की तरफ मुंह करके खाना बनाती हैं तो आपके जीवन में इसके दुष्प्रभाव हो सकते हैं। इससे घर के लोगों की सेहत पर असर होने के साथ आर्थिक स्थिति भी खराब हो सकती है।
यदि आपके किचन में गैस स्टोव रखने का इससे बेहतर कोई स्थान नहीं है तो आपको किचन स्लैब और पानी से भरा एक तांबे का बर्तन रखना चाहिए।
यह भी पढ़ें: Vastu Tips: क्या दक्षिण दिशा की तरफ मुंह करके खाना बनाना ठीक है?
घर में आक का पौधा लगाने के फायदे
वास्तु शास्त्र के अनुसार घर में कुछ पौधों को लगाना शुभ माना जाता है। ऐसे ही पौधों में से एक है आक का पौधा। इस पौधे को घर में लगाने के कई लाभ हो सकते हैं, लेकिन इसे सही स्थान पर लगाना जरूरी है। आक का पौधा ऊर्जा के स्तर को संतुलित करने में मदद करता है और घर में सकारात्मक प्रभाव डालता है। इसे घर के बाहरी हिस्से, मुख्य रूप से उत्तर-पूर्व दिशा में लगाने से घर में समृद्धि और सुख-शांति का वातावरण बना रहता है।
आक के पौधे का एक विशेष गुण यह भी है कि यह नकारात्मक ऊर्जा को अवशोषित करने में सक्षम होता है और घर के वातावरण को शुद्ध करता है। इसके फूल और पत्तियां घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती हैं। इसके अलावा, आक के पौधे को घर में लगाने से रिश्तों में भी सुधार हो सकता है और घर के सदस्यों के बीच प्रेम और सौहार्द बढ़ सकता है।
हालांकि, आक का पौधा जहरीला होता है, इसलिए इसे बच्चों और पालतू जानवरों से दूर रखना चाहिए। इसके अतिरिक्त, इसे घर के भीतर न लगाने की बात की जाती है।
बच्चों के स्टडी रूम और पढ़ाई के लिए वास्तु टिप्स
वास्तु शास्त्र के अनुसार, बच्चों का स्टडी रूम सही दिशा और सकारात्मक ऊर्जा से युक्त होना चाहिए, जिससे उनकी एकाग्रता और मानसिक विकास में सहायता मिल सके।
उत्तर-पूर्व, उत्तर या पूर्व दिशा में स्टडी रूम सबसे शुभ माना जाता है, और पढ़ाई करते समय बच्चों का मुख भी इन्हीं दिशाओं में होना चाहिए। इन दिशाओं में स्टडी रूम का होना बच्चों के ज्ञान और सफलता को बढ़ावा देता है। आपको स्टडी टेबल को दीवार से सटा कर न रखें और सामने खुला स्थान छोड़ने की सलाह दी जाती है ताकि सोचने-समझने की क्षमता बेहतर हो।
स्टडी रूम प्राकृतिक प्रकाश और वेंटिलेशन का ध्यान रखना जरूरी है। पढ़ाई के दौरान छाया न पड़े, इसके लिए टेबल लैंप को टेबल के बाईं ओर रखें। स्टडी रूम में हल्के और सकारात्मक रंग, जैसे हल्का पीला, हरा या क्रीम, बच्चों के मनोबल को बढ़ाते हैं। स्टडी टेबल को हमेशा साफ और व्यवस्थित रखें। अनावश्यक सामान हटाने से ध्यान केंद्रित करने में मदद मिलती है।
वास्तु के अनुसार ईशान कोण में क्या रखना चाहिए
ऐसा माना जाता है कि घर के ईशान कोण में कुछ चीजों को रखने से जीवन में समृद्धि बनी रहती है। यह घर की उत्तर-पूर्व दिशा होती है और वास्तु और ज्योतिष में पवित्र और शुभ मानी जाती है। इसे भगवान शिव का निवास स्थान भी कहा जाता है इसलिए इसे साफ-सुथरा और सकारात्मक ऊर्जा से भरा रखना आवश्यक होता है। यदि आप घर के ईशान कोने में घर का मंदिर या पूजा स्थल बनाते हैं तो सदैव खुशहाली बनी रहती है।
वास्तु के अनुसार, ईशान कोण में भारी सामान, जूते-चप्पल, कूड़ा-कचरा, या वॉशरूम नहीं होना चाहिए, क्योंकि इससे नकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है और आर्थिक तथा स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। इस स्थान पर आपको कभी भी शादीशुदा जोड़े का बेडरूम भी नहीं बनाना चाहिए क्योंकि यह रिश्तों में तनाव और मनमुटाव ला सकता है।
घर के ईशान कोण को हमेशा खाली और साफ रखें। यह स्थान जल स्रोत जैसे कुआं, बोरिंग या पीने के पानी के लिए सबसे अच्छा माना जाता है। यही नहीं बच्चों के पढ़ाई के कमरे के लिए भी यह दिशा आदर्श मानी जाती है, क्योंकि यह एकाग्रता और ज्ञान बढ़ाने में सहायक होती है। आपको कुछ पौधे भी इस दिशा में लगाने की सलाह दी जाती है। जैसे ईशान कोण में ही तुलसी का पौधा लगाना और नियमित पूजा करना अत्यंत शुभ माना जाता है।
इस साल वास्तु के कुछ ऐसे टिप्स रहे जो लोगों की पहली पसंद बने और इनसे जीवन में समृद्धि लाने में मदद मिली। आप भी इन उपायों को आजमा सकते हैं और जीवन को खुशहाल बना सकते हैं।
आपको यह स्टोरी अच्छी लगी हो तो इसे फेसबुक पर शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह और भी आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से। अपने विचार हमें कमेंट बॉक्स में जरूर भेजें।
Images: Freepik.com
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों