घर में रखी इस एक चीज से चमका सकती हैं पूरा बाथरूम, टाइल्स से लेकर पॉट तक सब हो जाएगा साफ

घर का बाथरूम अगर साफ नहीं है, तो दुनिया भर की बीमारियों का कारण बन सकता है। ऐसे में यह जरूरी है कि इसे ठीक तरह से साफ किया जाए। आज हम आपको उसके बारे में बता रहे हैं। 
Updated:- 2024-03-28, 16:22 IST
image

बाथरूम की सफाई वैसे तो हर हफ्ते होती है, लेकिन फिर भी टाइल्स, पॉट, सिंक आदि में पानी के निशान या पीलापन आ ही जाता है। ऐसे में अगर किसी त्योहार के समय की सफाई हो तब तो बात ही और है। हाल ही में होली गई है और इस दौरान घर के आंगन के साथ-साथ बाथरूम के टाइल्स भी गंदे हो गए होंगे। होली का रंग कई दिनों तक नहीं निकलता है। अब इसकी सफाई के लिए या तो आप बाजार से महंगे क्लीनर्स खरीदें, या फिर खुद ही घर के प्रोडक्ट्स से इसकी सफाई करें। 

बाथरूम की सफाई में सिर्फ फर्श ही नहीं, बल्कि शावर, पॉट, सिंक, टैप आदि बहुत कुछ आता है और अगर आपसे कहा जाए कि किचन के एक ही इंग्रीडिएंट से आप इसकी सफाई कर सकती हैं, तो आपका जवाब क्या होगा? बाथरूम की सफाई के लिए आपके किचन में रखा हुआ सफेद सिरका ही बहुत काम का साबित हो सकता है। आज हम आपको बाथरूम की सफाई एक ही इंग्रीडिएंट की मदद से कैसे की जा सकती है वही बताने जा रहे हैं। 

शावर की सफाई के लिए सफेद सिरका

शावर में अक्सर खारे पानी के दाग लग जाते हैं। उनकी क्लीनिंग के लिए इन चीजों का इस्तेमाल करें। 

shower and bathroom cleaning with vinegar

सामग्री

  • 1 कप सफेद सिरका
  • 1 कप पानी
  • 2 चम्मच डिश वॉश लिक्विड
  • स्प्रे बॉटल

क्या करें?

आप सफेद सिरके में डिशवॉशिंग लिक्विड और पानी डालें। इसके बाद आप इसे स्प्रे बॉटल में डालकर शावर में लगे दाग के ऊपर छिड़कें। इस स्प्रे को आप टाइल्स, हैंड जेट और सिंक के लिए भी इस्तेमाल कर सकती हैं। 

ध्यान रखें कि आपको इसकी सफाई के लिए ग्लव्स की जरूरत होगी जिससे हाथों की रक्षा की जा सके। इस सॉल्यूशन को 10-15 मिनट के लिए दाग पर लगाएं और फिर इसे साफ करें। आप इसे ज्यादा देर के लिए भी छोड़ सकती हैं और अगर दाग बहुत गहरे हैं, तो सिर्फ सफेद सिरका और डिश वॉश लिक्विड भी लगा सकती हैं। 

इसे जरूर पढ़ें- सफाई की ये बुरी आदतें अगर आपमें भी हैं तो तुरंत बदलें

वॉश बेसिन की सफाई के लिए सफेद सिरका

कई बार हमारे वॉश बेसिन में इस तरह के दाग लग जाते हैं जिन्हें साफ करना आसान नहीं होता। वॉश बेसिन अगर सफेद है, तब तो ये दाग और भी बुरे लगते हैं। 

सामग्री

1 कप सफेद सिरका, 2 नींबू, 1 कप पानी और स्प्रे बॉटल 

क्या करें? 

सभी चीजों को अच्छे से मिक्स करें और वॉश बेसिन में लगे दाग पर डालें। नींबू का रस और सफेद सिरका दोनों ही एसिडिक होते हैं और ये दाग पर अच्छी तरह से काम करते हैं।  

इस मिक्सचर को 10-15 मिनट तक ऐसे ही रहने दें और फिर ब्रश से रगड़कर साफ कर दें। आप चाहें तो इसे और भी किसी चीज से साफ कर सकती हैं।  

टॉयलेट पॉट की सफाई के लिए सफेद सिरका 

टॉयलेट पॉट की सफाई और डिसइन्फेक्शन दोनों के लिए ही यह जरूरी है कि कोई पावरफुल क्लीनर यूज किया जाए। उसके लिए दो सबसे स्ट्रॉन्ग क्लीनिंग एजेंट इस्तेमाल करें।  

pot cleaning from vinegar

सामग्री 

1 कप सफेद सिरका, 1 कप बेकिंग सोडा, कुछ बूंदें एसेंशियल ऑयल 

क्या करें? 

सबसे पहले आप सफेद सिरका और बेकिंग सोडा मिलाकर टॉयलेट पॉट में डाल दें। इसे लगभग 1 घंटे के लिए आप पॉट में ही रहने दें और फिर इसे ब्रश से क्लीन कर लें। सफाई के बाद आप उसमें एक दो बूंद एसेंशियल ऑयल डाल सकती हैं जिससे बाथरूम पॉट से आने वाली गंदी स्मेल पूरी तरह से दूर हो जाएगी।  

इसे जरूर पढ़ें- Cleaning Tips: घर की सफाई करते वक्त इन बातों का रखें ध्यान 

बाथरूम के टाइल्स की सफाई के लिए सफेद सिरका 

बाथरूम के टाइल्स में पीलापन अगर आ गया, तो यह आसानी से साफ नहीं होता है। इसके लिए आपको थोड़ी मेहनत करनी होगी।  

सामग्री 

  • 1 कप सफेद सिरका
  • 3 बड़े चम्मच फ्लोर क्लीनर
  • 3 बड़े चम्मच बेकिंग सोडा
  • थोड़ा सा डिश वॉश सोप 

क्या करें? 

सारी सामग्री को मिलाएं और फिर उसे टाइल्स में दाग जहां भी हो वहां फैला दें। अगर यह बहुत गाढ़ा पेस्ट बन गया है, तो थोड़ा पानी मिलाकर इसे डाइल्यूट कर लें। ध्यान रखें कि ये सभी चीजें मिलकर केमिकल रिएक्शन करेंगे इसलिए हाथों, आंखों और मुंह को बचाकर रखें। इससे बदबू भी आ सकती है और कुछ लोगों को आंखों को जलन भी हो सकती है। इसलिए आप इसे ध्यान से ही इस्तेमाल करें।  

इसे टाइल्स पर लगाकर 10-15 मिनट के लिए छोड़ दें और उसके बाद उसे ब्रश से घिस दें। यह बहुत ही पावरफुल मिक्सचर है जो टाइल्स का पीलापन दूर कर देगा, लेकिन अगर आपने एक हिस्से पर लगाया है और बाकी पर नहीं, तो एक हिस्सा ज्यादा सफेद दिखने लगेगा इसलिए पूरे फर्श पर बराबर मात्रा में फैलाएं।  

आप सफेद सिरके का इस्तेमाल खाने के अलावा किस तरह से करती हैं? हमें आर्टिकल के ऊपर दिए कमेंट बॉक्स में बताएं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से। 

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।