Fri Sep 11, 2026 | Updated 09:55 PM IST

Gunjan Saxena The Kargil Girl: गुंजन सक्सेना के फर्स्ट लुक में जाह्नवी कपूर दिख रही हैं जांबाज

Gunjan Saxena The Kargil Girl के पहले लुक में जाह्नवी कपूर दिख रही हैं बेहद इंप्रेसिव। देखिए फिल्म के तीन लुक।
Updated:- 2019-08-29, 12:50 IST
janhvi kapoor in gunjan saxena look main

कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायुसेना को अपनी अमूल्य सेवाएं देने वाली गुंजन सक्सेना पर बन रही बायोपिक 'गुंजन सक्सेना द करगिल गर्ल' का पहला लुक जारी हो गया है। करण जौहर ने सोशल मीडिया पर गुंजन सक्सेना की बायोपिक का फर्स्ट लुक शेयर किया है, जिसमें बॉलीवुड एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर गुंजन सक्सेना के रंग में रंगी नजर आ रही हैं। इस पोस्टर को जाह्नवी कपूर ने भी अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। 

gunjan saxena the kargil girl inside

कारगिल युद्ध में भीषण गोलाबारी के बीच डटी रही थीं गुंजन सक्सेना

गुंजन सक्सेना ने अपनी बहादुरी का परिचय देते हुए कारगिल युद्ध में अपनी सेवाएं दी थीं। अकेले काम करते हुए एयरफोर्स के जवानों से तालमेल बिठाना उनके लिए थोड़ा चैलेंजिंग था, लेकिन उन्होंने हर काम पूरी तरह से फोकस बना कर किया। कारगिल, तोलोलिंग और बटालिक जैसे इलाकों में भीषण युद्ध के बीच गुंजन निर्भीक तरीके से उड़ान भरती थीं और इन इलाकों में चल रहे हालात के बारे में भी निरंतर ब्रीफिंग देती थीं। इस दौरान अपनी जान की परवाह ना करते हुए उन्होंने सौंपे गए सभी मुश्किल टास्क को अंजाम दिया। देश की सेवा के लिए समर्पित रहने वाली गुंजन सक्सेना के इसी प्रभावशाली किरदार को जाह्नवी कपूर ने सिल्वर स्क्रीन पर उतारा है फिल्म 'गुंजन सक्सेना द करगिल गर्ल' में। गुंजन सक्सेना कारगिल युद्ध में अकेली ऐसी महिला थीं, जिन्होंने चीता हेलिकॉप्टर उड़ाया था और युद्ध में घायल हुए जवानों तक मदद पहुंचाई थी। युद्ध के दौरान लंबे समय तक उनकी परिवार से बात नहीं हुई थी, लेकिन देश के लिए अपना फर्ज निभाते हुए लगातार हो रही गोलाबारी के बीच अपनी सेवाएं दीं। 

इसे जरूर पढ़ें: शालिजा धामी बनीं देश की पहली महिला फ्लाइट यूनिट कमांडर

इस लुक में क्या है खास?

इन पोस्टर्स में जाह्नवी कपूर नेचुरल लुक में भी काफी खूबसूरत दिखाई दे रही हैं, वहीं एक पोस्टर में उनके साथ जाने-माने एक्टर पंकज त्रिपाठी नजर आ रहे हैं। एक पोस्टर में जाह्नवी मल्टीकलर स्वेटर पहने हुए पूरी तरह से वाइब्रेंट लुक में नजर आ रही हैं। इस लुक में वह हाथ से कागज का बना जहाज उड़ाती नजर आ रही हैं, जो फिल्म की थीम से पूरी तरह से मेल खाता है। दूसरे पोस्टर में जाह्नवी एयरफोर्स पायलट की यूनिफॉर्म में साथी अफसरों के साथ शान से खड़ी नजर आ रही हैं। इस तस्वीर में जाह्नवी के चेहरे पर देश प्रेम का गौरव साफ देखा जा सकता है। 

इसे जरूर पढ़ें: फूड के पॉपुलर यू-ट्यूब चैनलों से इन 3 मास्टर शेफ्स ने पाई शोहरत

करण ने इंस्टाग्राम पर पोस्टर शेयर करते हुए गुंजन सक्सेना के बारे में ऐसी पंक्तियां लिखी हैं, जो उनकी शख्सीयत बयां करती हैं। उन्होंने लिखा, "उसे कहा गया था कि लड़कियां पायलट नहीं बनतीं, लेकिन वह अपने लक्ष्य पर अड़ी रहीं। वह उड़ना चाहती थी।"

 

वहीं दूसरे पोस्टर में करण ने गुंजन सक्सेना के साहस की तारीफ करते हुए लिखा, "अदम्य साहस और बहादुरी के साथ उसने पुरुषों की दुनिया में अपने लिए मुकाम बनाया।" करण जौहर महिला सशक्तीकरण से देश में एक सकारात्मक माहौल बनता देख रहे हैं और उनकी ये लाइन्स इसी भाव को बयां करती है। 

 

तीसरे पोस्टर में गुंजन सक्सेना जाह्नवी कपूर फिल्म में अपने पिता बने एक्टर पंकज त्रिपाठी से गले मिलते नजर आ रही हैं। करण ने लिखा, "उनकी (गुंजन सक्सेना की) ताकत, उनके पिता। उन्होंने गुंजन को उड़ान भरने के लिए पंख दिए।"

 

करण जौहर गुंजन सक्सेना के जीवन पर बनी इस इंस्पिरेशनल फिल्म को लेकर काफी एक्साइटेड हैं और जोर-शोर से इसके प्रमोशन में लगे हुए हैं। शरण शर्मा के निर्देशन में बन रही इस फिल्म को धर्मा प्रोडक्शन्स और जी स्टूडियोज ने संयुक्त रूप से प्रोड्यूस किया है। इस फिल्म में जाह्नवी कपूर और पंकज त्रिपाठी के अलावा अंगद बेदी, विनीत कुमार, मानव विज भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म 13 मार्च 2020 को रिलीज हो रही है। जाह्नवी कपूर की चचेरी बहन शनाया कपूर, जो संजय कपूर की बेटी हैं, भी इस फिल्म का हिस्सा हैं। शनाया फिल्म की एसिस्टेंट डायरेक्टर हैं। साल 2020 में फिल्मों में पूरी तरह से डेब्यू करने से पहले वह फिल्म प्रोडक्शन की बारीकियों से रूबरू हो रही हैं। 

 

 

जाह्नवी कपूर लंबे वक्त से इस किरदार के लिए तैयारी कर रही थीं। गुंजन सक्सेना के किरदार में जान डालने के लिए उन्होंने अपनी बॉडी लैंग्वेज के साथ डायलॉग डिलिवरी पर भी काफी ध्यान दिया है। जाहिर है अपनी पहली फिल्म धड़क में मिले पॉजिटिव रेसपॉन्स के बाद जाह्नवी कपूर एक मंझे हुए कलाकार के तौर पर खुद को पेश करना चाहती हैं। फिल्म के लुक को देखकर यही लगता है कि अपनी एक्टिंग से इंप्रेस करने के लिए उन्होंने काफी मशक्कत की है। 

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।