गर्मियों में आम की मदद से बनाएं यह स्वीट रेसिपीज

अगर आपको आम खाना बेहद पसंद है तो आप समर में यह स्वीट रेसिपीज तैयार कर सकती हैं। 
Updated:- 2022-04-30, 11:55 IST
Mango  Sweet  Recipe hindi

आम को यूं ही फलों का राजा नहीं कहा जाता। गर्मियां आते ही मार्केट में कई किस्म के आम मिलने लगते हैं। इन्हें चाहे यूं ही खाया जाए या फिर इससे शेक, लस्सी या पन्ना आदि बनाकर पिया जाए, यह हर रूप में ही अच्छा लगता है। शायद ही ऐसा कोई घर हो, जिसमें गर्मियों में आम का सेवन ना किया जाता हो। यूं तो आम से अपने टेस्ट बड को ट्रीट देने के कई तरीके हैं और यकीनन आप आम से हर बार कुछ अलग करने का मन बनाती होंगी।

इसी तरह, अगर आप आम को फिर से एक नए अंदाज में सर्व करना चाहती हैं, तो क्यों ना इससे कुछ स्वीट रेसिपीज तैयार की जाए। चूंकि आम बेहद ही मीठा होता है, तो आपको शुगर की भी बेहद कम आवश्यकता होगी और इस तरह आप हेल्दी तरीके से हर किसी को खुश भी कर पाएंगी। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको आम की मदद से बनने वाली कुछ स्वीट रेसिपीज के बारे में बता रहे हैं-

इसे जरूर पढ़ें-घर पर बनाएं कच्चे आम की टेस्टी आइसक्रीम, जानें रेसिपी

Aam  ki  sweet  recipe

मैंगो पेड़ा

अगर आप आम की मदद से एक क्विक स्वीट रेसिपी की तलाश में हैं तो मैंगो पेड़ा बनाना एक अच्छा विचार हो सकता है। इसे आम की प्यूरी और मिल्क पाउडर की मदद से तैयार किया जाता है।

सामग्री-

  • 3 टेबल स्पून घी
  • 3/4 कप मिल्क पाउडर
  • 3/4 कप कंडेंस्ड मिल्क
  • 3/4 कप मैंगो प्यूरी
  • 1 बड़ी चुटकी केसर
  • 1 बड़ी चुटकी इलायची पाउडर
  • 10-12 बादाम
  • पिस्ता - गार्निश के लिए

विधि-

  • सबसे पहले एक बड़े नॉन स्टिक या भारी तले के पैन में धीमी-मध्यम आंच में 1 बड़ा चम्मच घी गर्म करें।
  • अब पैन में मिल्क पाउडर, कन्डेंस्ड मिल्क डालें और अच्छी तरह मिलाएं।
  • इसे तब तक पकाएं, जब तक कि आपको आटे की कंसिस्टेंसी ना मिल जाए। अब मिश्रण को एक अलग प्लेट में निकाल लें।
  • अब पैन में करीबन 2 टेबल स्पून घी डालें।
  • साथ ही इसमें मैंगो प्यूरी, इलाइची पाउडर और केसर डालें और लगातार चलाते हुए पकाते रहें।
  • आप इसे तब तक पकाएं जब तक कि आम की प्यूरी थोड़ी गाढ़ी न हो जाए।
  • अब दूध पाउडर, कंडेंस्ड मिल्क का मिश्रण वापस पैन में डालें और अच्छी तरह मिक्स करें।
  • धीरे-धीरे सभी सामग्री पिघल जाएगी और आपको एक समान मिश्रण मिल जाएगा।
  • आप मिश्रण के गाढ़ा होने तक पकाते रहें और फिर गैस बंद कर दीजिए।
  • अब मिश्रण को एक अलग प्लेट में निकाल लीजिए और इसे ठंडा होने दें।
  • हालांकि, ध्यान दें कि मिश्रण को पूरा ठंडा नहीं करना है।
  • जब मिश्रण हल्का गर्म हो, तब इसका एक छोटा सा हिस्सा लें और इसे एक बॉल बना लें।
  • इसे धीरे से चपटा करें और फिर बीच में एक साबुत बादाम रखें।
  • गार्निश के लिए केसर के धागे और कटे हुए पिस्ते का प्रयोग करें।
  • आपके मैंगो पेड़ा बनकर तैयार हैं।

इसे जरूर पढ़ें- घर पर बनाएं आम और पुदीने की मीठी चटनी, जानिए बनाने का तरीका

Mango  Sweet  Recipe

मैंगो संदेश

बंगाली मिठाई संदेश (झटपट संदेश बनाएं, जानें आसान रेसिपी) मुंह में जाते ही घुल जाती है। अगर आप इसे एक ट्विस्ट के साथ बनाना चाहती हैं तो मैंगो संदेश तैयार किया जा सकता है।

सामग्री-

  • 1 लीटर फुल क्रीम दूध
  • 1 नींबू दूध फटने के लिए
  • आधा कप चीनी
  • 1 कप आम का पल्प
  • 1 बड़ा चम्मच मिल्क पाउडर (वैकल्पिक)
  • किशमिश या मेवा (वैकल्पिक, सजाने के लिए)

विधि-

  • एक भारी तले के पैन में 1 लीटर दूध लें।
  • आंच को मध्यम तेज कर दें और दूध को उबलने दें।
  • दूसरी तरफ, नींबू को दो टुकड़ों में काट लें।
  • नींबू के रस को एक बाउल में निकाल लें।
  • सुनिश्चित करें कि रस में कोई गूदा और बीज नहीं हैं।
  • दूध में नींबू का रस धीरे-धीरे डालें।
  • इसे धीरे-धीरे चलाएं और दूध को फटने दें।
  • इसे धीमी आंच पर 1-2 मिनट तक चलाएं।
  • दूसरी ओर, रसोई के सिंक में एक कोलंडर रखें और कोलंडर पर मलमल का कपड़ा रखें।
  • अब फटे हुए दूध को मलमल के कपड़े में डालें।
  • एक चम्मच की सहायता से, छेना को ठंडा करने के लिए एक मिनट के लिए धीरे से हिलाएं।
  • कपड़े के कोनों को इकट्ठा करो।
  • छैना बहते पानी में डाल दें। छेना को ध्यान से धो लीजिए ताकि नींबम का स्वाद हट जाए।
  • अतिरिक्त पानी निचोड़ें और फिर कपड़े की एक गांठ बांध लें।
  • छेना को 30 मिनट के लिए लटका दें, ताकि इसका पानी निकल जाए।
  • अब छेना को अच्छी तरह से मसल कर 5-6 मिनिट के लिए गूंथ लीजिए।
  • ऐसा आपको तब तक करना है, जब तक कि सारे दाने गायब न हो जाएं।
  • अब आधा कप चीनी नाप कर ग्राइंडर के जार में डाल दें। इसे पीस लें।
  • इसके बाद छेना में पिसी चीनी डालिये और मिक्स कर दीजिए।
  • मिश्रण को एक नॉन स्टिक पैन (नॉन-स्टिक पैन को साफ करने की टिप्‍स) में डालें और मध्यम धीमी आंच पर पकाएं।
  • मिश्रण में मिल्क पाउडर डालें और समान रूप से मिला लें।
  • अब आम के गूदे को मिश्रण में डालें और अच्छी तरह मिलाएं।
  • आंच को मध्यम करके 10 मिनट तक पकाएं। इसे लगातार चलाते रहें ।
  • करीबन 10 मिनट के बाद सामग्री गाढ़ी होने लगेगी।
  • इस स्तर पर आंच धीमी करें और इसे 5-10 मिनट के लिए और पकाएं।
  • आंच बंद कर दें और पैन को नीचे रख दें।
  • मिश्रण को एक प्लेट में डालें और कमरे के तापमान पर ठंडा होने दें।
  • अब संदेश बनाने के लिए इसके छोटे-छोटे भाग लेकर अपने हाथों से छोटी-छोटी लोइयां बना लें।
  • हथेली से बॉल को हल्का सा चपटा करें। ऊपर के बीच में अपनी पसंद की कोई भी एक मेवा रखें।
  • आपके टेस्टी मैंगो संदेश बनकर तैयार हैं।
  • आप से एयरटाइट बॉक्स में भरकर फ्रिज में एक हफ्ते तक रख सकते हैं।

अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।

Image Credit- freepik, onmanorama, sailusfood

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।