सिर्फ अचार और शेक ही नहीं, गर्मियों में आम से बनाएं ये चीजें

गर्मियां शुरू होते ही आम की बाहार आ जाती है। लोग बेसब्री आम का इंतजार करते हैं, ताकि वे उससे अचार, चटनी और मैंगो शेक बना सकें। कुछ लोग तो आम खाना इतना पसंद करते हैं कि पेटी की पेटी आम की घर पर जमा कर लेते हैं। रात को खाना खाने के बाद या दिन में लंच की जगह मैंगो शेक पीने का अलग ही आनंद है।
आम एक वर्सेटाइल फल है जिसकी कई सारी डिशेज भी तैयार की जा सकती है। आमतौर पर लोग इसका शेक, चटनी, अचार और आम पन्ना जैसी चीजें बनाते हैं। मगर आज हम आपको इससे बनने वाली कुछ मजेदार रेसिपीज बताने वाले हैं।
मैंगो लेमोनेड

मैंगो लेमोनेड बनाने के लिए सामग्री-
- 1 पका और एक कच्चा आम
- 1/2 कप नींबू का रस
- 1/4 कप शहद
- पानी आवश्यकतानुसार
- स्वादानुसार काला नमक
- आइस क्यूब्स
- पुदीने की पत्तियां
मैंगो लेमोनेड बनाने का तरीका-
- एक ब्लेंडर में कटे पके और कच्चे आम को छीलकर उसका गूदा डालें। इसमें एक कप पानी डालकर उसे स्मूथ पीस लें।
- अब एक बड़े कटोरे में आम की प्यूरी, नींबू का रस और शहद मिलाएं। शहद अच्छी तरह से प्यूरी में घुल जाना चाहिए।
- अब इस कटोरे में 2 कप पानी डालें और फिर अच्छी तरह से मिश्रण को मिलाएं। अगर जरूरत लगें, तो इसमें नींबू का रस और मिठास अपने हिसाब से कम ज्यादा कर सकते हैं।
- 2 गिलास में आइस क्यूब और पुदीना की पत्तियां डालकर चम्मच से हल्का मैश करें। इसमें काला नमक और तैयार आम की प्यूरी डालकर सर्व करें।
- आपका मैंगो लेमोनेड तैयार है। नींबू पानी की जगह आप इसे बनाकर मेहमानों को सर्व कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: दही और आम से बनने वाली ये फटाफट आम्रखंड की रेसिपी जरूर ट्राई करें
मैंगो कुल्फी

मैंगो कुल्फी बनाने के लिए सामग्री-
- 2 कप फुल फैट मिल्क
- 1 कप गाढ़ी क्रीम
- 1/2 कप कंडेंस्ड मिल्क
- 1/2 कप आम की प्यूरी
- 1/4 कप चीनी
- 1/4 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
- गार्निश करने के लिए कटे हुए पिस्ता और बादाम
मैंगो कुल्फी बनाने का तरीका-
- एक भारी तले वाले पैन को गर्म करें। इसमें फुल फैट दूध डालकर उसे गर्म करें। दूध में जब एक उबाल आ जाए, तो उसे धीमी आंच पर पकने के लिए छोड़ दें।
- बीच-बीच में चम्मच से दूध को हिलाते रहें। दूध को तब तक पकाना है, जब तक कि दूध आधा न रह जाए।
- कम दूध में गाढ़ी क्रीम और कंडेंस्ड मिल्क मिलाएं और लगातार हिलाते हुए 10-15 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं।
- अब इसमें चीनी और इलायची पाउडर डालकर घुलने तक पकाएं।
- आंच को बंद करें और दूध को थोड़ा-सा ठंडा होने दें। इसके बाद, इसमें आम की प्यूरी मिला दें।
- प्यूरी मिलाने के बाद सारी चीजों को मिक्स करें। तैयार मिश्रण को कुल्फी मोल्ड या पॉप्सिकल मोल्ड में डालें।
- इसे फ्रीजर में सेट होने के लिए कम से कम 6-8 घंटे के लिए छोड़ दें।
- आपकी मैंगो कुल्फी तैयार है। इसे फ्रीजर से निकालकर सांचों को कुछ सेकंड के लिए गर्म पानी में डुबोएं। इससे कुल्फी सांचे से आराम से निकल जाएगी। ऊपर से पिस्ता और बादाम गार्निश करें और सर्व करें।
आम की पूड़ी

आम की पूड़ी बनाने के लिए सामग्री-
- 2 पके आम
- 2 कप गेहूं का आटा
- 1 बड़ा चम्मच चीनी
- चुटकी भर नमक
- आवश्यकतानुसार पानी
- तलने के लिए तेल
इसे भी पढ़ें: कच्चे आम से घर पर ये 3 शानदार रेसिपीज आप भी तैयार करें
आम की पूड़ी बनाने का तरीका-
- एक बड़े कटोरे में गेहूं का आटा, चीनी और नमक मिलाएं। आम के गूदे को ब्लेंडर में डालकर उसकी प्यूरी बना लें। आम की प्यूरी भी आटे में डालकर मिलाएं।
- इसे पहले आम की प्यूरी से ही गूंथने की कोशिश करें। अगर जरूरत पड़े, तो इसमें धीरे-धीरे पानी डालकर स्मूथ आटा गूंथ लें।
- आटे को गीले कपड़े से ढककर 15-20 मिनिट के लिए छोड़ दें। आटे को छोटी-छोटी लोइयों में बांट लें।
- इन लोइयों को पूड़ी के आकार में बेलें। एक कड़ाही को मीडियम आंच पर गर्म करें और उसमें तेल डालें।
- तेल में बेली हुई पूड़ी डालकर उन्हें सुनहरा फ्राई कर लें। आम की पूड़ी को दही या अपनी पसंद की किसी भी करी के साथ गर्मागर्म परोसें।
आपने अगर आम से कभी कुछ नया और स्वादिष्ट बनाया है, तो उसकी रेसिपी हमें जरूर बताएं। अपने फेवरेट मैंगो रेसिपी के बारे में हमें कमेंट करके बताएं। अगर आपको यह लेख पसंद आया, तो इसे लाइक और शेयर करें। ऐसे ही आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।
Image Credit: Freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।