खाने में लगाएं राजस्थानी अचार का तड़का, जानें इंस्टेंट रेसिपीज

अचार नाम सुनते ही मुंह में कैसे पानी आने लगता है। खाना बेस्वाद बना हो लेकिन 1 छोटा चम्मच अचार हो, तो खाने का स्वाद दोगुना बढ़ जाता है। यहां बात सिर्फ आम के अचार की नहीं हो रही है बल्कि भारत में बनाए जाने वाले तरह-तरह के अचार की हो रही है। यहां बसे हर राज्य के अचार की अपनी अलग ही खूबी है। मगर राजस्थान के अचार की बात ही अलग है।
हम तो यही करते हैं जब भी राजस्थान से हमारा कोई रिश्तेदार या जानकार आता है, तो हम अचार मंगवाना कभी नहीं भूलते। यहां के अचार की खास डिमांड होती है। अगर आप भी राजस्थानी अचार का लुत्फ उठाना चाहते हैं, तो घर पर भी बना सकते हैं।
जी हां, आज हम आपके लिए 3 ऐसी रेसिपीज लेकर आए हैं, जिसे एक बार आपने खा लिया तो यकीनन मानना इसका स्वाद कभी नहीं भूल पाएंगे।
राजस्थानी कैर का अचार
सामग्री
- 1 किलो- कैर
- 1 कप- मेथी दाना
- 2 चम्मच- कलौंजी
- 4 चम्मच- लाल मिर्च पाउडर
- 2 चम्मच- हल्दी पाउडर
- 1 चम्मच- हींग
- स्वादानुसार- नमक
- 1 किलो- सरसों का तेल
बनाने का तरीका
- सबसे पहले कच्चे कैर सारंगी को लगभग 8 घंटे के लिए पानी में भिगोकर रख दें। जब यह सॉफ्ट हो जाए तो एक छलनी में डालकर साफ पानी से धो लें।
- अब तमाम कैर तो सूखने के लिए छोड़ दें। कैर को सुखाने के लिए आप कपड़े का इस्तेमाल कर सकती हैं। (हल्दी का पाउडर घर पर बनाने का तरीका)
- जब सारा पानी खत्म हो जाए तो कैर को एक जार में डालें और सारे मसाले जैसे- कलौंजी, लाल मिर्च पाउडर, मेथी दाना, हल्दी पाउडर, हींग, नमक आदि को डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर लें।
- तमाम मसाले मिलाने के बाद जार में तेल डालें और 1 हफ्ते तक लगातार धूप में रखें। जब अचार में अच्छी तरह धूप लग जाए तो आप इसका इस्तेमाल कर सकती हैं।
इसे ज़रूर पढ़ें-Food Hacks: अचार में खट्टापन लाने के लिए इस्तेमाल करें ये चीजें
मिर्च का पानी वाला अचार
सामग्री
- 10- कांजी मिर्च
- 2 चम्मच- राई (पिसी हुई)
- 2 चम्मच- सौंफ (पिसी हुई)
- 1 चम्मच- हींग
- 1 चम्मच- नमक
- 1 गिलास- पानी
- 1 चम्मच- नींबू रस
बनाने का तरीका
- अचार बनाने के लिए सबसे पहले पैन में आप एक गिलास पानी डालकर कांजी मिर्च को उबालने के लिए रख दें। हमें मिर्च को लगभग 5 मिनट तक उबालना है और एक प्लेट में निकालना है।
- इसके बाद मिर्च को बीच से काट लें और एक बाउल में पिसी हुई सौंफ, पिसी हुई राई, हींग, नमक डालकर अच्छी तरह से मिला लें।
- सारी सामग्री को मिलाकर मिर्च को चीर कर स्टफ कर लें। सारी मिर्च भरने के बाद एक जार में रख दें।
- अब जो पानी गर्म किया था उसे मिर्ची के जार में डाल दें और नींबू डालकर अचार को अच्छी तरह से मिक्स कर लें।
- बस आपका इंस्टेंट राजस्थानी अचार तैयार है, जिसे आप फ्रिज में स्टोर कर सकती हैं।
करोंदे का अचार
सामग्री
- 200 ग्राम- करोंदे
- 1/2 कप- सरसों तेल
- 1/2 चम्मच- मिर्च पाउडर
- 1/2 चम्मच- सौंफ पाउडर
- स्वादानुसार- नमक
- 1/2 चम्मच- काली मिर्च पाउडर
- 1/2 चम्मच- हींग
- 1/2 चम्मच- हल्दी पाउडर
- 1/2 चम्मच- अजवाइन पाउडर
इसे ज़रूर पढ़ें-नींबू के छिलके से तैयार करें स्वादिष्ट अचार, जानें आसान रेसिपी
बनाने का तरीका
- सबसे पहले आप करोंदे के डंडल को तोड़कर साफ कर लें और एक दिन धूप में सूखा लें। अब अगले दिन एक जार में हल्का नमक और करोंदे रखकर 2 दिन के लिए छोड़ दें।
- इधर आप एक पैन में तेल गरम करके सरसों को अच्छे से भून लें और मिक्सर में डालकर अच्छे से पीस लें।
- इधर एक अन्य पैन में तेल, हींग, हल्दी पाउडर, पीसी हुई सरसों, नमक आदि अन्य सामग्री को डालकर और अच्छे से भून लें।
- अब जार में से करोंदे को निकालकर इस मसाले में डालें और कुछ देर भूनने के बाद गैस को बंद कर लें।
- ठंडा होने के बाद फिर से जार में रख दें और एक दिन के लिए धूप में रख दें।
तो ये थे हमारे राजस्थानी अचार, एक बार आप जरूर बनाकर देखें और अगर आपको कोई और रेसिपी मालूम है तो हमें नीचे कमेंट करके जरूर बताएं।
अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit- (@Freepik)
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।