Fri Sep 11, 2026 | Updated 07:53 PM IST

काले चने की ये टेस्‍टी रेसिपीज बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को आएंगी पसंद

काला चना पोषण का खजाना है, जिससे कई स्वादिष्ट और सेहतमंद रेसिपीज बनाई जा सकती हैं। इस आर्टिकल में हम आपको मीठी घुघरी, चना डिस्क, कटलेट और घुघनी-चूड़ा जैसी विविध रेसिपीज बता रहे हैं, जो स्वाद और पोषण का बेहतरीन मेल हैं।
Updated:- 2026-06-11, 20:25 IST
 black chickpea kala chana tasty and healthy recipes
Sakhi

काला चना पोषण का खजाना माना जाता है। प्रोटीन, फाइबर, आयरन और कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर यह सुपरफूड न सिर्फ सेहत के लिए फायदेमंद है, बल्कि इससे बनने वाली रेसिपीज स्वाद में भी लाजवाब हैं। अगर आप रोजमर्रा की डाइट में कुछ हेल्दी और टेस्टी शामिल करना चाहती हैं, तो काले चने से बनी ये स्‍पेशल रेसिपीज जरूर ट्राई करें। मीठी घुघरी की पारंपरिक मिठास से लेकर चना डिस्क, कटलेट और घुघनी-चूड़ा तक, हर रेसिपी स्वाद और पोषण का अनोखा कॉम्बिनेशन है।

मीठी घुघरी

सामग्री

  • काले चने- 1 कप
  • गेहूं- 1 कप
  • पानी- 6 कप
  • शुद्ध घी- आवश्यकतानुसार
  • चीनी- स्वादानुसार
  • मिश्री के छोटे टुकड़े- थोड़े से
  • सूखा नारियल- 2 टेबलस्पून
  • काजू, बादाम- बारीक कटा 

चने गेहूं की मीठी घुघरी

विधि

  • गेहूं-चना साफ करके पानी में भिगो दें।
  • इन्‍हें करीब 8 घंटे बाद हाई फ्लेम पर कुकर में उबलने को रखें।
  • एक सीटी आने के बाद आंच धीमी करके 35 मिनट और उबालें।
  • फिर कुकर खोलकर इन्हें एक चलनी में पलट दें, ताकि पानी छन जाए।
  • अब एक पैन में 2 टेबलस्पून घी गर्म करके इन्हें हलका-सा सेंक लें।
  • इनके बाद एक टेबलस्पून घी में सूखे मेवे सेंकें।
  • एक कप चीनी में 3/4 कप पानी डालकर बिना तार की चाशनी बनाएं।
  • इसमें गेहूं-चना मिलाकर जल्दी-जल्दी अलट-पलट करें।
  • आखिर में मिश्री, सूखे नारियल के टुकड़े, काजू-बादाम मिलाएं।
  • इसमें नमक मिलाकर भी खाया जाता है। राजस्थान में इसे गणगौर पर जरूर बनाया जाता है।

चना डिस्क

सामग्री

  • ब्रेड स्लाइस- 4
  • काले चने- 1/2 कप (8 घंटे पानी में भीगे हुए)
  • हरी मिर्च का पेस्‍ट- 2 टीस्पून
  • अदरक पेस्‍ट- 1 टीस्पून
  • बारीक कटी शिमला मिर्च- 2 टेबलस्‍पून
  • लाल मिर्च- 1 टीस्पून
  • धनिया- 1 टीस्पून
  • काली मिर्च- 1/4 टीस्पून
  • गर्म मसाला- 1/4 टीस्पून
  • सफेद नमक- स्वादानुसार
  • काला नमक- स्‍वादानुसार
  • नींबू का रस-स्‍वादानुसार
  • सरसों का तेल- 2 टेबलस्पून
  • गाढ़ा दही- 2 टेबलस्पून
  • हरे धनिए की चटनी- 2 टेबलस्पून
  • कद्दूकस पनीर- 2 टेबलस्पून
  • बारीक सेव- 1 टेबलस्पून
  • मक्‍खन- 2 टेबलस्पून
  • हरा धनिया बारीक कटा- थोड़ा-सा

 

काला चना डिस्क

विधि

  • चनों को हाई फ्लेम पर कुकर में उबलने के लिए रखें।
  • एक सीटी आने के बाद आंच धीमी-मीडियम कर दें और करीब 15 मिनट पकने दें।
  • प्रेशर निकलने पर पानी छानें।
  • दो ब्रेड स्लाइस को किसी कटोरी से गोल काट लें और दो स्लाइस को छोटी कटोरी से काटकर रिंग की तरह बना लें।
  • सरसों का तेल गर्म करके इसमें अदरक-हरी मिर्च पेस्ट डालकर भूनें।
  • गुलाबी होने पर धनिया, लाल-काली मिर्च मिलाएं और दो टेबलस्पून उबले चनों का पानी डालकर भूनें।
  • इस भुने मसाले में चने, शिमला मिर्च, नमक मिलाएं और धीमी आंच करके ढक दें।
  • 5-7 मिनट बाद नींबू का रस व हरा धनिया मिलाकर उतारें।
  • अब दही में चटनी मिलाएं और इसे गोल कटी ब्रेड स्लाइस पर फैलाएं।
  • इस पर ब्रेड रिंग रखें। बीच में मसाला भरकर ऊपर से पनीर रखें और सेव बुरक दें।
  • फिर चारों तरफ मक्खन की ब्रशिंग करें।
  • भारी तले वाले पैन में मक्खन पिघलाकर इस पर डिस्क रखें और आंच धीमी कर ढक दें।
  • सिंकने पर पलट कर दूसरी ओर से भी सेंक लें।

काला चना कटलेट

सामग्री

  • काला चना- 1 कप
  • बारीक कटा प्‍याज- 1/2 कप
  • कटी हरी मिर्च- 1-2
  • शिमला मिर्च- 2 टेबलस्‍पून
  • कद्दूकस अदरक- 1/2 टीस्पून
  • हरा धनिया- 2 टेबलस्पून
  • लाल मिर्च- 1 टीस्पून
  • हल्दी- 1/4 टीस्पून
  • अमचूर- 1/2 टीस्पून
  • सफेद-काला नमक- स्वादानुसार
  • मैदा- 1 टेबलस्पून
  • बेसन- डेढ़ टेबलस्पून
  • कॉर्न फ्लोर- डेढ़ टेबलस्पून
  • ब्रेड क्रम्ब्स- 3 टेबलस्पून
  • तेल- आवश्‍कतानुसार

काला चना कटलेट

विधि

  • चने को 7-8 घंटे भिगोकर उबालें और पानी छानकर दरदरा पीस लें।
  • पैन में एक टीस्पून तेल गर्म करें।
  • इसमें प्याज पारदर्शी होने के बाद कटी शिमला मिर्च, नमक डालें और दरदरे चने मिलाकर चलाएं।
  • इसमें नमक डालकर अलट-पलट करें और गैस बंदकर मसाला ठंडा होने दें।
  • अब इसमें हल्दी, हरी मिर्च, धनिया, लाल मिर्च, अमचूर, दोनों नमक, बेसन व कॉर्न फ्लोर मिलाकर एकसार करें और मनपसंद शेप दें। एक प्लेट में मैदा में पानी मिलाकर घोल बनाएं और दूसरी प्लेट में ब्रेड क्रम्ब्स फैला लें।
  • कटलेट को घोल में डिप करने के बाद ब्रेड क्रम्ब्स लपेटें और तेल में ब्राउन होने तक शैलो फ्राई करें। सॉस-चटनी से खाएं।

यह भी पढ़ें- Easy Recipe: मिनटों में तैयार हो जाएगा प्रोटीन से भरपूर काला चना डोसा, यह रही वायरल रेसिपी

घुघनी-चूड़ा

घुघनी के लिए सामग्री

  • काला चना- 1 कप (8 घंटे पानी में भीगा हुआ)
  • टमाटर- 2
  • हरी मिर्च-2
  • अदरक- 1 छोटा टुकड़ा
  • हरा धनिया बारीक कटा- 2 टेबलस्‍पून
  • लाल मिर्च- 1 टीस्पून लाल मिर्च
  • धनिया पाउडर- 1 टीस्पून
  • हल्‍दी- 1/4 टीस्पून
  • गरम मसाला- 1/4 टीस्पून
  • जीरा- 2 चुटकी
  • हींग- 1 चुटकी
  • तेज पत्ता- 1
  • लौंग- 1
  • दालचीनी- 1 छोटा टुकड़ा
  • सरसों का तेल- 3 टेबलस्पून

PHOTO-2022-06-05-17-55-35

चूड़े के लिए

  • पोहा तलने वाला- 1 कप
  • तेल- आवश्यकतानुसार (तलने के लिए)

टमाटर चटनी के लिए

  • टमाटर-2
  • बारीक कटी हरी मिर्च- 1
  • बारीक कटा हरा धनिया- 1 टेबलस्पून
  • सरसों का तेल- 1 टीस्‍पून

विधि

  • चनों का पानी छान लें। फिर टमाटर, हरी मिर्च, अदरक व 2 टेबलस्पून काले चने पीस लें।
  • गर्म तेल में तेजपत्ता, लौंग, दालचीनी व जीरा चटकाएं।
  • फिर हींग डालने के बाद पिसा चना मसाला मिलाकर तेल छोड़ने तक मिश्रण भूनें।
  • इसमें लाल मिर्च, हल्दी, धनिया व नमक मिला कर भूनें।
  • तेल ऊपर तैरने लगे तो 2 कप पानी व नमक मिला दें और मिश्रण को कुकर में एक सीटी आने तक तेज आंच पर पकाएं, फिर आंच धीमी कर 20 मिनट और पकाएं।
  • ठंडा होने पर कुकर खोलें और गर्म मसाला व हरा धनिया मिला दें।
  • अगर पानी रह गया हो तो इसे आंच तेज करके जला दें। यह लगी-लिपटी-सी रहेगी।
  • फिर तेज आंच पर तेल को तेज गर्म करके चूड़ा तल लें।
  • इसे किचन रोल पर निकालें, जिससे अतिरिक्त तेल सोख ले।
  • चटनी बनाने के लिए टमाटर को फोक में फंसाकर गैस पर सेंकें।
  • छिलका उतारकर मैश करें। इसमें हरी मिर्च, हरा धनिया, नमक व सरसों का तेल मिलाएं। सर्व करते समय एक प्लेट में चने, चूड़ा और चटनी रखें।

यह भी पढ़ें- वजन कम करने में मददगार है यह हेल्दी काला चना चाट

आप भी ये हेल्‍दी और टेस्‍टी रेसिपीज ट्राई कर सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

प्रस्तुति: वंदना अग्रवाल
रेसिपी सौजन्य : सुषमा के.के., जयपुर
Image Credit: Sakhi

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।