सर्दी और जुकाम को मिटाने के लिए घर पर बनाएं ये 3 तरह के लड्डू

सर्दियां आती हैं तो अपने ठंडी हवा के झोंके ही नहीं लाती। अपने साथ कई बीमारियों का भंडार भी लाती है। सर्दी, जुकाम और खांसी तो इस दौरान लगी ही रहती है। ऐसे में सलाह दी जाती है कि आप अपने आहार में ऐसी चीजों को शामिल करें जो आपकी इम्यूनिटी को बूस्ट करे और आप स्वस्थ रहें।
जहां तक सर्दी और जुकाम की बात है तो आज हम उसे दूर करने के लिए आपको लड्डू की ऐसी रेसिपीज बताएंग जो हेल्दी और टेस्टी दोनों ही होंगे।
आज हम आपको 3 तरह के लड्डू की रेसिपीज बताएंगे। जिन्हें सौंठ, चावल और काली मिर्च के साथ ड्राई फ्रूट्स से बनाया जाता है। इनके एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण फ्लू, सर्दी और जुकाम से निपटने में आपकी मदद करते हैं और तासीर में गर्म होने के कारण यह आपके शरीर को राहत भी पहुंचाते हैं।
यही कारण है कि ये इम्यूनिटी बूस्ट करने वाले लड्डू आपके फ्लू को दूर भगाने में आपकी मदद करते हैं। आइए हम इन 3 तरह के लड्डू को बनाने का तरीका जानें-
राइस पेपर बाइट्स

आप इन्हें लड्डू के आकार में बनाएं या फिर छोटी गोलियों के रूप में वो आपकी मर्जी है। यह लड्डू स्वाद में थोड़े से स्पाइसी और थोड़े मीठे होते हैं और गले के दर्द, सर्दी और जुकाम के लिए बहुत अच्छे साबित हो सकते हैं।
सामग्री-
- 1/2 कप ब्राउन राइस (पारबॉयल)
- 3 छोटे चम्मच काली मिर्च
- 1/2 छोटा चम्मच लौंग
- 2 छोटा चम्मच सोंठ
- 50 ग्राम गुड़
बनाने का तरीका-
- एक कटोरे में पारबॉयल चावल लेकर उसे 3-4 बार पानी से धोकर रख लें। इन्हें एक कपड़े में रखकर लगभग 45-60 मिनट के लिए रख दें।
- इसके बाद एक पैन को गर्म करें और ब्राउन राइस को ड्राई रोस्ट करके एक प्लेट में रख लें।
- अब इसी पैन में काली मिर्च, लौंग और सूखे अदरक को धीमी आंच पर लो फ्लेम पर रोस्ट कर लें।
- इन्हें ठंडा कर लें और फिर एक ब्लेडिंग जार चावल और मसाले डालकर महीन पाउडर में पीस लें।
- एक पैन को गर्म करें और उसमें पहले 1 कप पानी डालें। इसके साथ गुड़ के टुकड़े करके उसे भी डालकर पिघला लें। जब गुड़ पानी के साथ मिलकर पिघल जाए तो उसमें चावल और काली मिर्च का मिक्स पाउडर डालकर अच्छी तरह से मिलाएं और 2-3 मिनट धीमी आंच पर पकाएं।
- इस मिश्रण को एक बाउल में निकाल लें। अपने हाथों में घी लगाएं और इस मिश्रण को हाथ में लेकर गोल आकार में बना लें। आप छोटी या मीडियम कैसी भी बॉल्स बना सकती हैं।
- राइस-पेपर बाइट्स तैयार हैं, उन्हें खांसी, सर्दी और जुकाम में खाने से आपको राहत मिलेगी।
इसे भी पढ़ें: घर पर बनाएं यूनिक पान के लड्डू, जानें क्या है रेसिपी
सोंठ और गुड़ के लड्डू

इम्यूनिटी बूस्ट करने के लिए सोंठ और गुड़ से बेहतर कुछ नहीं हो सकता है। यह आपको सर्दियों में गर्म रहने में मदद करता है।
बनाने का तरीका-
- 25 ग्राम सोंठ
- 250 ग्राम गुड़
- 2 बड़े चम्मच कद्दूकस किया नारियल
- 1 चम्मच खसखस
- 50 ग्राम गोंद
- 1 बड़ा चम्मच हल्दी पाउडर
- 50 ग्राम देसी घी
बनाने का तरीका-
- सबसे पहले गोंद के छोटे टुकड़े कर लें और उसे मिक्सर में डालकर पीस लें।
- एक कढ़ाही में घी डालें और उसमें पहले गोंद को डालकर भून लें। जब गोंद फूल जाए तो उसे एक प्लेट में निकाल लें (गोंद के फायदे)।
- इसके बाद कढ़ाही के बचे हुए घी में खसखस डालकर कुछ देर सॉते कर लें। फिर गुड़ और सोंठ डालकर 3-4 मिनट के लिए धीमी आंच पर भूनें।
- गोंद को चूरा-चूरा कर के इस मिश्रण में डालें। आप चाहें तो इसमें भुना हुआ गेहूं का आटा और ड्राई फ्रूट्स भी मिला सकती हैं।
- सारी चीजों को अच्छी तरह भूनने के बाद गैस बंद कर दीजिए। जब मिश्रण थोड़ा ठंडा हो जाए तो ऊपर से कद्दूकस किया नारियल डालें। फिर हाथों में घी लेकर उसे गोल-गोल आकार में बनाकर प्लेट में रख लें।
- आपका सोंठ और गुड़ का लड्डू तैयार है। सर्दी, खांसी होने पर इसका आनंद उठाएं। बस ध्यान रखें कि इसे नियंत्रित मात्रा में ही खाएं।
खजूर के लड्डू

खजूर शरीर को गर्म रखने के साथ ही ऊर्जा भी प्रदान करता है। घर पर तैयार नट्स और खजूर के लड्डू आपके स्वास्थ्य को कई तरह से फायदा पहुंचाते हैं।
सामग्री-
- 1/2 कप गेहूं का आटा
- 200 ग्राम खजूर
- 2 चम्मच कद्दूकस किया नारियल
- 1 बड़ा चम्मच घी
- 2 बड़े चम्मच बादाम
- 1 बड़ा चम्मच किशमिश
- 1 बड़ा चम्मच काजू
- 1 बड़ा चम्मच पिस्ता
- 1 बड़ा चम्मच मखाना, कटा हुआ
बनाने का तरीका-
- सबसे पहले खजूर को साफ कर लें। इसके गूदे को निकालकर अलग रख लें।
- एक कढ़ाही को गर्म करें और उसमें घी डालें। इसके बाद इसमें नारियल और सारे ड्राई फ्रूट्स डालकर 1-2 मिनट भून लें। ड्राई फ्रूट्स (ड्राई फ्रूट्स की रेसिपीज) को भी प्लेट में निकालकर रखें।
- अब इसी कढ़ाही में घी डालें और आटा डालकर भूरा होने तक उसे भी भून लें।
- खजूर के गूदे को ब्लेंडर में डालकर पीस लें। फिर इसे घी वाली कढ़ाही में डालकर पकाएं।
- एक परात में सारी चीजों को डालकर मिला लें। जब मिश्रण थोड़ा ठंडा हो जाए तो उसे हाथों में लेकर लड्डू बनाकर रख लें।
इसे भी पढ़ें: इन तीन चीजों से बनाएं स्वादिष्ट और हेल्दी लड्डू
देखा कितना आसान है घर पर स्वादिष्ट और पौष्टिक लड्डू तैयार करना। आप इन्हें तैयार करके एक डिब्बे में स्टोर में करके रख लें। जब भी आपको सर्दी, जुकाम लगे नियंत्रित मात्रा में इसका सेवन करें।
आपको ये रेसिपी कैसी लगी, हमें कमेंट कर जरूर बताएं। अगर आपको यह लेख पसंद आया तो इसे लाइक और शेयर करना न भूलें। ऐसी ही रेसिपीज जानने के लिए विजिट करें हरजिंदगी के साथ।
Image Credit: Freepik & Shettys cookery
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।