कढ़ाई पर बनाएं बाजार जैसी रुमाली रोटी, सीखें आसान विधि

रोटी भारतीय लोगों के भोजन का प्रमुख हिस्सा है। अपने स्वाद और सेहत को ध्यान में रखकर लोग तरह-तरह की रोटियां घर पर बनाते हैं। मगर रुमाली रोटी घर पर बनाना इतना आसान नहीं होता है। हालांकि, बाजार में यह रोटी आपको 10 से 15 रुपए के बीच में आसानी से मिल जाएगी। मगर घर पर बनी रुमाली रोटी खाने का मजा ही कुछ और होता है।
होटलों और ढाबों में आपने कई बार देखा होगा कि बावर्ची हवा में उछाल-उछाल कर रुमाली रोटी बनाते हैं, यह देख कर आपका मन तो जरूर किया होगा कि अलग विधि से तैयार होने वाली रुमाली रोटी को एक बार घर पर भी बना कर देखा जाए।
हालांकि, मैंने कई बार घर पर रुमाली रोटी बनाने की कोशिश की, मगर कभी कामयाबी नहीं मिल पाई, कभी रोटी गोल नहीं बनी, तो कभी मोटी बनी। कई बार रोटी बेलते वक्त वह बीच से फट भी गई। तब मुझे लगने लगा था कि शायद यह रोटी घर पर बन ही नहीं सकती है। अगर मैं गलत थी। मेरी मम्मी ने मुझे रुमाली रोटी बनाने की एक ऐसी विधि बताई, जो आज मैं आपसे भी शेयर करुंगी और यदि आप इस विधि से रूमाली रोटी बनाएंगी, तो निश्चित ही वह होटल जैसी बनेगी।
इसे जरूर पढ़ें: रागी के आटे से फूली हुई रोटी बनाने की आसान रेसिपी जानें
स्टेप-1
परफेक्ट रुमाली रोटी बनाने के लिए सबसे ज्यादा जरूरी है कि आप उसका डो (Dough) सही तरह से तैयार करें। यहां यह बात जानना बहुत जरूरी है कि रुमाली रोटी का डो अलग तरह से तैयार किया जाता है। इसे गूंथा भी अलग तरह से जाता है और रुमाली रोटी को बेला और सेका भी बहुत अलग तरह से जाता है।
तो चलिए आपको बताते हैं कि रूमाली रोटी का डो कैसे तैयार किया जाता है-
सामग्री
- 2 कप मैदा
- 1/4 कप गेहूं का आटा
- 1 अंडा या केला
- 1 1/2 कप दूध
विधि
- सबसे पहल मैदा और गेहूं के आटे को छान लें।
- फिर एक बड़े बर्तन में दोनों चीजों को डालें और मिक्स करें।
- अब यह आप पर निर्भर करता है कि आप इस मिश्रण में अंडा डालना चाहती हैं या फिर केला।
- अगर आप केला डाल रही हैं, तो उसे अच्छे से मैश करके छान लें। बेहतर होगा कि आप गला हुआ केला लें।
- अब इसमें दूध डालें और दोनों हाथों से मिश्रण को गूंथ लें।
इसे जरूर पढ़ें: क्या आप जानती हैं कि परफेक्ट गोल रोटी कैसे बनाते हैं?
स्टेप-2
- मिश्रण जब अच्छी तरह से गूंथ लें, तो 20 मिनट के लिए उसे कॉटन के पतले कपड़े से ढक कर रख दें।
- 20 मिनट बाद मिश्रण को दोबारा गूंथ लें और इस बार मसल-मसल का इसे गूंथे।
- इसके बाद आप लोई तैयार करें और उन्हें कपड़े से ढक कर 10 मिनट के लिए रख दें।
स्टेप-3
- अब आपको रुमाली रोटी सेकने के लिए कढ़ाई को गैस पर उल्टा रखना है।
- कढ़ाई के पीछे के भाग को नॉन स्टिक बनाने के लिए आपको पहले उस पर थोड़ा सा तेल डालना है।
- अब एक गीले कपड़े से पूरी कढ़ाई को पोछ लें।
- इसके बाद आपको एक स्प्रे बॉटल में नमक का पानी तैयार करना है।
- इस पानी को कढ़ाई पर स्प्रे करें। सूखने के बाद कढ़ाई पर सफेद दाग नजर आएंगे, जो नॉन स्टिक का काम करेंगे।
- अब आपकी कढ़ाई रुमाली रोटी को सेकने के लिए तैयार है।
स्टेप-4
- रुमाली रोटी को बेलने के लिए सबसे पहले सरफेस (जहां आप रुमाली रोटी बेलेंगी) पर मैदा छिड़क लें।
- अब रोटी को बेलना शुरू करें। आपको बता दें कि मैदा बेलने पर सिकुड़ता है। इसलिए कोशिश करें कि जितना हो सकते बेलन से रोटी को बेल कर गोल आकार दे लें।
- फिर इसे एक हाथ से दूसरे हाथ पर डालें। रोटी को पतला करने के लिए मुट्ठी बांध लें और रोटी को एक हाथ से दूसरे हाथ पर डालें और स्ट्रेच करें। इससे रोटी पतली भी बनेंगी और फैलेगी भी।
स्टेप-5
- अब बारी आती है रोटी को सेकने की। इसके लिए कढ़ाई की आंच को मीडियम रखें और उस पर रोटी डालें।
- इस बात का ध्यान रखें कि बहुत देर तक रुमाली रोटी को एक ही तरफ से नहीं सेकना है। ऐसा करने पर वह कड़ी हो जाती है।
- फिर आप उलट-पलट कर रुमाली रोटी को सेक (इस तरह बनाएं रोटी) लें। आप पाएंगी कि आपकी रूमाली रोटी पतली और सॉफ्ट तैयार हुई है।
उम्मीद है कि रुमाली रोटी बनाने का यह तरीका आपको आसान लगा होगा। एक बार आप भी अपने घर पर इस तरीके से रुमाली रोटी को जरूर बना कर देखें। यदि आपको यह आर्टिकल पसंद आया हो, तो इसे शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह और भी आर्टिकल्स पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: Freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।