Weight Loss Recipe: इस तरह बनाएं रोटी, वजन होगा कम

लंच और डिनर के मेन्यु की जब बात होती हैं तो उसमें सबसे पहला नाम जो जहन में आता है वह 'रोटी' होता है। जाहिर है, रोटी के बिना लंच ओर डिनर दोनों ही अधूरे हैं। आमतौर पर घरों में गेहूं की रोटी खाई जाती है। मगर जब किसी को अपना वजन कम करना होता है तो वह सबसे पहले रोटी को आहार में शामिल करना बंद कर देता है।
हालांकि रोटी खाने से वजन नहीं बढ़ता है, मगर रोटी में छोटे-छोटे प्रयोग करने से वजन कम जरूर हो सकता है। तो चलिए आज हम आपको कुछ ऐसी ही रोटी बनाने की रेसिपीज बताएंगे, जो वजन घटाने में आपकी मदद करेंगी।

सत्तू की रोटी
शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ सत्तू वजन घटाने में भी बहुत मददगार साबित होता है। अगर आप रोज अपने खाने में सत्तू भरी रोटी शामिल करें तो आपका वजन तेजी से घटने लग जाएगा। सत्तू में फाइबर, आयरन, प्रोटीन, मैग्नीशियम और सोडियम सहित कई अन्य पोषक तत्व होते हैं, जो शरीर के लिए बहुत ही फायदेमंद होते हैं। चलिए हम आपको सत्तू की रोटी बनाने की आसान विधि बताते हैं।
इसे जरूर पढ़ें: ऐसे बनेगी परफेक्ट रोटी, गुंथा हुआ आटा स्टोर करने से लेकर सेंकने तक काम आएंगे ये 5 किचन हैक्स
सामग्री
- 2 कटोरी आटा
- 1 कटोरी सत्तू का आटा
- 1 बड़ा प्याज बारीक कटा हुआ
- 1 बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन बारीक कटा हुआ
- 1 बड़ा चम्मच धनिया पत्ती बारीक कटी हुई
- 1 छोटा चम्मच सरसों का तेल
- 2 हरी मिर्च बारीक कटी हुई
- नमक स्वादानुसार
विधि
- सबसे पहले एक कटोरी में सत्तू का आटा लें और उसमें प्याज, अदरक, लहसुन, धनिया पत्ती, तेल, हरी मिर्च और नमक मिला कर मिश्रण तैयार कर लें।
- फिर रोटी का आटा तैयार कर लें।
- इसके बाद रोटी की लोई में सत्तू का मिश्रण भरें और उसे रोटी की तरह बेलें।
- इस बात का ध्यान रखें कि आटे की लोई थोड़ी बड़ी लें ताकि बेलने में वह फटे नहीं।
- इसके बाद इसे तवे पर सेकें। यह रोटी की तरह ही फूलना शुरू हो जाएगी।
- अब आप गरम-गरम सत्तू की रोटियों में देसी घी लगा कर सब्जी के साथ खा सकती हैं।
इसे जरूर पढ़ें: Jharkhand Special: घर पर इस तरह आसानी से बनाएं चिल्का रोटी
ओट्स की रोटी
वजन घटाने के लिए ओट्स को भी बहुत लाभदायक माना गया है। इसमें बिटा-ग्लूकेन नाम का फाइबर मौजूद होता है, जो भुख को शांत करता है और काफी देर तक आपको भरा हुआ महसूस कराता है। इतना ही नहीं ओट्स में फैट को कम करने की भी क्षमता होती है। आप घर पर ही ओट्स की रोटी भी बना सकती हैं। चलिए हम आपको इसकी आसान विधि बताते हैं।
सामग्री
- 2 कप ओट्स
- 1/2 कप गेहूं का आटा
- 1 कप गरम पानी
विधि
- सबसे पहले ओट्स को मिक्सर ग्राइंडर में पीस लें।
- इसके बाद एक बाउल में गेहूं का आटा और ओट्स को मिक्स करें।
- खाली ओट्स की रोटी भी आप बना सकती हैं, मगर वह ज्यादा फूलेगी नहीं।
- अब आप पानी को गरम कर लें। इसे बाद इस पानी से ओट्स का आटा गूथें।
- इसके बाद जैसे आप साधारण आटे की रोटी बनाती हैं, वैसे ही ओट्स की रोटी बना लें।
- इस रोटी को आप किसी भी सब्जी के साथ गरम-गरम देसी घी लगा कर परोस सकती हैं।
सोया की रोटी
सोया में विटामिन, प्रोटीन, आयरन, पोटेशियम और कैल्शियम की भरपूर मात्रा होती है। यह लो कैलोरी होने के कारण वजन कम करने में आपकी मदद करता है। बाजार में आपको आसानी से सोया का आटा मिल जाएगा। आप घर पर ही इसकी रोटियां तैयार कर सकती हैं। चलिए हम आपको इसकी विधि बताते हैं।
सामग्री
- 1 कप गेहूं का आटा
- 3 बड़े चम्मच सोया का आटा
- 1 बड़ा चम्मच ऑलिव ऑयल
- नमक स्वादानुसार
विधि
- सबसे पहले सोया और गेहूं का आटा एक बाउल में लें और इसे गूंथ लें। 15 मिनट के लिए इसे सेट होने के लिए ढांक कर रख दें।
- अब इसमें तेल डालें और इसे दोबारा गूथें। इससे यह स्मूद हो जाएगा।
- अब इसकी लोई बना कर रोटियां बेलें।
- इन रोटियों को भी साधारण गेहूं के आटे की रोटी की तरह तवे पर सेकें।
- इसके बाद आप इसे सब्जी के साथ गरम-गरम परोस सकती हैं।
उम्मीद है कि आपको वेट लॉस रोटी की ये रेसिपीज पसंद आई होंगी। इसी तरह की और भी वेट लॉस रेसिपीज जानने के लिए पढ़ती रहें हरजिंदगी।
Image Credit:freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।