ज्यादा पानी की वजह से चिपचिपा हो गया है चावल तो आजमाएं ये टिप्स

अगर चावल में पानी ज्यादा हो जाए तो उन्हें कैसे ठीक किया जाए इससे जुड़े किचन हैक्स जरूर जान लीजिए। 
Updated:- 2021-06-21, 13:26 IST
best ways to deal with sticky rice

चावल भारतीय घरों में बहुत ज्यादा बनाया जाता है और कई बार चावल या तो ज्यादा पक जाते हैं या फिर उनमें पानी बहुत ज्यादा हो जाता है। अगर आप कुकर में चावल पका रही हैं तब तो ये समस्या होती ही है। कुकर में पानी का अंदाज़ा लगाना थोड़ा मुश्किल हो जाता है और ऐसे में अगर चावल में पानी ज्यादा हो जाए तो वो खाने में सही नहीं लगता है। पर क्या इसका कोई इलाज नहीं है?

ज्यादा पका हुआ चिपचिपा चावल अगर आपको खाने में अच्छा नहीं लगता और ज्यादा पानी वाले चावल को आप थोड़ा खिला-खिला बनाना चाहते हैं तो क्यों न उसके लिए कुछ ट्रिक्स आजमाए जाएं?

सबसे पहले मैं आपको बता दूं कि अगर चावल पूरी तरह से गल गया है और वो बिलकुल हलवे जैसा बन गया है तो उसे खिला-खिला नहीं बनाया जा सकता। उस केस में आप ज्यादा पके हुए चावल से बनने वाली रेसिपीज ट्राई करें। पर अगर चावल में थोड़ा सा पानी ज्यादा हुआ है तो उसके लिए ये ट्रिक्स आजमाई जा सकती हैं।

इसे जरूर पढ़ें- प्रोटीन से भरपूर ये 3 तरह की चटनी खाएंगी तो नहीं पड़ेगी सब्जी की जरूरत, जानें रेसिपी

sticky rice tricks

1. ब्रेड का करें इस्तेमाल-

अगर चावल में एक्स्ट्रा पानी हो गया है तो उसके लिए ब्रेड सबसे अच्छी साबित हो सकती है। ब्रेड से चावल का पानी बहुत आसानी से कम किया जा सकता है। आपको बस करना ये है कि कुकर का ढक्कन खोलकर उसमें एक ब्रेड का स्लाइस डाल देना है और उसे 5 मिनट ऐसे ही कुक करना है। ऐसा करने से ब्रेड चावल का सारा पानी सोख लेती है। आप चाहें तो दो ब्रेड के स्लाइस डाल सकते हैं। ये ट्रिक उन लोगों के लिए बहुत अच्छी साबित हो सकती है जिन्हें तुरंत चावल खाना है।

आपको बस 5 मिनट ही इसे पकाना है क्योंकि अगर ज्यादा पकाएंगे तो चावल ज्यादा पक जाएगा और ये खिला-खिला नहीं बनेगा। हो सकता है कि आपका काम 2-3 मिनट में ही हो जाए।

sticky rice making

2. एक्स्ट्रा पानी को छानकर चावल को थोड़ी देर पंखे के नीचे रख दें-

अगर चावल में बहुत ज्यादा पानी हो गया है कि ऊपर से दिख रहा है तो उसे छानकर चावल को थोड़ी देर के लिए पंखे में सुखा लें। अगर चावल में लंप्स बन गए हैं तो थोड़ा सा सूखने के बाद आप इसे फोर्क (कांटे) की मदद से तोड़ सकते हैं। आप इसे सुखाने के बाद बस 1 मिनट स्टीम ले लीजिए आपके चावल गर्म भी हो जाएंगे और साथ ही साथ उनसे पानी भी निकल जाएगा।

sticky rice and tips

इसे जरूर पढ़ें- बिना तेल के ऐसे बनाएं नींबू की खट्टी मीठी चटनी

3. चावल को बेक करने से खत्म होगा एक्स्ट्रा पानी-

अगर आप ये सब नहीं करना चाहते हैं तो माइक्रोवेव का इस्तेमाल करें जो बहुत ही आसानी से आपके एक्स्ट्रा पानी की समस्या को कम कर देगा। अगर आपके पास माइक्रोवेव है तो ऊपर का कुछ भी करने की जरूरत नहीं है। आपको बस 5 मिनट के लिए चावल ओवन में रखना है। अगर ज्यादा पानी है तो यहां भी ब्रेड वाली ट्रिक अपनाएं।

अगर आपके पास बेकिंग ट्रे है तो चावल को उसमें चावल को अच्छी तरह से फैला कर उसे 5 मिनट के लिए बेक करें। ये करने से चावल बहुत आसानी से खिले-खिले बन जाएंगे। आप इसमें फ्लेवर लाना चाहते हैं तो कुछ लौंग भी डाल दें। ये ज्यादा नहीं बस 4-5 लौंग डालें और बस आपका चावल न सिर्फ खिले-खिले बनेंगे बल्कि बहुत ही स्वादिष्ट भी बनेंगे।

ये तीनों ट्रिक्स आपके रोज़ाना के किचन के काम में बहुत मदद कर सकते हैं। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।