सर्दियों की ठंड को दूर कर देगी ‘आलू सोया मेथी’ की सब्जी, आसान है रेसिपी

मौसम बदल रहा है और मौसम के साथ लोगों का खानापान भी बदल रहा है। बाजार में भी मौसमी सब्जियां आने लगी हैं। वैसे इस मौसम में सबसे ज्यादा लोगों को सोया मेथी का इंतजार रहता है। यह सब्जी खाने में जितनी स्वादिष्ट होती हैं सेहत के लिए उतनी ही फायदेमंद भी होती हैं। मेथी की पत्तियाँ औषधीय तत्वों से भरपूर होती है, लेकिन क्योंकि मेथी कड़वी होती है इसीलिए इसे सोया की पत्तियों के साथ मिलाकर बनाने में इसका स्वादा और भी बढ़ जाता है। वैसे तो इसका साग भी बनता है मगर आलू के साथ मेथी और सोया को मिक्स करके बनाया जाए तो बात ही कुछ और होती है। हालाँकि इन सब्जियों को साफ करने में थोड़ा सा समय लगता है. मगर, जब यह बन कर तैयार होती है तो लोग इसे खाते रह जाते हैं। जाड़े के मौसम में तो मेथी और सोया बहुत आसानी से मिल जाती है. तो आप भी घर पर ही आलू के साथ मिक्स करके बनाएं और स्वाद के साथ सेहत का भी लाभ उठाएं। आज हम आपको आलू सोया मेथी की स्वादिष्ट सब्जी बनाना सिखाएंगे।
सामग्री
- मेथी 1 गडॅडी
- सोया पत्ती 1 गडॅडी
- आलू 1 मध्यम
- हरी मिर्च 2
- जीरा 1 छोटा चम्मच
- हींग 2 चुटकी
- नमक 1 छोटा चम्मच
- पिसी लाल मिर्च ¼ छोटा चम्मच
- पिसा धनिया 1½ छोटा चम्मच
- अमचूर पाउडर ½ छोटा चम्मच
- तेल 2 बड़ा चम्मच
विधि
- मेथी के मोटे डंठल हटा दें।अब मेथी को बहुत अच्छे से धो लें। थोड़ी देर मेथी को छलनी पर रखें जिससे इसका पानी निकल जाए। इसके बाद मेथी को बारीक काट लें।
- सोया के मोटे डंठल हटा दें। अब सोया को बहुत अच्छे से धो लें। थोड़ी देर सोया को छलनी पर रखें जिससे इसका पानी निकल जाए।
- अब सोया को बारीक काट लें।
- आलू को छीलकर धो लें। अब आलू को एक इंच के टुकड़ों में काट लें ।
- हरी मिर्च का डंठल हटा कर और उसे अच्छे से धो कर महीन-महीन काट लें।
- अब एक कड़ाही में मध्यम आँच पर तेल गरम करें। अब इसमें जीरा डालें और कुछ सेकेंड के लिए भूनें और फिर हींग डालें।आँच को धीमा करके हरी मिर्च डालें। कुछ सेकेंड्स के लिए भूनें।
- अब कटे आलू डालें और आलू को 2 मिनट के लिए भूनें।
- अब कटी मेथी और सोया डालें। सभी सामग्री को अच्छे अच्छे से मिलाएँ। इसे 2 मिनट के लिए मध्यम आँच पर भूनें।
- अब नमक डालें और फिर से सब्जी को अच्छे से मिलाएँ। आलू के गलने तक ढक कर पकाएँ. इसमें तकरीबन 8-10 मिनट का समय लगता है।
- अब सब्जी में लाल मिर्च पाउडर, पिसा धनिया, और अमचूर पाउडर डालें। सब्जी को 2 मिनट के लिए भूनें. आँच बंद कर दें।
- स्वादिष्ट और पौष्टिक सोया मेथी आलू की सब्जी अब तैयार है।
- इस सब्जी को आप रोटी, पूरी, पराठा या फिर दाल चावल किसी के साथ भी सर्व कर सकते हैं।
कुछ सुझाव
- अगर आपको ताजी हरी मेथी नही मिलती है तो कसूरी मेथी का प्रयोग करिए जो कि आमतौर पर इंडियन स्टोर में आसानी से मिल जाती है।
- आलू को तुरंत ही काटे। अगर पहले से काटकर रखने हो, तो पानी में डालकर ही रखें, वरना ये काले पड़ जाते हैं।
- सब्जी को बीच-बीच में जरूर चलाते रहें ताकि सब्जी तले पर लगकर जले ना।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।