दूध में कैसे जमाएं मोटी मलाई, जानें दूध से जुड़े 3 अलग ट्रिक्स

किचन का काम कहने को तो बहुत थोड़ा सा होता है, लेकिन जो इसे करता है उसे ही समझ आता है कि आखिर उसका काम कितना महत्वपूर्ण है। गर्मियों का मौसम चल रहा है और इस मौसम में दूध, दही, छाछ, मक्खन आदि के खराब होने की गुंजाइश ज्यादा रहती है। ऐसा हो भी क्यों न इस दौरान तापमान बढ़ने से डेयरी से जुड़ी चीज़ें सबसे जल्दी खराब होती हैं। ऐसे में सबसे बेहतर उपाय ये है कि आप दूध से जुड़ी कुछ बेसिक टिप्स जान लें।
आज हम आपको दूध से जुड़े तीन ऐसे हैक्स बताने जा रहे हैं जो आपके बहुत काम आ सकते हैं। बस 5 मिनट का समय लगाकर किए जाने वाले ये हैक्स आपको पसंद जरूर आएंगे।
1. अगर दूध पतीले में जम जाता है तो करें ये काम-
आपने अक्सर देखा होगा कि दूध उबालने के बाद आपके पतीले में नीचे दूध की एक लेयर जम जाती है। ये लेयर निकालनी बहुत मुश्किल होती है और अगर उसी पतीले में आपने चाय या कुछ और बना लिया तब तो भूल ही जाइए कि आसानी से आपकी ये जमी हुई लेयर बर्तन से छूट जाएगी।
आपके दूध के बर्तन में ये लेयर न जमे इसके लिए पहले आप दूध के बर्तन में थोड़ा सा पानी डालें (बहुत कम बस तले में पानी लग जाए ऐसा) उसके बाद इसमें दूध डालें और फिर उबालें। आपके दूध के बर्तन में कभी नीचे दूध नहीं जमेगा। ये ट्रिक आप आज ही आजमा कर देखिए दूध का बर्तन धोने की मेहनत खत्म हो जाएगी।
इसे जरूर पढ़ें- खाने में हमेशा परफेक्ट रहेगा मसाला, बस आजमाएं ये 5 ट्रिक्स
2. दूध में निकलेगी बहुत गाढ़ी मलाई-
दूध को उबालने के बाद आप गैस को धीमा करें और उसके बाद इसे दो मिनट तक पकाएं। अब आप इसके ऊपर कोई छन्नी रख दें या फिर अगर प्लेट इस्तेमाल कर रहे हैं तो थोड़ी सी जगह छोड़ दें ताकि हवा जाती रहे।
आप चाहें कोई भी दूध लें आपको इसी तरह से मलाई निकालनी है। जब दूध थोड़ा ज्यादा पक जाता है तो उसमें बहुत ज्यादा मलाई निकलती है। पका हुआ दूध थोड़ा गाढ़ा हो जाता है और इसलिए ये रिएक्शन ज्यादा होता है। अगर आप सिर्फ दूध उबाल कर उसे रख देंगे तो उसमें कम मलाई निकलेगी। आपको उसे थोड़ी देर पकाना होगा। इसी के साथ, जब दूध रूम टेम्प्रेचर पर चला जाए तो इसे फ्रिज में रख दें। रात भर बाद जब आप देखेंगे तो इसमें इतनी दूध की मलाई निकलेगी कि आप खुद हैरान हो जाएंगे।
3. ऐसे नहीं फटेगा दूध-
अगर गर्मियों के दिनों में आपने कुछ घंटे दूध को ऐसे ही बाहर छोड़ दिया है या भूल गए हैं तो हो सकता है कि वो फट जाए। ऐसे में अगर आप अपने दूध को फटने से बचाना चाहते हैं तो अभी भी ये कर सकते हैं।
इसे जरूर पढ़ें- अगर रोज़-रोज़ सब्जी बनाने में आता है आलस तो ये 5 टिप्स झटपट कर देंगे काम
आपको करना बस ये है कि अपने दूध में चुटकी भर बेकिंग सोडा डालना है। इसके बाद आप दूध को उबाल लीजिए। ऐसा करने के बाद आपका दूध नहीं फटेगा। लेकिन इसे एक दिन के अंदर ही इस्तेमाल कर लीजिए। अगर इसे उबाल कर आप फ्रिज में दो दिन के लिए रख देंगे तो दूध खराब होने की गुंजाइश ज्यादा है।
ये तीनों हैक्स आपके लिए बहुत मददगार साबित हो सकते हैं और साथ ही साथ इन हैक्स का फायदा गर्मियों में आप जरूर उठाएं। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।