नाश्ता बनाने का नहीं बचा टाइम, तो 5 मिनट में तैयार करें ये रेसिपीज

हममें से अधिकतर लोग सुबह देरी के चक्कर में नाश्ता तैयार नहीं कर पाते हैं। सुबह-सुबह इतनी भागदौड़ में रहते हैं कि नाश्ता बन नहीं पाता और फिर खाली पेट आधा दिन निकल जाता है। बस इसी की कारण कई लोग दिनभर ठीक से काम भी नहीं कर पाते हैं। ऐसा माना जाता है कि ब्रेकफास्ट हमारे शरीर के लिए फ्यूल की तरह काम करता है, जो पूरे दिन हमें काम करने के लिए ऊर्जावान बनाए रखता है। अब जब हम नाश्ता ही नहीं करेंगे तो काम करने की एनर्जी कैसे रहेगी?
अब अगर आपकी चिंता यह है कि जल्दी में सुबह क्या बनाया जाए यही समझ नहीं आता तो आपको बता दें कि ऐसी कई सारी रेसिपी हैं जिन्हें बनाने में आपको ज्यादा टाइम नहीं लगता है। आप 5-10 मिनट के अंदर उन्हें बना सकते हैं। आज हम आपको ऐसी रेसिपी बताएंगे, जिन्हें आप बस 5 मिनट में तैयार कर सकते हैं।
बेसन का चीला
यह सबसे आसान ब्रेकफास्ट रेसिपी है और इसे वाकई आप 5 मिनट के अंदर बना सकते हैं। इसमें आप अपनी पसंद के इंग्रीडिएंट्स डाल सकते हैं। इसके अतिरिक्त इसे सूजी, ओट्स, बचे हुए चावल आदि से भी बनाया जा सकता है।
सामग्री-
- 1 कप बेसन
- 1 छोटा प्याज बारीक कटा हुआ
- 1 छोटा टमाटर बारीक कटा हुआ
- 2 हरी मिर्च बारीक कटी हुई
- हरा धनिया
- नमक स्वादानुसार
- 1 इंच अदरक बारीक कटा हुआ
- पानी
क्या करें-
- इन सभी सामग्रियों को एक मिक्सिंग बाउल में डालकर अच्छे से मिक्स करें और फिर पानी डालकर एक सही कंसिस्टेंसी में लेकर आएं।
- अब एक नॉन स्टिक तवे को गर्म करें और उसे ऑयल से थोड़ा ग्रीज करें।
- बेसन का घोल तवे पर डालकर आकार को अपने हिसाब से छोटा और बड़ा बना सकते हैं।
- इसे दोनों तरफ से अच्छे से सेकें और फिर चाय के साथ इसका आनंद लें।
इसे भी पढ़ें : मात्र 15 मिनट में बनकर तैयार होंगी नाश्ते की ये 3 रेसिपीज
सत्तू का शरबत
गर्मियों के दिनों में इससे अच्छा कुछ नहीं हो सकता है। यह शरीर को ठंडा करने के साथ-साथ पेट को फुल भी रखता है। आप इसे अपने टेस्ट के मुताबिक नमकीन या मीठा दोनों तरह से बना सकते हैं।
सामग्री-
- 1 कप चना सत्तू
- पुदीना
- 1 बारीक कटी हरी मिर्च
- 1/2 छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
- 1/2 छोटा चम्मच काला नमक
- 1 चम्मच नींबू का रस
- चाट मसाला
- पानी आवश्यकतानुसार
बनाने का तरीका-
- सबसे पहले एक बाउल में चना सत्तू (सत्तू की रेसिपीज) और पानी को मिला लें। ध्यान रखें कि किसी के लम्प्स उसमें न बनें।
- अब इसमें नमक, पुदीना की पत्तियां,नींबू, जीरा पाउडर, हरी मिर्च डालकर अच्छे से मिक्स करें।
- सत्तू का शरबत तैयार है। ऊपर से चाट मसाला डालकर इसका मजा लें।
इसे भी पढ़ें : हफ्ते के 7 दिनों में बनाएं ये 7 तरह का नाश्ता
अंडे की भुर्जी
ब्रेकफास्ट में प्रोटीन की अच्छी मात्रा लेनी चाहिए और अंडे से अच्छा प्रोटीन का स्रोत क्या होगा? अगर आपको कुछ न मिले तो आप अंडे बॉयल करके या अंडा भुर्जी बनाकर खा सकते हैं।
सामग्री-
- 2 अंडे
- 1 छोटा टमाटर बारीक कटा
- 1 छोटा प्याज बारीक कटा
- हरी धनिया
- 2 बारीक कटी हरी मिर्च
- 1 इंच अदरक बारीक कटा
- नमक स्वादानुसार
- 2 चम्मच तेल
बनाने का तरीका-
- एक बाउल में अंडे और सारी सामग्री डालकर मिक्स कर लें।
- इसके बाद एक पैन में तेल गर्म करें और फेंटे हुए अंडे को डालकर कुछ 2 मिन चलाएं।
- आपके अंडे की भुर्जी तैयार है, इसे रोटी या ब्रेड के साथ खाया जा सकता है।
देखा कितना आसान है सुबह 5 मिनट में ब्रेकफास्ट तैयार करना? आपको अगर कुछ न मिले तो ये चीजें तो बनाई ही जा सकती हैं। हमें उम्मीद है यह लेख आपको पसंद आएगा। इसे लाइक और शेयर करें और ऐसे अन्य आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।
Image Credit : Freepik & Shutterstock
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।