बिना हाथों को खराब किए 3 तरह से छीलें अरबी

रसोई में ऐसे ढेरों काम होते हैं, जिन्हें करना या तो अच्छा नहीं लगता या फिर उन्हें करना कठिन होता है। ऐसा ही एक काम है सब्जियों को काटने और छीलने का। वैसे तो कई सब्जियां बेहद आसानी से छिल भी जाती हैं और कट भी जाती हैं। मगर कुछ सब्जियां ऐसी होती हैं, जिन्हें काटने और छीलने में कठिनाई भी होती है और हाथ भी खराब हो जाते हैं।
अरबी की सब्जी को काटते और छीलते वक्त इन दोनों ही परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बहुत सारी महिलाओं की शिकायत होती है कि अरबी छीलते वक्त उनके हाथों में सूजन और खुजली होने लग जाती है। साथ ही अरबी को छीलना भी थोड़ा कठिन होता है क्योंकि इसका छिलका बहुत ही पतला होता है और पिलर से छीलने में अरबी का खाने लायक हिस्सा भी छिल जाता है।
ऐसे में अरबी को छीलने के लिए हाथों का इस्तेमाल करना ही पड़ता है। मगर आज हम आपको कुछ ऐसे टिप्स बताएंगे जिससे आप अरबी को जल्दी छील भी सकती हैं और इससे आपके हाथ भी खराब नहीं होंगे।

बर्तन धोने वाले स्क्रब का करें इस्तेामल -
आपको जानकर हैरानी होगी कि आप बर्तन धोने वाले स्क्रब से सब्जी भी छील सकती हैं। खासतौर पर अरबी को इससे छीलना बेहद आसान है। इसके लिए आप इन स्टेप्स को फॉलो करें-
- सबसे पहले एक टॉवल लें। आप चाहें तो किचन ग्लव्ज का इस्तेमाल भी कर सकती हैं।
- अब एक नया बर्तन धोने वाला स्क्रब लें। जो मात्र 10 रुपए में ही आपको आसानी से मिल जाएगा।
- अब इस स्क्रब से अरबी को रगड़ें। ऐसा करने पर अरबी का छिलका उतरने लगेगा और आपके हाथ भी खराब नहीं होंगे।
इसे जरूर पढ़ें: अरबी के पत्ते की सब्जी कैसे बनाएं, जानें रेसिपी
नारियल के छिलके का करें प्रयोग-
नारियल को छीलने के बाद अमूमन लोग उसके छिलके को फेक देते हैं। मगर यह छिलका अगर आप स्टोर करके रख लें तो किचन के कई काम में आप इसकी मदद ले सकती हैं। इससे अरबी छीलना भी आसान होता है। चलिए इसके आसान स्टेप्स के बारे में जानें-
- सबसे पहले नारियल के छिलके को मोड़ लें और गेंदनुमा आकार दें।
- अब एक हाथ में अरबी को पकड़ें और नारियल के छिलके से बनी गेंद को उस पर रगड़ें।
- आपको विश्वास नहीं होगा मगर मिनटों में आपकी ढेर सारी अरबी इस तरीके को अपना कर छिल जाएगी।
इसे जरूर पढ़ें: इस आसान रेसिपी से मिनटों में बनाएं अरबी की टिक्की और स्नैक्स का लें भरपूर मज़ा
हाथों में तेल लगा कर छीलें अरबी
अरबी को छीलने का तीसरा आसान तरीका है कि आप अपने हाथों में कोई भी तेल लगा लें। अब आप अरबी पर नमक छिड़क दें। केक बेक करने के लिए जिस नमक का इस्तेमाल होता है आप वो भी इसके लिए इस्तेमाल कर सकती हैं। इस विधि से भी आप बहुत ही कम समय में अरबी को छील सकती हैं। तेल लगाने से हाथों में खुजली और सूजन भी नहीं आएगी।
अन्य टिप्स
- अगर अरबी बड़ें साइज की है तो आप उसे उबाल कर छील सकती हैं। इस तरीको अपनाने में आपके हाथ भी खराब नहीं होंगे।
- अगर अरबी का छिलका मोटा है तो आप उसे आलू छीलने वाले पिलर का इस्तेमाल कर भी छील सकती हैं।
किचन से जुड़ी यह जानकारी आपको अच्छी लगी हो तो इसे शेयर और लाइक जरूर करें और साथ ही इसी तरह और किचन हैक्स जानने के लिए पढ़ती रहें हरजिंदगी।
Image Credit: Freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।