लहसुन की ये 3 टेस्टी और झटपट बनने वाली रेसिपी जरूर करें ट्राई

बिना लहसुन के हमारे खाने का स्वाद बदल जाता है। सब्जी, परांठा, चाइनीज फूड ज्यादातर रेसिपीज में हम लहसुन का स्वाद पसंद करते हैं। लहसुन की कई ऐसी रेसिपीज हैं, जो स्नैक्स और लंच में सर्व की जा सकती हैं। च्वाइस के अनुसार आप लहसुन की इन रेसिपीज को ट्राई कर सकते हैं। हालांकि गर्मियों में लहसुन की इन रेसिपीज को आप ट्राई करना चाहती हैं तो मात्रा का ध्यान रखें क्योंकि यह शरीर को गर्म रखता है।
आज हम आपको बताने जा रहे हैं लहसुन की 3 झटपट बनने वाली रेसिपी के बारे में जो आपके खाने का स्वाद दोगुना कर देंगी। यही नहीं बारिश के मौसम में लहसुन से क्रंची और क्रिस्पी स्नैक्स बनाये जा सकते हैं। आइए जानते हैं कि लहसुन की 3 रेसिपीज क्या हैं और इसे किस तरह से बनाया जा सकता है।
साबुत लहसुन की ग्रेवी वाली सब्जी

सामग्री
- साबुत लहसुन- 4
- अदरक और लहसुन का पेस्ट- 1 चम्मच
- प्याज- 1
- हरी मिर्च- 2
- टमाटर प्यूरी- 2 कप
- हींग- 2 चुटकी
- हरी मिर्च- 1 चम्मच
- जीरा- 1 चम्मच
- हल्दी- 1/2 चम्मच
- धनिया पाउडर- 1 चम्मच
- सब्जी मसाला- 1 चम्मच
- तेल- 2 से 3 चम्मच
- नमक- स्वादानुसार
विधि
- साबुत लहसुन की ग्रेवी वाली सब्जी बनाने के लिए सबसे पहले लहसुन को अच्छी तरह साफ कर लें। लहसुन को छीलें नहीं बल्कि ऊपर वाली लेयर को निकालकर साफ कर लें।
- अब एक बर्तन में पानी लें और उसमें एक-एक कर सभी साबुत लहसुन को साफ कर रख दें। इसके बाद सभी लहसुन को प्रेशर कुकर या फिर अन्य बर्तन में उबाल लें। इसे जरूरत से ज्यादा ना उबालें।
- अब गैस पर कढ़ाई रखें और उसमें 2 या 3 चम्मच तेल डाल दें। तेल जैसे ही गर्म हो जाए उसमें हींग, जीरा, हरी मिर्च काटकर मिक्स कर दें। 1 मिनट बाद इसमें अदरक और लहसुन का पेस्ट मिक्स करें। 2 मिनट तक इसे चलाते हुए भूनें और फिर प्याज बारीक काटकर डाल दें।
- प्याज को 2 से 3 मिनट तक भूनें और फिर इसमें टमाटर प्यूरी मिक्स कर दें। 1 या दो बार चलाने के बाद इसमें सभी मसालों को मिक्स कर दें और कुछ देर तक अच्छी तरह भूनें, ताकि मसाले मिक्स हो जाएं। जब यह तैयार हो जाए तो इसमें उबले हुए लहसुन को मिक्स करें।
- अब कढ़ाई को एक प्लेट से ढक दें और कुछ देर पकने दें। 5 से 7 मिनट के अंदर लहसुन की सब्जी पक कर तैयार हो जाएगी, अब इसे आप रोटी, परांठा या फिर दाल-चावल के साथ सर्व कर सकती हैं।
इसे भी पढ़ें: बारिश के मौसम में मास्टरशेफ कविराज खियालानी की ये सूप रेसिपीज़ करें ट्राई
क्रिस्पी और क्रंची लहसुन

सामग्री
- लहसुन की कलियां- 1 या 2 कप
- लाल मिर्च पाउडर- 1/4 चम्मच
- चाट मसाला- 1/2 चम्मच
- नमक- स्वादानुसार
- तेल- 1 कप
विधि
- क्रिस्पी और क्रंची लहसुन के लिए आपको सभी कलियां छीलकर एक बाउल में रख लेनी हैं। ध्यान रखें कि आप उतना ही लहसुन छीलें जितना आप बनाना चाहती हैं, आप चाहें तो इसे 2 या 3 तीन दिन तक स्टोर भी कर सकती हैं।
- इसे बनाने के लिए कढ़ाई में तेल डाल दें और उसे गर्म होने दें। जैसे ही तेल गर्म हो जाए तो उसमें सभी छिली हुई लहसुन की कलियों को डालकर तल दें। जैसे ही यह फ्राई हो जाएं तो इसे एक प्लेट में निकालकर रख लें। अब इसमें जरूरत के अनुसार लाल मिर्च पाउडर, स्वादानुसार नमक और चाट मसाला मिक्स कर दें।
- क्रंची और क्रिस्पी लहसुन बनकर तैयार हो जाएगी, अब आप इसे स्नैक्स के रूप में सर्व कर सकती हैं।
इसे भी पढ़ें: ब्रेड लवर्स को जरूर जाननी चाहिए यह डिफरेंट सैंडविच रेसिपीज
लहसुन का ठेचा

सामग्री
- साबुत लाल मिर्च- 10
- लहसुन की कलियां- 12 से 15
- मूंगफली- 1 कप
- सरसों- 1 चम्मच
- अदरक- 2 टुकड़ा
- हींग- 2 से 3 चुटकी
- नमक- स्वादानुसार
- तेल- 2 चम्मच
विधि
- लहसुन का ठेचा बनाने के लिए सबसे पहले साबुत लाल मिर्च को एक कटोरी पानी में डालकर एक घंटे के लिए छोड़ दें। इसके बाद सभी लहसुन (लहसुन स्टोर करने का तरीका) की कलियों को छीलकर एक बाउल में रख लें।
- इसके बाद मिक्सर में लाल मिर्च, अदरक, मूंगफली और लहसुन को डालकर पेस्ट तैयार कर लें। अब एक कढ़ाई में तेल गर्म करें और सरसों डाल दें। जब यह चटकने लगे तो इसमें लहसुन का पेस्ट डाल दें और इसे अच्छी तरह भूनें।
- जब कढ़ाई तेल छोड़ने लगे तो गैस बंद कर दें और इसे एक बर्तन में निकालकर रख लें। इस तरह लहसुन का ठेचा बनकर तैयार हो जाएगा।
आप अपने रेगुलर डाइट में लहसुन की इन रेसिपीज को जरूर शामिल करें। अगर यह आर्टिकल पसंद आया हो तो इसे लाइक और शेयर करें। ऐसे अन्य आर्टिकल के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी के साथ।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।