चटपटा होने के साथ-साथ वेट लॉस में भी मददगार है स्प्राउट्स, 3 तरीके से बनाएं ये हेल्दी नाश्ता

हेल्दी ब्रेकफास्ट चाहती हैं तो स्प्राउट्स से बेहतर कुछ नहीं। इससे न सिर्फ आपका पेट भर जाता है बल्कि वेट लॉस में भी काफी मददगार है।
Updated:- 2021-03-17, 19:05 IST
sprouts recipe at home

सर्दियों में चटपटी चीजों की तरफ लोग आसानी से खिंचे चले जाते हैं। यही वजह है कि हमारा ध्यान हेल्दी के बजाय जंक या फिर ऑयली फूड की तरफ जाता है। इससे वजन बढ़ने का खतरा अधिक रहता है, हालांकि अगर आप हेल्दी चीजों को स्वादिष्ट बना लें तो स्वाद के साथ-साथ वजन को भी बढ़ने से रोक सकती हैं। हेल्दी ब्रेकफास्ट के तौर पर स्प्राउट्स बेस्ट ऑप्शन माना जाता है।

वहीं मूंग दाल, बीन्स या फिर काले चने का स्प्राउंट काफी हेल्दी होता है। साथ ही इसमें फाइबर, मिनरल्स, विटामिन जैसे कई गुण होते हैं जो मोटापे के साथ-साथ शरीर को भरपूर एनर्जी भी देते हैं। इसके अलावा विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट जैसे गुण आपको कई बीमारियों से भी दूर रखने में मदद करते हैं।

चटपटी स्प्राउट चाट

sprout recipe

स्प्राउट को आप सिंपल तरीके से बना सकती हैं, यह बहुत ही हेल्दी माना जाता है। मूंग दाल और काले चने में ऐसे कई विटामिन और मिनरल्स होते हैं जो न सिर्फ कोलेस्ट्रॉल को बढ़ने से रोकते हैं बल्कि पाचन तंत्र को भी बेहतर बनाते हैं।

सामाग्री

  • उबला हुआ काले चने- एक कटोरी
  • अंकुरित मूंग- एक कटोरी
  • प्याज
  • टमाटर
  • मूंगफली
  • हरा धनिया
  • हरी मिर्च
  • नींबू का रस
  • चाट मसाला
  • स्वादानुसार काला नमक

बनाने की विधि

  1. चटपटी स्प्राउट चाट बनाने के लिए उबले हुए चने, अंकुरित मूंग और मूंगफली को उचित मात्रा में अच्छी तरह मिक्स कर दें।
  2. अब इसमें टमाटर, प्याज, हरी मिर्च, और हरा धनिया बारीक काटकर डाल दीजिए।
  3. इसके बाद नींबू का रस, चाट मसाला और स्वादानुसार काला नमक मिक्स कर दें।
  4. स्प्राउट चाट बनकर तैयार है, इसे आप ब्रेकफास्ट या फिर स्नैक्स के रूप में सर्व कर सकती हैं।

इसे भी पढ़ें: सर्दियों में शरीर को गरम रखने के लिए घर पर बनाएं ये 3 तरह की रोटियां

सोया बीन्स और राजमा से बना स्प्राउट

soya bean sprouts

राजमा में भरपूर मात्रा में आयरन होता है, जो शरीर को एनर्जी प्रदान करता है। इसके अलावा इसमें विटामिन के, फाइबर, और प्रोटीन की भी मात्रा अधिक होती है। वहीं सोया बीन्स में आयरन, कॉपर, पोटेशियम, जिंक, मैंगनीज, फॉसफोरस, और सेलेनियम भी प्रचुर मात्रा में होता है।

सामाग्री

  • उबले हुए सोया बीन्स- एक कप
  • राजमा- एक कप
  • पनीर- एक कप
  • हरा धनिया
  • अंकुरित मूंग दाल- एक कप
  • हरी मिर्च
  • प्याज
  • टमाटर
  • काला नमक
  • चाट मसाला
  • जीरा पाउडर
  • नींबू का रस

बनाने की विधि

  1. इसे बनाने के लिए सोया बीन्स, राजमा, और मूंग दाल को अच्छी तरह मिक्स कर लीजिए।
  2. अब इसमें हरी मिर्च, टमाटर, प्याज, पनीर को बारीक काटकर डाल दीजिए।
  3. इसके बाद इसमें नींबू का रस, चाट मसाला, जीरा पाउडर, और स्वादानुसार काला नमक मिक्स कर दें।
  4. इस तरह सोया बीन्स और राजमा का स्प्राउट बनकर तैयार हो जाएगा।

इसे भी पढ़ें: बचे हुए चावल से बनाएं ये 3 आसान टेस्टी डिशेज़

मिक्स स्प्राउट कॉर्न चाट

mix corn sprout

मिक्स स्प्राउट कॉर्न चाट न सिर्फ हेल्दी है बल्कि काफी स्वादिष्ट भी है। यह प्रोटीन, विटामिन के, आहार फाइबर, विटामिन सी, और फोलेट से भरा हुआ है। जिसे ब्रेकफास्ट या फिर स्नैक्स किसी भी टाइम एन्जॉय कर सकती हैं।

सामाग्री

  • अंकुरित मूंग दाल- एक कटोरी
  • अंकुरित काले चने- एक कटोरी
  • उबले हुए कॉर्न
  • टमाटर
  • प्याज
  • हरा धनिया
  • जीरा पाउडर
  • काला नमक
  • अनार के दाने
  • काली मिर्च पाउडर

बनाने की विधि

  1. इसे बनाने के लिए अंकुरित स्प्राउट को आप चाहें तो कॉर्न के साथ उबाल सकती हैं। एक बार जब यह उबल जाए तो इसे ठंडा होने के लिए छोड़ दें।
  2. उबल जाने के बाद इसे एक बर्तन में रख दें और प्याज, टमाटर, हरा धनिया, और हरी मिर्च को बारीक काटकर मिक्स कर दीजिए।
  3. अब इसमें अनार के दाने, जीरा पाउडर, और काली मिर्च पाउडर आधी छोटी चम्मच मिक्स कर दें।
  4. सबसे आखिर में स्वादानुसार काला नमक डालकर मिक्स करें। इस तरह मिक्स स्प्राउट कॉर्न चाट बनकर तैयार हो जाएगी।

यह आर्टिकल आपको अच्‍छा लगा हो तो इसे शेयर और लाइक जरूर करें। साथ ही इसी तरह के और आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।