मौसम के कारण हो रही है सुस्ती तो ये 3 कोल्ड कॉफी रेसिपी करेंगी आपको रीचार्ज

गर्मियां खत्म होने और मानसून अपने पूरे शबाब में आने से पहले एक मौसम आता है जिसे हम ह्यूमिड मौसम कहते हैं और अभी वही चल रहा है। आधे भारत में ह्यूमिडिटी ने लोगों को परेशान कर रखा है और ये कारण है कि हमारे लिए बहुत ज्यादा समस्याएं हो रही हैं। ऐसे मौसम में अलसाई दोपहर में काम करना बहुत मुश्किल हो जाता है और यकीनन ऐसा लगता है कि हम बस सोते रहें, लेकिन काम करना भी जरूरी है। ऐसे में कॉफी मददगार साबित हो सकती है।
पर समस्या ये है कि ऐसे मौसम में कौन हॉट कॉफी पिए जिसे न तो बनाने का मन करेगा और न ही पीने का। ऐसे समय में बेहतर होगा कि हम अपने लिए कोल्ड कॉफी बना लें। पर सिर्फ कॉफी, दूध, चीनी को ब्लेंड कर लेने से वो कैफे वाला स्वाद नहीं आता है। ऐसे में क्यों न कुछ अलग ट्राई किया जाए। तो चलिए हम आपको बताते हैं कोल्ड कॉफी की तीन रेसिपीज जो आपको बहुत अच्छा फ्लेवर और ताज़गी जरूर देंगी।
1. आइस कैपचिनो कॉफी-
झटपट बनने वाली कॉफी चाहिए तो आप ये कॉफी जल्दी बना सकते हैं और ये आपको बिलकुल कैफे वाला स्वाद देगी।
सामग्री-
- 1.5 कप स्ट्रॉन्ग कॉफी (3 चम्मच कॉफी को दो कप पानी में उबाल कर बनाएं)
- 1/2 कप कंडेंस मिल्क
- 1/2 कप फुल क्रीम दूध
- 1/2 छोटा चम्मच वनीला एक्सट्रैक्ट (ऑप्शनल)
विधि-
- इसमें ब्लेंडर की जरूरत नहीं पड़ेगी अगर आप थोड़ी देर हाथ से ही ब्लेंड करने की कोशिश करें तो भी ये हो जाएगा।
- आप चाहें तो समय बचाने के लिए सभी इंग्रीडियंट्स (कॉफी को थोड़ा ठंडा हो जाने दीजिएगा) को ब्लेंड करें और बर्फ से भरे ग्लास में डालकर सर्व करें।
- इसमें बिलकुल बरिस्ता वाला स्वाद आएगा। आप फुल क्रीम दूध की जगह हाफ एंड हाफ क्रीम या फिर स्किम्ड मिल्क भी ले सकते हैं।
इसे जरूर पढ़ें- फटे हुए दूध से बनाएं लंच या डिनर के लिए सब्जी और नान, जानें कैसे
2. आइस्ड कैरामल माकियातो (Macchiato)
अगर आपको थोड़ा फैन्सी कॉफी बनानी है और कैरामल का स्वाद बहुत अच्छा लगता है तो ये कॉफी घर पर जरूर बनाएं।
सामग्री-
- 1 चम्मच वनीला फ्लेवर्ड सिरप
- 1/3 कप आइस क्यूब
- 3/4 कप दूध
- 1 चम्मच कैरामल सॉस
- 1/2 कप कोल्ड ब्रू कॉन्सन्ट्रेट
विधि-
- कोल्ड ब्रू (Brew) कॉन्सन्ट्रेट आपको आसानी से बाजार में मिल जाएगा अगर आपके पास ये नहीं है तो आप इसे घर पर भी बना सकते हैं और फ्रिज में स्टोर कर सकते हैं।
- 10 चम्मच कॉफी को 1 लीटर पानी में मिलाएं और अच्छे से घोलें। अब इसे फ्रिज में रख दें करीब 24 घंटे के लिए।
- जब ये निकले तो पानी को निकाल लें और नीचे जो गाढ़ा लिक्विड बचेगा वो आपका कोल्ड ब्रू कॉन्सन्ट्रेट होगा।
- अब आपको करना ये है कि एक ग्लास में वनीला सिरप डालें और आइस क्यूब्स डालकर दूध डालें।
- ऊपर से कोल्ड ब्रू कॉन्सन्ट्रेट और कैरामल सॉस डालें।
- जब पीना हो तो तुरंत इसे चलाएं।
इसे जरूर पढ़ें- घर पर बनाया जा सकता है बाज़ार जैसा बटर, बस 1 ट्रिक आएगी काम
3. चॉकलेट मोका
अगर आप चॉकलेट को बहुत पसंद करते हैं तो आप चॉकलेट मोका का स्वाद चख सकते हैं।
सामग्री-
- 1.5 कप कोल्ड कॉफी (कॉफी पाउडर, ठंडे दूध और चीनी को ब्लेंडर में ब्लेंड कर लें)
- 1 चम्मच कोको पाउडर
- आइस क्यूब्स जरूरत के अनुसार
- 1/2 कप बादाम का दूध (आप स्किम्ड मिल्क या डबल टोन दूध भी ले सकते हैं)
- 2 चम्मच शुगर फ्री चॉकलेट सिरप
विधि-
- सबसे पहले आधे कप कॉफी को माइक्रोवेव में 30 सेकंड तक गर्म करें और उसमें कोको मिक्स मिलाएं ताकि वो अच्छे से घुल जाए।
- अब एक बड़े ग्लास में आइस क्यूब्स डालें और बची हुई 1 कप कॉफी और दूध डालकर आइस क्यूब्स के साथ अच्छे से मिक्स करें।
- इसके ऊपर कोको मिक्स और चॉकलेट सिरप डालें। आप ऊपर से कोको पाउडर या चॉकलेट सिरप डालकर इसे सजा सकती हैं।
- ये तीनों कॉफी आपके लिए बहुत ही अच्छी साबित हो सकती है और अगर आपको लगे कि इन्हें बनाना थोड़ा मुश्किल है तो एक बार ट्राई कर लें। यकीनन अगर आपके पास सही सामान है तो ये बहुत जल्दी बन जाएंगी। नहीं तो ब्लेंडर में आइस, कॉफी पाउडर, दूध और चीनी डालकर ब्लेंड करने का ऑप्शन तो हमेशा खुला रहेगा।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।