घर पर बनाया जा सकता है बाज़ार जैसा बटर, बस 1 ट्रिक आएगी काम

अधिकतर लोगों की ये समस्या होती है कि जब भी वो घर पर मक्खन बनाते हैं वो बाज़ार के मक्खन जैसा न तो दिखता है और न ही उसका स्वाद वैसा होता है। कई बार तो हमें ये भी नहीं समझ आता है कि आखिर हमने गलती कहां की। बाज़ार का मक्खन जमा हुआ और सही कलर वाला होता है, लेकिन घर पर बनाया हुआ मक्खन अक्सर सफेद दिखता है और उसका स्वाद भी अलग होता है।
पर अगर आप कुछ खास ट्रिक्स का इस्तेमाल करें तो हो सकता है कि आप भी घर पर ही वैसा मक्खन बना लें जैसा बाज़ार में दिया जाता है। आप घर की मलाई का इस्तेमाल कर सकती हैं जिससे बहुत ही अच्छा बटर बन सकता है। आज हम आपको ऐसी ही ट्रिक्स के बारे में बताने जा रहे हैं जो आपको घर पर बिलकुल बाज़ार जैसा मक्खन बनाने के लिए मदद कर सकती हैं।
सामग्री-
- 1 किलो मलाई
- 1/2 छोटा चम्मच हल्दी या पीला फूड कलर
- थोड़ा सा नमक
- ठंडा पानी
- 3-4 ड्रॉप्स सफेद सिरका (ऑप्शनल)
इसे जरूर पढ़ें-इस ट्रिक से बनाएं आलू के चिप्स, बिलकुल बाज़ार के चिप्स वाला आएगा स्वाद
मलाई को फेंटना बहुत जरूरी है-
आपको घर की मलाई को अच्छे से फेंटना है। इसे आप 3-4 मिनट के लिए लगातार चलाते रहें। अगर आप मलाई को लगातार चलाते रहेंगे तो ये बहुत ही अच्छा टेक्सचर देगी। आप विस्कर या फिर चम्मच की मदद से इसे चलाएं। विस्कर से बेहतर होगा कि आप स्टील के चम्मच का इस्तेमाल करें और एक ही दिशा में इसे फेंटते रहें। दो-तीन मिनट बाद आप देखेंगे कि इसका टेक्सचर बदलने लगा है।
हमेशा ठंडे पानी का ही इस्तेमाल करें-
बाज़ार जैसा मक्खन बनाते समय ध्यान रखें कि अगर बहुत ज्यादा सर्दी हो तो रूम टेम्प्रेचर वाले पानी का इस्तेमाल करें नहीं तो फ्रिज का ठंडा पानी ही ज्यादा बेहतर होगा। जितना ठंडा पानी लेंगे उतनी ही अच्छी तरह से मलाई से मक्खन निकलेगा।
अगर मक्खन को लंबे समय तक स्टोर करना चाहते हैं तो?
अगर मक्खन को लंबे समय तक स्टोर करना है तो इसे फेंटते समय 2-4 बूंद सफेद सिरके की डाल दें। अगर आपको इसके बाद मक्खन से घी बनाना है या फिर उसे बहुत स्टोर करके नहीं रखना तो ये न करें।
अब कैसे बनाएं बाज़ार जैसा मक्खन-
- सबसे पहले आपको मलाई को फेंटना है। इसे 3-4 मिनट तक लगातार फेंटते रहें इससे मलाई का टेक्सचर बदलने लगेगा।
- अब इसमें नमक और हल्दी मिला दें और इसे थोड़ा सा मिक्स करें।
- अब इसमें 1-2 ग्लास फ्रिज का ठंडा पानी मिला दें और इसे अच्छे से फेंट दें। पानी डालने के बाद इसे लगभग 1 मिनट तक फेंटना है।
- इतनी ही देर में आप देखेंगे कि मलाई से मक्खन बनकर तैयार होने लगा है।
- अब लिक्विड अलग हो चुका है और मक्खन का बॉल अलग से तैयार हो गया है। आपको इस लिक्विड को छान लेना है और अब मक्खन को जमाने की कोशिश करेंगे।
- आप मक्खन को 1-2 पानी से धो लें (मलाई वाला दूध जो निकला है उससे पनीर बनाया जा सकता है।)
- अब आपको मक्खन को किसी चौकोर ट्रे में आप बटरपेपर बिछाकर रख दें। आप मक्खन को ऊपर से किसी स्पैचुला या कटोरी की मदद से चिकना कर सकते हैं। इससे मक्खन का टेक्सचर बाज़ार जैसा आएगा।
- अब आप इस मक्खन को 15-20 मिनट के लिए फ्रिज में जमने के लिए रख दें।
- अब आपका मक्खन तैयार है। इसे आप अपनी पसंद के शेप में काट सकते हैं।
इसे जरूर पढ़ें- 1 साल तक खराब नहीं होगा छिला हुआ लहसुन, बस इन 5 तरीकों से करें स्टोर
अगर आपको लग रहा है कि हल्दी डालने या फूड कलर डालने से स्वाद खराब हो जाएगा तो ऐसा नहीं है। हमने इस कलर या हल्दी को बहुत ज्यादा नहीं डाला है इसलिए ये खराब नहीं होगा।
आपने जो मक्खन बनाया है वो आराम से फ्रिज में 7-8 दिन चल जाएगा, लेकिन बिना सिरके या किसी प्रिजर्वेटिव के वो इससे ज्यादा नहीं चलेगा। अगर आपको मक्खन ज्यादा चलाना है तो थोड़ा सा सिरका इस्तेमाल कर सकते हैं।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।